BPSC ने अचानक टाली परियोजना प्रबंधक भर्ती परीक्षा, अभ्यर्थियों में बढ़ी बेचैनी; TRE 4 को लेकर भी पटना में बवाल

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

बीपीएससी ने उद्योग विभाग की परियोजना प्रबंधक भर्ती परीक्षा स्थगित कर दी है। वहीं TRE-4 विज्ञापन में देरी को लेकर पटना में अभ्यर्थियों का प्रदर्शन उग्र हो गया।

BPSC ने अचानक टाली परियोजना प्रबंधक भर्ती परीक्षा, अभ्यर्थियों में बढ़ी बेचैनी; TRE 4 को लेकर भी पटना में बवाल

पटना में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हजारों अभ्यर्थियों के लिए शुक्रवार का दिन भारी उथल-पुथल वाला रहा। एक तरफ बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने उद्योग विभाग के तहत होने वाली परियोजना प्रबंधक भर्ती परीक्षा को अचानक स्थगित कर दिया, तो दूसरी तरफ TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन में देरी से नाराज छात्र सड़कों पर उतर आए। आयोग की ओर से जारी सूचना में कहा गया कि विज्ञापन संख्या 109/2025 के तहत 30 मई 2026 को प्रस्तावित प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा अपरिहार्य और प्रशासनिक कारणों से फिलहाल टाल दी गई है। नई परीक्षा तिथि बाद में घोषित की जाएगी।

30 मई को होनी थी परीक्षा

परियोजना प्रबंधक भर्ती परीक्षा को लेकर अभ्यर्थी लंबे समय से तैयारी में जुटे थे। परीक्षा की तारीख नजदीक आने के बीच अचानक स्थगन की सूचना आने से उम्मीदवारों में बेचैनी बढ़ गई है। आयोग ने कारणों का विस्तृत खुलासा नहीं किया, लेकिन प्रशासनिक वजहों का हवाला देते हुए परीक्षा आगे बढ़ाने की बात कही है। अब उम्मीदवारों की नजर नई तारीख पर टिक गई है।

TRE-4 को लेकर पटना की सड़कों पर उतरे अभ्यर्थी

इसी बीच बिहार में TRE-4 शिक्षक भर्ती विज्ञापन जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने पटना में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। हजारों छात्र पटना कॉलेज परिसर में जुटे और वहां से जेपी गोलंबर तक मार्च निकाला। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार और बीपीएससी के खिलाफ जोरदार नारेबाजी हुई। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश की और बाद में लाठीचार्ज कर भीड़ को हटाया गया।

छात्रों ने लगाया वादा तोड़ने का आरोप

अभ्यर्थियों का आरोप है कि बीपीएससी परीक्षा नियंत्रक ने 16 अप्रैल को एक पॉडकास्ट में तीन से चार दिनों के भीतर TRE-4 का विज्ञापन जारी करने की बात कही थी। लेकिन मई का दूसरा सप्ताह शुरू होने के बावजूद अब तक कोई अधिसूचना जारी नहीं हुई। करीब 46,595 पदों वाली इस बहाली का इंतजार कर रहे छात्रों में लगातार नाराजगी बढ़ रही है।

पुलिस और प्रशासन रहा अलर्ट

प्रदर्शन को देखते हुए पटना पुलिस पूरी तरह सतर्क नजर आई। जेपी गोलंबर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। पटना एसएसपी कार्तिकेय शर्मा खुद मौके पर मौजूद रहे। स्थिति नियंत्रण में रखने के लिए वाटर कैनन की भी व्यवस्था की गई थी।

शिक्षा मंत्री ने दिया भरोसा

विवाद बढ़ने के बीच बिहार के नए शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा कि TRE-4 भर्ती किसी भी हालत में नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि इसको लेकर लगातार बैठकें चल रही हैं और जल्द फैसला लिया जाएगा। हालांकि अभ्यर्थी अब आधिकारिक विज्ञापन जारी होने का इंतजार कर रहे हैं।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन और Maharashtra SSC Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।