Bihar Police Vacancy : बिहार में होगी 17000 सैप जवानों की भर्ती, अब CAPF से रिटायर को भी मौका, जानें सैलरी
बिहार पुलिस में सैप (स्पेशल ऑक्जीलियरी पुलिस) की संख्या बढ़ाई जायेगी। इस श्रेणी में 17000 नये पदों पर अनुबंध नियोजन की प्रक्रिया होगी। इसमें 150 जेसीओ, 16,300 सैप और 550 रसोइया शामिल हैं।

बिहार पुलिस के इस विशेष सहायक बल में पहली बार सेवानिवृत्त सैनिकों के साथ ही केंद्रीय अर्द्धसैनिक बलों (सीएपीएफ) से सेवानिवृत्त अर्द्धसैनिक बल भी शामिल हो सकेंगे। इसको लेकर राज्य सरकार के स्तर पर नीतिगत निर्णय लिए जाने के बाद गृह विभाग (आरक्षी शाखा) ने आदेश जारी कर दिया है। वर्तमान में सैप में 1717 बल तैनात हैं।
विभागीय जानकारी के अनुसार वित्तीय वर्ष 2026-27 में सैप में 17 हजार जवानों को कॉन्टैक्ट पर बहाल किया जाएगा। वर्तमान में नवनियुक्त कांस्टेबलों के ट्रेनिंग में रहने के कारण इनकी सेवा नहीं मिल पा रही है। इसी को देखते हुए सैप बलों की संख्या बढ़ाकर इन्हें कॉन्टैक्ट पर रखने का निर्णय लिया गया है।
मानदेय में इजाफा, 35 हजार तक मिलेगी सैलरी
रिपोर्ट के मुताबिक सैप बलों में अब जेसीओ को 35 हजार, सैप जवानों को 30 हजार, जबकि रसोइया को 25 हजार रुपये प्रतिमाह का मानदेय भुगतान किया जाएगा।
बल के संचालन पर पुलिस महानिदेशक (DGP), बिहार का सीधा नियंत्रण होगा । जिला स्तर पर संबंधित जिलों के वरीय पुलिस अधीक्षक या पुलिस अधीक्षक (SSP/SP) इसके आहरण एवं वितरण पदाधिकारी होंगे ।
अर्धसैनिक बलों के पूर्व जवानों को भी मिलेगा मौका
अब तक सैप बल में केवल भारतीय सेना के सेवानिवृत्त सैनिकों को ही कॉन्ट्रैक्ट पर लिया जाता था । लेकिन नए आदेश के अनुसार अब सेना के साथ-साथ केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के सेवानिवृत्त अर्धसैनिक बलों को भी सैप बल में शामिल होने का मौका मिलेगा ।



