
Bihar School Class 1 To 8 Exam dates : बिहार स्कूल कक्षा 1 से 8 तक की परीक्षा तिथियां जारी, देखें डेटशीट
बिहार के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की द्वितीय त्रैमासिक परीक्षा 15 दिसंबर से होगी। एससीईआरटी की संयुक्त निदेशक (प्रशासन) सुषमा कुमारी ने बुधवार को परीक्षा की तिथि सहित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी की है।
बिहार के सभी सरकारी और सरकारी सहायता प्राप्त प्रारंभिक स्कूलों में कक्षा एक से आठ तक के छात्र-छात्राओं की द्वितीय त्रैमासिक परीक्षा 15 दिसंबर से होगी। एससीईआरटी की संयुक्त निदेशक (प्रशासन) सुषमा कुमारी ने बुधवार को परीक्षा की तिथि सहित एसओपी (मानक संचालन प्रक्रिया) जारी की है।
इससे संबंधित पत्र जिला शिक्षा पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी भेजा गया है। परीक्षा में एक करोड़ से अधिक बच्चों के शामिल होने की संभावना है। परीक्षा दो पालियों में होंगी। पहली पाली 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक होगी। दूसरी पाली की परीक्षा एक से तीन बजे तक होगी। कक्षा एक-दो के बच्चों की द्वितीय त्रैमासिक परीक्षा या मूल्यांकन मौखिक होगा।
पहली से 8वीं तक की किताबों की समीक्षा होगी
राज्य के सरकारी स्कूलों के पहली से आठवीं तक के बच्चों को नए सत्र यानी 2026-27 में मिलने वाली किताबों में किसी भी तरह की कमियां और त्रुटियां नहीं रहेंगी। कोई भी चित्र मिसप्रिंट नहीं होगा न ही कोई शाब्दिक गलतियां होंगी। इसे सुनिश्चित करने के लिए राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) किताबों की छपाई से पहले उसकी समीक्षा कराएगा। समीक्षा के लिए पटना समेत राज्यभर से 27 शिक्षकों का चयन किया गया है। संबंधित विषय के शिक्षक उसी विषय की समीक्षा करेंगे।
इसे लेकर परिषद की ओर से नौ दिसंबर से दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित हुई। इसमें शिक्षकों को बताया गया कि किन-किन बिंदुओं पर किस तरह समीक्षा की जानी है। शिक्षक यह जांच करेंगे कि पुस्तक में जो चित्र, मैप आदि हैं वह पीडीएफ और सॉफ्ट कॉपी के अनुरूप हैं या नहीं। यदि इसमें कोई कमी होगी तो इसे ठीक किया जाएगा और नहीं होगी तो पुस्तक को छपाई के लिए भेजा जाएगा। परिषद ने कक्षा एक से आठ तक के हिन्दी की पुस्तक की समीक्षा के लिए तीन शिक्षक, अंग्रेजी के लिए तीन शिक्षक, गणित के तीन, तीसरी से पांचवीं कक्षा के पर्यावरण व हम की समीक्षा के लिए एक, पहली से आठवीं के लिए उर्दू विषय की समीक्षा को पांच, तीसरी, छठी कक्षा की शारीरिक शिक्षा की पुस्तक की समीक्षा को एक शिक्षक का चयन हुआ है।





