बिहार के विश्वविद्यालयों में अगले सत्र से समर्थ पोर्टल के जरिये होगा एडमिशन, क्या होंगे फायदे
बिहार के विश्वविद्यालयों में अब दाखिले की प्रक्रिया समर्थ पोर्टल से होगी। जुलाई से नए सत्र में नामांकन समर्थ (SAMARTH) पोर्टल के जरिए होगा, जिससे छात्रों को कम खर्च और ज्यादा पारदर्शिता का लाभ मिलेगा।

बिहार के सभी पारंपरिक विश्वविद्यालयों में जुलाई से शुरू होने वाले नये सत्र से छात्रों का नामांकन समर्थ (SAMARTH) पोर्टल के माध्यम से होगा। शिक्षा विभाग ने इसकी तैयारी तेज कर दी है। अब तक विभाग को सात विश्वविद्यालयों ने इस पोर्टल के माध्यम से छात्र-छात्राओं के नामांकन कराने की सहमति दे दी है। विद्यार्थियों के नामांकन, परीक्षा और रिजल्ट आदि सभी आंकड़े पोर्टल पर उलपब्ध होंगे। इससे विद्यार्थियों को नामांकन में राशि कम लगने के साथ ही रिजल्ट प्राप्त करने में भी आसानी होगी। एनएमयू में स्नातकोत्तर, मुंगेर विवि में स्नातक, मौलाना मजहरूल हक अरबी फारसी विश्वविद्यालय में स्नातक, टीएमबीयू में स्नातक, बीआरएबीयू में स्नातक, केएसडीएस में स्नातक, बीएनएमयू में स्नातक में समर्थ पोर्टल से नामांकन की सहमति आ चुकी है।
समर्थ पोर्टल को लेकर शिक्षा विभाग ने सभी विश्वविद्यालयों को 35 कर्मी पहले ही भेज दिया है। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए विश्वविद्यालयों को दो से तीन विशेषज्ञ कर्मी दिए हैं। इससे पोर्टल से जुड़ी सभी तकनीकी समस्या का समाधान तत्काल हो सकेगा। नई व्यवस्था से हर विश्वविद्यालय को सालाना 10 से 15 करोड़ की बचत होगी। पोर्टल पर छात्र-छात्राओं और शिक्षकों-कर्मियों की उपस्थिति के साथ ही वेतन भुगतान आदि का लेखा-जोखा रहेगा। हालांकि प्रथम फेज में नामांकन की प्रक्रिया इससे होगी। अभी विभिन्न विश्वविद्यालयों द्वारा नामांकन आदि को अलग-अलग सॉफ्टवेयर है। इसके लिए विश्वविद्यालय एजेंसी को राशि का भुगतान करती है। पिछले साल से पूर्णिया विश्वविद्यालय में इस पोर्टल से छात्रों का नामांकन हो रहा है।
समर्थ पोर्टल से सुविधा
- बिहार के सभी विश्वविद्यालयों और कॉलेजों के लिए एक एकीकृत सॉफ्टवेयर प्लेटफॉर्म होगा
- नामांकन, परीक्षा परिणाम, छात्र आईडी, और प्रमाणपत्र संबंधी सभी कार्य डिजिटल रूप आसानी से होंगे
- पाठ्यक्रम, छात्रों और कर्मियों की संख्या, शोध-बजट की जानकारी
- शिक्षा विभाग और विश्वविद्यालयों के बीच समन्वय और कर्मियों को प्रशिक्षित करने में मदद मिलेगी
- अब तक जेपी, बीआरबीयू सहित सात विश्वविद्यालयों ने दी अपनी सहमति
- छात्रों के नामांकन, परीक्षा और रिजल्ट के सभी आंकड़े इसी पर रहेंगे
कर्मियों को अवकाश भी इसके माध्यम से मिलेगा। कर्मी इस पोर्टल पर आवश्यक मांग (ग्रीवांस) भी दे सकेंगे।



