बिहार पुलिस में 15821 पदों पर बड़ी भर्ती, 52 साल वालों को भी मौका
बिहार पुलिस ने विशेष सहायक पुलिस के 15,821 पदों पर भर्ती निकाली है। आवेदन 15 मई 2026 से शुरू हो चुके हैं और अंतिम तारीख 14 जून 2026 है।
अगर आप लंबे समय से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे हैं और पुलिस विभाग में काम करने का सपना देखते हैं, तो बिहार पुलिस की यह भर्ती आपके लिए बड़ा मौका बन सकती है। बिहार पुलिस ने विशेष सहायक पुलिस यानी स्पेशल असिस्टेंट पुलिस के हजारों पदों पर भर्ती का ऐलान किया है। खास बात यह है कि इसमें अनुभवी लोगों को प्राथमिकता दी जाएगी और उम्र सीमा भी काफी राहत वाली रखी गई है। यही वजह है कि भर्ती की खबर सामने आते ही युवाओं के बीच इसकी चर्चा तेज हो गई है।
15,821 पदों पर होगी भर्ती
बिहार पुलिस की तरफ से जारी जानकारी के मुताबिक विशेष सहायक पुलिस के कुल 15,821 पदों पर भर्ती की जाएगी। आवेदन प्रक्रिया 15 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 14 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट police.bihar.gov.in पर जाकर फॉर्म भरना होगा।
किन उम्मीदवारों को मिलेगा मौका
इस भर्ती में वही उम्मीदवार आवेदन कर सकेंगे जिनके पास आधुनिक और ऑटोमेटिक हथियार चलाने का अनुभव हो। इसके अलावा आपदा प्रबंधन, बम निरोधक कार्य, ड्राइविंग, तैराकी, डाइविंग और मोटरबोट चलाने का अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को भी मौका दिया जाएगा। यानी यह भर्ती सामान्य भर्ती से थोड़ी अलग और स्किल आधारित मानी जा रही है।
उम्र सीमा में बड़ी राहत
भर्ती की सबसे बड़ी खासियत इसकी आयु सीमा है। अधिकतम उम्र 52 साल तय की गई है। आमतौर पर पुलिस भर्ती में उम्र सीमा कम रहती है, लेकिन इस बार सरकार ने अनुभवी उम्मीदवारों को ध्यान में रखते हुए बड़ा मौका दिया है। यही वजह है कि ऐसे लोग भी आवेदन कर सकेंगे जो पहले सुरक्षा सेवाओं या विशेष कार्यों में काम कर चुके हैं।
कितनी मिलेगी सैलरी
चयनित उम्मीदवारों को हर महीने 25 हजार रुपये से लेकर 35 हजार रुपये तक सैलरी दी जाएगी। पुलिस विभाग में यह वेतनमान काफी अच्छा माना जा रहा है, खासकर उन लोगों के लिए जिनके पास पहले से तकनीकी या सुरक्षा से जुड़ा अनुभव मौजूद है।
चयन प्रक्रिया कैसी होगी
भर्ती के लिए उम्मीदवारों को कई चरणों से गुजरना होगा। सबसे पहले वॉक इन इंटरव्यू लिया जाएगा। इसके बाद डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल एग्जाम कराया जाएगा। उम्मीदवारों के अनुभव और फिटनेस को भी काफी अहम माना जाएगा।
आवेदन कैसे करें
उम्मीदवार बिहार पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट police.bihar.gov.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ लें ताकि योग्यता, दस्तावेज और प्रक्रिया से जुड़ी किसी भी जानकारी में गलती न हो।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


