
BPSC AEDO Exam dates : बिहार सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी भर्ती परीक्षा की तिथि घोषित, आवेदन का एक और मौका
BPSC AEDO Exam dates : बिहार लोक सेवा आयोग ने कहा है कि विज्ञापन संख्या-87/2025 के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या अत्यधिक रहने के कारण परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जायेगी।
BPSC AEDO Exam dates : बिहार लोक सेवा आयोग ने कहा है कि विज्ञापन संख्या-87/2025 के अंतर्गत सहायक शिक्षा विकास पदाधिकारी प्रतियोगिता परीक्षा में अभ्यर्थियों की संख्या ज्यादा रहने के कारण परीक्षा तीन चरणों में आयोजित की जायेगी। सभी चरणों की उत्तर-पत्रिकाएं इक्विपर्सेंटाइल इक्वेटिंग ( Equipercentile Equating ) की तकनीक इक्वेलाइजेशन ऑफ स्कोर (Equalisation of Scores) की प्रक्रिया अपनाते हुए रिजल्ट का प्रकाशन किया जायेगा। परीक्षा तीन चरणों में 10 जनवरी व 11 जनवरी 2026, 12 जनवरी व 13 जनवरी 2026 और 15 जनवरी 16 जनवरी को आयोजित की जाएगी।
फिर खुलेगी आवेदन विंडो
आयोग ने एक बार फिर आवेदन की विंडो खोलने का फैसला किया है। जो अभ्यर्थी अभी तक ऑनलाइन आवेदन नहीं कर पाये हैं, वे दिनांक 05 दिसंबर से 12 दिसंबर 2025 तक फिर से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। शैक्षणिक योग्यता एवं अन्य वांछित प्रमाण पत्र पूर्व में प्रकाशित विज्ञापन के अनुसार आवेदन करने की अंतिम तिथि 26 सितंबर 2025 तक मान्य होगी। विज्ञापन की शेष शर्ते पहले जैसी रहेंगी।
9.7 लाख आवेदन, कहां कितने पद
भर्ती में 374 पद अनारक्षित, 93 पद आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग, 150 पद अनुसूचित जाति, 10 पद अनुसूचित जनजाति, 168 पद अत्यंत पिछड़ा वर्ग, 112 पद पिछड़ा वर्ग और 28 पद पिछड़े वर्गो की महिलाओं के लिए आरक्षित हैं। इस बार इस भर्ती रिकॉर्ड कुल 9.7 लाख आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीपीएससी के लिए एक नया कीर्तिमान है। यह पहली बार है जब किसी एक भर्ती में इतना बड़ा रिसपॉन्स मिला है।
शैक्षणिक योग्यता-
आवेदन करने के लिए उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री या समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
आयु सीमा-
आवेदक की न्यूनतम आयु 21 वर्ष निर्धारित की गई है। उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 अगस्त 2025 को आधार बनाकर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
अधिकतम आयु सीमा-
अनारक्षित पुरुष- 37 वर्ष
पिछड़ा वर्ग/अत्यंत पिछड़ा वर्ग (पुरुष एवं महिला) एवं अनारक्षित (महिला)- 40 वर्ष
अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति (पुरुष एवं महिला)- 42 वर्ष
वेतन- 29,200/- प्रति माह
स्तर- स्तर 5
चयन प्रक्रिया
सिर्फ एक चरण में लिखित परीक्षा होगी। इंटरव्यू नहीं होगा। लिखित परीक्षा में प्रश्न ऑब्जेक्टिव टाइप रहेंगे। नेगेटिव मार्किंग होगी। प्रत्येक गलत उत्तर के लिए एक तिहाई अंक कटेगा। लिखित परीक्षा में तीन विषय होंगे । तीनों पेपरों का पैटर्न इस प्रकार है-
- सामान्य भाषा भाग–1 सामान्य अंग्रेजी (30 अंक) भाग–2 सामान्य हिन्दी (70 अंक) 100 प्रश्न 2 घंटा
