
BPSC 71th Exam: बीपीएससी 71वीं पीटी पास इन उम्मीदवारों को मिलेंगे 50 हजार रुपये, आवेदन शुरू
BPSC 71th Exam: सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना के तहत बीपीएससी 71वीं पीटी पास करने वाली सामान्य वर्ग, ईडब्ल्यूएस और पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं।
BPSC 71th Exam: बिहार सरकार ने सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस योजना के तहत बीपीएससी 71वीं पीटी पास करने वाली सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) और पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थियों को 50 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अभ्यर्थी इसके लिए wcdc.bihar.gov.in/Careers पर जाकर 31 दिसंबर 2025 तक आवेदन कर सकती हैं। केवल बिहार की रहने वाली सामान्य, ईडब्ल्यूएस व पिछड़ा वर्ग की महिला अभ्यर्थी ही इसके लिए आवेदन कर सकती हैं।
जानें योग्यता
- बिहार राज्य का स्थायी निवासी होना चाहिए।
- बिहार सरकार में एससी, एसटी व ओबीसी वर्ग श्रेणी में नहीं आनी चाहिए।
- 70वीं पीटी पास हो।
- किसी भी अभ्यर्थी को सिविल सेवा प्रोत्साहन राशि योजना का लाभ एक ही बार दिया जाएगा।
- पहले से किसी सरकारी वित्त संपोषित संस्थान की सेवा में कार्यरत अभ्यर्थी को इस योजना का लाभ नहीं मिलेगा।
अभ्यर्थी द्वारा अनिवार्य रूप से फोटो, हस्ताक्षर, एडमिट कार्ड की सेल्फ अटेस्टेड कॉपी, पिछड़ा वर्ग की कैटेगरी की अभ्यर्थी की जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, आवासीय प्रमाण पत्र, स्वयं के नाम से एक्टिव बैंक पासबुक की स्कैन कॉपी ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करनी होगी। अभ्यर्थियों का ईमेल आईडी एक्टिव होना चाहिए। सूचनाएं ईमेल आईडी पर ही भेजी जाएंगी।
ध्यान रखें कि अभ्यर्थी का आधार खाता से सीडेड (डीबीटी के लिए) होना आवश्यक है। आधार सीडिंग और बैंक खाता से आधार लिंक अलग चीजें हैं। जिनका भी बैंक खाता आधार से सीडेट नहीं है, उनका प्रोत्साहन राशि का भुगतान नहीं किया जाएगा। इसके साथ ही किसी भी सरकारी या लोक उपक्रम या राज्य सरकार द्वारा वित्त संप्रेषित संस्थान की सेवा में कार्यरत या नियोजित नहीं है तथा उनके द्वारा अन्य किसी विभाग के माध्यम से इस प्रकार की प्रोत्साहन राशि पूर्व में प्राप्त नहीं किया गया है, इस संबंध में फर्स्ट क्लास जुडिशियल मजिस्ट्रेट या एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट के स्तर से निर्गत शपथ पत्र की स्कैंड प्रति ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड करना जरूरी होगा।
सिविल सेवा की तैयारी के लिए पोर्टल लॉन्च
पटना। राज्य के दिव्यांगजनों को सिविल सेवा की तैयारी कराने के लिए ‘दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना’ से संबंधित पोर्टल लॉन्च किया गया। समाज कल्याण विभाग की सचिव बन्दना प्रेयषी ने विभागीय कार्यालय में इसे लॉन्च किया। सचिव ने कहा कि इस पोर्टल से दिव्यांगजन सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना के तहत पात्र अभ्यर्थियों से आवेदन लिये जाएंगे। बीपीएससी की 71वीं संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा में उत्तीर्ण बिहार निवासी सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं पिछड़ा वर्ग के पुरुष दिव्यांग अभ्यर्थियों से 15 दिसंबर 2025 से 14 जनवरी 2026 तक आवेदन लिये जाएंगे। इस संबंध में विज्ञापन से जानकारी दी जाएगी। सचिव ने बताया कि मुख्यमंत्री दिव्यांगजन सशक्तीकरण योजना ‘सम्बल‘ के तहत राज्य के पिछड़ा वर्ग, आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग एवं सामान्य वर्ग के दिव्यांग पुरुष अभ्यर्थियों को बिहार लोक सेवा आयोग तथा संघ लोक सेवा आयोग की मुख्य परीक्षा एवं साक्षात्कार की तैयारी के लिए क्रमशः 50 हजार और एक लाख की प्रोत्साहन राशि देने की योजना शु्रू की गई है। मौके पर दिव्यांगजन सशक्तीकरण निदेशालय के निदेशक योगेश कुमार सागर, डीपीआरओ श्रेया पुस्कर आदि थीं।





