बीफार्मा और डीफार्मा में दाखिले के लिए 12वीं साइंस के सभी विषयों में पास होना अनिवार्य, निर्देश जारी
फार्मेसी के बीफार्मा और डीफार्मा कोर्स में प्रवेश के लिए इंटर साइंस के सभी विषयों में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित या बायोलॉजी में से किसी एक विषय में भी फेल होने वाले छात्र इस कोर्स को नहीं कर सकते।

फार्मेसी के बीफार्मा और डीफार्मा कोर्स में प्रवेश के लिए इंटर साइंस के सभी विषयों में उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित या बायोलॉजी में से किसी एक विषय में भी फेल होने वाले छात्र इस कोर्स को नहीं कर सकते। उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल की ओर से राज्य के सभी कॉलेजों को इस संदर्भ में दिशा निर्देश दिए गए हैं। विदित है कि फार्मेसी कोर्स करने के लिए शैक्षणिक योग्यता भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित या बायोलॉजी (साइंस स्ट्रीम) में इंटर उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। जबकि बी फार्मा कोर्स के लिए साइंस स्ट्रीम के साथ अंग्रेजी विषय भी अनिवार्य है।
कई कॉलेज ऐसे छात्रों को भी प्रवेश दे रहे हैं जो भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, गणित या बायोलॉजी में से किसी एक विषय में फेल हैं । इस संदर्भ में काउंसिल ने अब स्पष्ट किया है कि एक विषय में भी फेल होने पर भी छात्र फार्मेसी कोर्स नहीं कर सकते। ऐसे छात्रों को काउंसिल का रजिस्ट्रेशन नहीं दिया जाएगा और ऐसे में उनकी पढ़ाई बेकार हो जाएगी। उत्तराखंड फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार कलम सिंह फर्स्वाण की ओर से इस संदर्भ में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं।
96 कॉलेज, 24 विवि और 21 पॉलिटेक्निक में कोर्स
फार्मेसी काउंसिल के अनुसार प्रदेश में 96 कॉलेजों, 24 यूनिवर्सिटी और 21 पॉलीटेक्निक में फार्मेसी कोर्स संचालित हो रहे हैं। इसमें दो वर्षीय डीफार्मा डिप्लोमा, चार वर्षीय बीफार्मा डिग्री, दो वर्षीय एम फार्मा और छह वर्षीय डाक्टरेट ऑफ फार्मेसी कोर्स शामिल हैं। छात्रों को कोर्स करने के बाद किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए सभी कॉलेजों को आगाह किया गया है।
फार्मेसी प्रशिक्षणार्थियों को मिले प्रमाण पत्र
बेस चिकित्सालय हल्द्वानी में वर्ष 2026 के प्रथम बैच के फार्मेसी डिप्लोमा प्रशिक्षणार्थियों की तीन माह की अप्रेंटिस अवधि पूरी होने पर गुरुवार को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। प्रशिक्षण प्रमुख फार्मेसी अधिकारी एवं मुख्य अप्रेंटिस मास्टर जेसी जोशी के निर्देशन में हुआ। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को अस्पताल की फार्मेसी व्यवस्था और जनस्वास्थ्य सेवाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में मुख्य फार्मेसी अधिकारियों डीबी पंत, केएस गड़िया और डीएस कोश्यारी के साथ वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारियों पवन पांडे, विनोद पांडे, दीपक कुमार शर्मा, पान सिंह मेहरा, कमलेश कुमार, राकेश जोशी, रीटेन वर्मा, शशिकला गोस्वामी और पुष्पा आर्या ने विभिन्न पटलों पर प्रशिक्षणार्थियों का मार्गदर्शन किया।