- सामान्य अध्ययन के 100 अंक के 100 प्रश्न - 2 घंटा
- सामान्य योग्यता (General Aptitude) 100 अंक के 100 प्रश्न -2 घंटा
मिनिम मार्क्स
लिखित परीक्षा में शामिल सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 40%, पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 36.5%, अत्यन्त पिछड़ा वर्ग के उम्मीदवारों को 34% एवं अनुसूचित जाति/जनजाति, महिलाओं तथा निःशक्त (दिव्यांग) उम्मीदवारों को 32% न्यूनतम अर्हतांक प्राप्त करना अनिवार्य होगा।
सामान्य भाषा (सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी) के पत्र मात्र Qualifying होंगे, जिसमें से प्रत्येक में न्यूनतम 30 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य होगा अर्थात् सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी में अलग-अलग न्यूनतम अंक प्राप्त होने पर ही अन्य पत्रों का मूल्यांकन किया जायेगा। सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी के पत्र में न्यूनतम प्राप्तांक नहीं प्राप्त होने पर अभ्यर्थी पर विचार नहीं किया जायेगा।
पाठ्यक्रम:—
सामान्य भाषा– सामान्य अंग्रेजी एवं सामान्य हिन्दी में इस तरह के होंगे की अभ्यर्थी की भाषा संबंधी प्रयोग की समझदारी की जाँच की जा सके।
सामान्य अध्ययन– सामान्य विज्ञान, राष्ट्रीय तथा अंतर्राष्ट्रीय महत्व की समसामयिक घटनाएँ, भारत का इतिहास तथा बिहार के इतिहास की प्रमुख विशेषताएँ, सामान्य भूगोल, बिहार के प्रमुख भौगोलिक प्रभाव तथा यहाँ की महत्वपूर्ण नदियाँ, भारत की राज्य व्यवस्था और आर्थिक व्यवस्था, आजादी के पश्चात् बिहार की अर्थ–व्यवस्था के प्रमुख परिवर्तन, भारत का राष्ट्रीय आन्दोलन तथा इसमें बिहार का योगदान से वाचन वाले प्रश्न होंगे।
सामान्य योग्यता (General Aptitude)– संख्या पद्धति से संबंधित प्रश्न, पूर्ण संख्याओं का अभिकल्पन, दशमलव और भिन्न, संख्याओं के बीच परस्पर संबंध, मूलभूत अंक गणितीय संक्रियाएँ, प्रतिशत, अनुपात तथा समानुपात, औसत, ब्याज एवं लाभ और हानि, सादृश्य, समानता एवं भिन्नता, स्थान कल्पना, स्थान अभिन्यास, समस्या समाधान, विश्लेषण, दृश्य स्मृति, विभेद, अवलोकन, संबंध अवधारणा, अंक गणितीय तर्क शक्ति, शाब्दिक एवं चित्रात्मक वर्गीकरण, अंक गणितीय संख्या श्रृंखला, गैर–शाब्दिक श्रृंखला, कूट लेखन एवं कूट व्याख्या।
(iii) लिखित परीक्षा के उपरांत दस्तावेज सत्यापन आयोजित की जायेगी, जिसमें अभ्यर्थियों को अपने ऑनलाइन आवेदन में किये गये दावा के अनुसार सभी संबंधित प्रमाण पत्रों की मूल प्रति के साथ उपस्थित होना अनिवार्य होगा, अन्यथा मेधा सूची में सम्मिलित नहीं किये जायेगे।
(iv) मेधा सूची– लिखित परीक्षा में प्राप्त अंकों के आधार पर आयोग चयन हेतु मेधा सूची तैयार करेगा। लिखित परीक्षा में प्राप्तांक समान होने की स्थिति में सामान्य अध्ययन विषय में प्राप्तांक के अनुसार मेधा–क्रम निर्धारित होगा। लिखित परीक्षा एवं सामान्य अध्ययन विषय में भी प्राप्तांक समान होने की स्थिति में उम्र में समानता होने पर देवनागरी लिपि में वर्णमाला के अनुसार नाम वाले उम्मीदवार को वरीयता दी जायेगी।





