
Bihar STET : एक ही एसटीईटी एडमिट कार्ड संग धराये दो परीक्षार्थी, इन प्रश्नों ने किया अभ्यर्थियों को परेशान
बिहार माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा (एसटीईटी) के पहले दिन मंगलवार को दूसरी पाली में दो परीक्षार्थी फर्जीवाड़ा में धरे गए। एक ही एडमिट कार्ड पर दो परीक्षार्थी परीक्षा देने पहुंचे थे। दोनों को पुलिस के हवाले कर दिया गया।
मुजफ्फरपुर जिले में पांच ऑनलाइन केंद्रों पर परीक्षा हुई। इसमें कच्ची पक्की आईऑन डिजिटल जोन पर फर्जी परीक्षार्थी धरे गए। दूसरी पाली में जब डमी परीक्षार्थी बाहर निकल रहा था तो शक होने पर जांच के दौरान धरा गया। डीईओ कुमार अरविन्द सिन्हा ने बताया कि जिसको परीक्षा देनी थी, उसके साथ ही एक और अभ्यर्थी बिल्कुल उसी तरह का एडमिट कार्ड लेकर आया था। एडमिट कार्ड पर फोटो भी लगी थी। दोनों केन्द्र के भीतर पहुंचे हुए थे। इसी बीच परीक्षा शुरू होने के साथ ही एक जब बाहर निकल रहा था तो उसे रोका गया। केन्द्र संचालक ने जब उससे बाहर जाने का कारण पूछा तो उसने बताया कि आधार कार्ड की फोटो कॉपी करानी है। परीक्षा शुरू होने के बाद आधार कार्ड की फोटो कॉपी कराने की बात पर संचालक ने रोका और कहा कि परीक्षा खत्म होने के बाद ही बाहर जा सकते हैं। जांच में पता चला कि वह डमी कैंडिडेट है।

एक मधेपुरा और दूसरा पटना जिला का है रहनेवाला
थानाध्यक्ष अस्मित कुमार ने बताया कि जिसके नाम से एडमिट कार्ड आवंटित था, वह सोनू कुमार था जो मधेपुरा का रहनेवाला है। दूसरा डमी कैंडिडेट रमेश कुमार पटना का रहनेवाला है। दोनों पर प्राथमिकी दर्ज कराई जा रही है। जिले में कच्ची पक्की के अलावा भगवानपुर, कांटी और बोर्ड के क्षेत्रीय कार्यालय स्थित आदर्श परीक्षा केन्द्र में दो केन्द्र बनाये गये हैं, जहां परीक्षा ली जा रही है। दो पालियों में परीक्षा ली गई। परीक्षार्थियों ने कहा कि प्रश्नपत्र का स्तर कठिन था।
सामान्य ज्ञान के सवालों ने परीक्षार्थियों को किया परेशान
अभ्यर्थियों ने कहा कि पेपर ढाई घंटे का था। संबंधित विषय के अलावा सामान्य ज्ञान, रिजनिंग जैसे सवाल थे। सामान्य ज्ञान के सवाल काफी कठिन थे। यह परीक्षा पेपर एक और पेपर दो के लिए ली जा रही है।



