Hindi Newsकरियर न्यूज़BPSC 71st Prelims Exam: in BPSC 71st PT Those who mark omr less than 50 percent are on the doubt list
BPSC 71st Prelims Exam : बीपीएससी 71वीं पीटी में 50 फीसदी से कम गोला रंगने वाले शक की सूची में

BPSC 71st Prelims Exam : बीपीएससी 71वीं पीटी में 50 फीसदी से कम गोला रंगने वाले शक की सूची में

संक्षेप:

बीपीएससी 71वीं पीटी को लेकर सभी केन्द्र अधीक्षकों को हिदायत दी गई है कि ओएमआर शीट में 50 फीसदी से कम गोला रंगने वाले को संदेहास्पद की सूची में रखेंगे। इसके लिए आयोग द्वारा एक निगरानी सूची उपलब्ध कराई गई है।

Sep 12, 2025 06:32 am ISTPankaj Vijay लाइव हिन्दुस्तान, प्रमुख संवाददाता, मुजफ्फरपुर
share Share
Follow Us on

बीपीएससी 71वीं पीटी में सही से रॉल नंबर का गोला नहीं रंगने वाले अभ्यर्थियों का ओएमआर रद्द कर दिया जाएगा। 13 सितम्बर को आयोजित बीपीएससी 71वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा को लेकर यह निर्देश दिया गया है। मुजफ्फरपुर जिले में 32 केन्द्रों पर यह परीक्षा होगी। सभी केन्द्राधीक्षकों को निर्देश दिया गया है कि 11 बजे के बाद किसी भी परीक्षार्थी को प्रवेश नहीं मिलेगा। 12 से 2 बजे तक एक पाली में यह परीक्षा है। परीक्षा खत्म होने के बाद परीक्षार्थियों के सामने ही ओएमआर को फोल्ड कर बंद किया जाएगा। आयोग ने निर्देश दिया है कि परीक्षार्थी ई एडमिट कार्ड की एक अतिरिक्त कॉपी लेकर आएंगे। इसपर वीक्षक अभ्यर्थियों से हस्ताक्षर कराकर केन्द्राधीक्षक के पास जमा कर देंगे। परीक्षा समाप्ति से पहले किसी को भी परीक्षा कक्ष से बाहर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

50 फीसदी से कम गोला रंगने वाले संदेहास्पद सूची में

सभी केन्द्र अधीक्षकों को हिदायत दी गई है कि ओएमआर शीट में 50 फीसदी से कम गोला रंगने वाले को संदेहास्पद की सूची में रखेंगे। इसके लिए आयोग द्वारा एक निगरानी सूची उपलब्ध कराई गई है, जिसमें ऐसे अभ्यर्थियों का रॉल नंबर दर्ज किया जाएगा। इसमें कारण देते हुए इनकी संदेहास्पद स्थिति को लिखा जाएगा। स्टैटिक मजिस्ट्रेट वीक्षकों की ड्यूटी परीक्षा शुरू होने से कुछ देर पहले लगाएंगे। कदाचारमुक्त परीक्षा को लेकर सभी केन्द्रों पर पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है।

नियंत्रण कक्ष से होगी परीक्षा की मॉनिटरिंग

कदाचारमुक्त परीक्षा के संचालन के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे, मोबाइल जैमर एवं बायोमेट्रिक ऑथेंटिकेशन की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। डीएम सुब्रत कुमार सेन एवं एसएसपी सुशील कुमार ने प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ समाहरणालय सभागार में संयुक्त ब्रीफिंग कर निर्देश जारी किये। दोनों अधिकारियों ने कहा कि आयोग की मार्गदर्शिका एवं दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाना अनिवार्य है। परीक्षा की सतत एवं प्रभावी मॉनिटरिंग के लिए समाहरणालय सभा कक्ष के ऊपरी तल में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। इसका प्रभार जिला कार्यक्रम पदाधिकारी को सौंपा गया है।

ये भी पढ़ें:बीपीएससी 71वीं में 1 घंटा पहले बंद होगा गेट, क्या लाना अनिवार्य, जानें 10 नियम

कल मुजफ्फरपुर जिले में 19,968 परीक्षार्थी होंगे शामिल

परीक्षा में जिले में 32 केन्द्रों पर 19,968 परीक्षार्थी शामिल होंगे। सरकारी स्कूलों के साथ निजी स्कूलों में भी केन्द्र बनाये गये हैं। तीन सेट में जिले को प्रश्नपत्र उपलब्ध कराया गया है। इसमें प्रत्येक सेट पर प्रश्नपुस्तिका की चार शृंखला है। केन्द्र पर अभ्यर्थियों के सामने ही विडियोग्राफी कराते हुए प्रश्नपत्र के पैकेट खोले जाएंगे। सभी परीक्षा कक्ष में दीवाल घड़ी लगाने का निर्देश दिया गया है।

Pankaj Vijay

लेखक के बारे में

Pankaj Vijay
पंकज विजय लाइव हिन्दुस्तान में डिप्टी न्यूज एडिटर हैं। यहां वह करियर, एजुकेशन, जॉब्स से जुड़ी खबरें देखते हैं। पंकज को पत्रकारिता में डेढ़ दशक से ज्यादा का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने एनडीटीवी डिजिटल, आजतक डिजिटल, अमर उजाला समाचार पत्र में काम किया। करियर-एजुकेशन-जॉब्स के अलावा वह विभिन्न संस्थानों में देश-विदेश, राजनीति, रिसर्च व धर्म से जुड़ी बीट पर भी काम कर चुके हैं। भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा व डीयू से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।