
BPSC 71st CCE Prelims 2025: क्या टलेगी पीटी परीक्षा? जानिए क्या बोला आयोग
BPSC ने अफवाहों को खारिज करते हुए कहा कि 71वीं CCE प्रीलिम्स परीक्षा 13 सितंबर 2025 को तय तारीख पर ही होगी। उम्मीदवारों को केवल आधिकारिक नोटिफिकेशन पर भरोसा करने की सलाह दी गई।
BPSC 71st CCE Prelims 2025: बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) ने साफ कर दिया है कि 71वीं संयुक्त प्रतियोगी प्रारंभिक परीक्षा (BPSC 71st CCE Prelims 2025) टली नहीं है। हाल ही में सोशल मीडिया और कुछ कोचिंग संस्थानों द्वारा फैलाई जा रही अफवाहों पर विराम लगाते हुए आयोग ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर स्पष्ट किया कि परीक्षा तय कार्यक्रम के मुताबिक 13 सितंबर 2025 को ही आयोजित होगी।

अफवाहों पर आयोग का सख्त रुख
आयोग ने कहा कि कुछ शिक्षक, एक्सपर्ट और कोचिंग संचालक भ्रामक औप बिना सिर-पैर की जानकारी फैला रहे हैं, जिससे अभ्यर्थियों में अनावश्यक भ्रम की स्थिति बन रही है। आयोग ने ऐसे तत्वों को चेतावनी देते हुए कहा कि परीक्षा स्थगन की कोई भी खबर पूरी तरह से झूठी और निराधार है।
आधिकारिक सूचना ही समझें असली
आयोग ने दोहराया कि परीक्षा से जुड़ी हर महत्वपूर्ण सूचना केवल BPSC की आधिकारिक वेबसाइट, एक्स का वेरिफाइड हैंडल, और प्रेस रिलीज के जरिए साझा की जाती है। इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी गई कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और अपनी तैयारी पूरी मेहनत से जारी रखें।
एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र क्या बोला आयोग
आयोग ने यह भी कहा कि जैसा पहले होता आया है, वैसे ही इस बार भी उम्मीदवार अपने एडमिट कार्ड और परीक्षा केंद्र की डिटेल्स BPSC की वेबसाइट से डाउनलोड कर सकेंगे।
BPSC प्रीलिम्स परीक्षा आयोग की भर्ती प्रक्रिया का पहला चरण है। यह केवल स्क्रीनिंग/ क्वालिफाइंग परीक्षा होती है, जिससे लाखों आवेदकों में से योग्य उम्मीदवारों को मेन परीक्षा के लिए चुना जाता है।



