
बिहार में नई टीचर भर्ती पर बोले शिक्षा मंत्री, TRE-4 परीक्षा की तारीखों का किया ऐलान; यहां जानें पूरी बात
संक्षेप: बिहार के शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने टीचर भर्ती परीक्षा (TRE-4) और एसटीईटी 2025 की तारीखों का ऐलान किया।
बिहार में शिक्षकों के लिए अच्छी खबर आई है। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने सोमवार को शिक्षा विभाग के सभागार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर टीचर भर्ती परीक्षा (टीआरई-4) और एसटीईटी 2025 से जुड़ी अहम घोषणाएं कीं। शिक्षा मंत्री ने कहा कि टीआरई-4 की वेकेंसी अगले 5 दिनों के भीतर बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) को भेज दी जाएगी।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि बीपीएससी भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने बताया कि एसटीईटी 2025 के लिए आवेदन की अंतिम तारीख 27 सितंबर रखी गई है। परीक्षा का आयोजन 12 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक होगा और रिजल्ट 16 नवंबर 2025 को जारी किया जाएगा।
तबादले पर क्या बोले शिक्षा मंत्री सुनील कुमार
शिक्षा मंत्री ने तबादले की प्रक्रिया पर भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर तक कुल 41,689 शिक्षकों ने तबादले के लिए आवेदन किया था। इनमें से 24,600 शिक्षकों का तबादला उनके द्वारा चुने गए तीन जिलों में से किसी एक जिले में हो गया है। लेकिन करीब 17,000 शिक्षकों को उनके दिए गए तीनों विकल्पों में से किसी भी जिले में स्थानांतरण नहीं मिल पाया।
इन 17,000 शिक्षकों को अब एक और मौका दिया जाएगा। वे पहले दिए गए विकल्प को छोड़कर 23 सितंबर से 28 सितंबर तक ई-शिक्षा कोष पोर्टल पर तीन नए जिलों का विकल्प चुन सकते हैं। शिक्षा मंत्री ने साफ किया कि सरकार का मकसद पारदर्शिता के साथ भर्ती और तबादला प्रक्रिया को पूरा करना है, ताकि न तो शिक्षकों को असुविधा हो और न ही छात्रों की पढ़ाई पर असर पड़े।





