BPSC 72nd Exam Date: बिहार 72वीं बीपीएससी पीटी परीक्षा 26 जुलाई को ही होगी, आयोग का नोटिस
BPSC 72nd Exam Date: बिहार लोक सेवा आयोग ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा की तारीख घोषित कर दी है, जिसके तहत 26 जुलाई 2026 को दोपहर 12 से 2 बजे तक परीक्षा आयोजित होगी।

BPSC 72nd Exam Date: बिहार में सरकारी नौकरी का सपना देखने वाले युवाओं के लिए आखिरकार वह बड़ी घड़ी आ गई है जिसका उन्हें बेसब्री से इंतजार था। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) ने 72वीं संयुक्त प्रारंभिक प्रतियोगिता परीक्षा (पीटी) की तारीखों का आधिकारिक ऐलान कर दिया है। आयोग की ओर से जारी ताजा नोटिस ने यह साफ कर दिया है कि प्रशासनिक सेवा में जाने का रास्ता अब उम्मीदवारों के बिल्कुल नजदीक है। गौरतलब है कि पहले बीपीएससी द्वारा जारी कैलेंडर में इस परीक्षा को लेकर संभावित तारीख जारी की गई थी, अब आयोग की तरफ से 26 जुलाई पर मुहर लगा दी गई है।
दोपहर 12 बजे से शुरू होगी परीक्षा
आयोग द्वारा जारी किए गए ऑफिशियल नोटिफिकेशन के मुताबिक, बीपीएससी 72वीं प्रारंभिक परीक्षा आगामी 26 जुलाई 2026 को आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा रविवार के दिन होगी, जिससे उम्मीदवारों को आने-जाने और सेंटर तक पहुंचने में थोड़ी सहूलियत मिल सकती है। परीक्षा का समय दोपहर 12:00 बजे से लेकर 2:00 बजे तक तय किया गया है। यानी अभ्यर्थियों को अपनी किस्मत आजमाने और सवालों के जवाब देने के लिए पूरे दो घंटे का वक्त मिलेगा। इस सीमित समय में उम्मीदवारों को अपनी रफ्तार और सटीकता का बेहतरीन प्रदर्शन करना होगा।
परीक्षा केंद्र और एडमिट कार्ड पर आयोग का अपडेट
आयोग ने अपने नोटिस में साफ तौर पर कहा है कि यह परीक्षा बिहार राज्य के अलग-अलग जिलों में बनाए गए खास केंद्रों पर ली जाएगी। हालांकि, किस उम्मीदवार का परीक्षा केंद्र कहां होगा और एडमिट कार्ड कब से डाउनलोड किए जा सकेंगे, इसकी जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है। इसके लिए बीपीएससी बहुत जल्द अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर एक नया और विस्तृत अपडेट जारी करेगा। अभ्यर्थियों को सलाह दी जा रही है कि वे सोशल मीडिया पर चल रही किसी भी तरह की अफवाह से बचें और केवल आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर दी गई जानकारियों पर ही भरोसा करें।
कुल 1230 पद
आपको बता दें कि इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प और कड़ा होने वाला है। आयोग ने इस पूरी भर्ती प्रक्रिया के जरिए कुल 1230 पदों पर बहाली निकालने का फैसला किया है। इतनी बड़ी संख्या में वैकेंसी आने से छात्रों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि महिला सशक्तिकरण की नीति के तहत इस कुल भर्ती में से 359 पद महिला उम्मीदवारों के लिए आरक्षित रखे गए हैं। आधी आबादी के लिए यह एक सुनहरा मौका है जब वे प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा बनकर समाज में बदलाव ला सकती हैं।
किन-किन प्रमुख पदों पर होगी बहाली?
इस बार कई महत्वपूर्ण विभागों में बंपर सीटें निकाली गई हैं, जिनका विवरण नीचे दिया गया है -
- पुलिस उपाधीक्षक : 22 पद
- राजस्व अधिकारी: 365 पद
- ग्रामीण विकास पदाधिकारी : 65 पद
- राज्य-कर सहायक आयुक्त: 76 पद
- सहकारिता प्रसार पदाधिकारी: 130 पद
- प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी: 70 पद
इन प्रमुख और मलाईदार पदों के अलावा भी प्रशासन के कई अन्य विभागों की रिक्तियों को इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल किया गया है, जिससे उम्मीदवारों के पास चयन के कई विकल्प मौजूद होंगे।
आवेदन की प्रक्रिया पहले ही हो चुकी है पूरी
गौरतलब है कि इस परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। आवेदन की शुरुआत 7 मई 2026 से हुई थी और फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 31 मई 2026 तय की गई थी। हजारों युवाओं ने इस तय समय सीमा के भीतर अपने फॉर्म सबमिट किए थे और तभी से वे परीक्षा की तारीख की राह देख रहे थे। पहले आयोग ने केवल जुलाई में परीक्षा होने का इशारा किया था, लेकिन अब तारीख पूरी तरह साफ हो जाने से छात्रों को अपनी तैयारी को आखिरी रूप देने का एक सटीक टारगेट मिल गया है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


