बिहार के नए 211 डिग्री कॉलेजों में पढ़ाएंगे 9वीं से 12वीं के शिक्षक, 30 जून तक होगी नियुक्ति

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

बिहार के नवसृजित 211 डिग्री कॉलेजों में अब 9वीं से 12वीं तक पढ़ाने वाले योग्य शिक्षकों को पढ़ाने का मौका मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी जिलाधिकारियों से ऐसे सरकारी शिक्षकों की सूची मांगी है, जिन्होंने NET, JRF या PhD जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता हासिल की है।

bihar degree colleges to get class 9 to 12 teachers appointment process till june 30

बिहार के नवसृजित 211 डिग्री कॉलेजों में अब 9वीं से 12वीं तक पढ़ाने वाले योग्य शिक्षकों को पढ़ाने का मौका मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी जिलाधिकारियों से ऐसे सरकारी शिक्षकों की सूची मांगी है, जिन्होंने NET, JRF या PhD जैसी उच्च शैक्षणिक योग्यता हासिल की है। विभाग की योजना है कि इन शिक्षकों की 30 जून तक नए डिग्री कॉलेजों में प्रतिनियुक्ति कर दी जाए, ताकि वहां शिक्षण कार्य सुचारु रूप से शुरू हो सके।

पत्र में स्पष्ट किया गया है कि नौवीं कक्षा से 12वीं तक पढ़ाने वाले ऐसे शिक्षक, जिन्होंने यूजीसी मानकों के अनुरूप नेट, जेआरएफ या पीएचडी की डिग्री हासिल की है, उन्हें चिह्नित कर नये डिग्री कॉलेजों में प्रतिनियुक्त किया जायेगा। उच्च शिक्षा विभाग ने सभी जिलों से योग्य शिक्षकों का सत्यापित विवरण 24 जून तक ई-मेल से उपलब्ध कराने को कहा है, ताकि कॉलेजों में समय पर शिक्षण कार्य शुरू कराया जा सके। विभाग के अधिकारी ने कहा कि नये कॉलेजों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए सरकार पहली बार बड़े पैमाने पर स्कूल शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति का सहारा ले रही है।

211 प्रखंडों में नए डिग्री कॉलेड

इससे कॉलेजों में शैक्षणिक गतिविधियां समय पर शुरू हो सकेंगी। वहीं योग्य शिक्षकों को उच्च शिक्षा संस्थानों में पढ़ाने का अवसर भी मिलेगा। उच्च शिक्षा विभाग के सचिव राजीव रौशन द्वारा जारी पत्र में कहा गया है कि सरकार के सात निश्चय तीन कार्यक्रम के तहत 211 प्रखंडों में नये डिग्री कॉलेज स्थापित किये जा रहे हैं। यहां एक जुलाई से शैक्षणिक सत्र शुरू करने की तैयारी है।

शुरुआती चरण में 6 विषयों में पढ़ाई शुरू की जाएगी

विभाग के अनुसार शुरुआती चरण में अंग्रेजी, हिंदी, इतिहास, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र और समाजशास्त्र समेत छह विषयों में पढ़ाई शुरू होगी। चूंकि अभी नियमित सहायक प्राध्यापकों या फिक्स्ड टर्म फैकल्टी की नियुक्ति नहीं हुई है, इसलिए अंतरिम व्यवस्था के तहत माध्यमिक और उच्च माध्यमिक विद्यालयों में कार्यरत योग्य शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

बिहार में खुलेंगे 534 मॉडल स्कूल

इसके अलावा, बिहार सरकार ने सात निश्चय-तीन के तहत राज्य के सभी 534 प्रखंडों में एक-एक अत्याधुनिक मॉडल स्कूल खोलने का निर्णय लिया है। यह सरस्वती विद्या निकेतन के नाम से जाना जाएगा। इन स्कूलों में कॉन्वेंट से बेहतर विश्वस्तरीय शिक्षा और सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इन उच्च विद्यालयों में कक्षा 9 से 12 तक की पढ़ाई होगी। कक्षा 9 में नामांकन प्रवेश परीक्षा के माध्यम से मेरिट लिस्ट के आधार पर होगा। शिक्षा मंत्री मिथिलेश तिवारी ने कहा, ‘हम मॉडल स्कूल को सही मायने में बेहतर शैक्षणिक केन्द्र बनाना चाहते हैं। हमारा लक्ष्य है कि बच्चों को वहां न केवल उन्नत शिक्षा और अन्य सारी सुविधा मिले, बल्कि उन्हें बेहतर करियर चुनने में भी मदद मिले।’

Dheeraj Pal

लेखक के बारे में

Dheeraj Pal

संक्षिप्त विवरण: धीरज पाल को पत्रकारिता के क्षेत्र में 7 साल का अनुभव है। लाइव हिन्दुस्तान में काम करते हुए इन्हें 4 साल हो गए हैं। धीरज एजुकेशन रिपोर्टर के तौर पर काम कर चुके हैं। अपने करियर के दौरान धीरज ने राजनीति समाचार, एजुकेशन बीट के लिए ग्राउंड रिपोर्टिंग भी की है।

शैक्षणिक पृष्ठभूमि
धीरज ने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से बीए इन मीडिया स्टडीज और राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज से जनसंचार एवं पत्रकारिता से परास्नातक की पढ़ाई की। धीरज पाल ने अपने पत्रकारिता कर की शुरुआत एपीएन न्यूज चैनल से की। इसके बाद उन्होंने लोकमत न्यूज हिंदी और एनडीटीवी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में काम किया। हिंदुस्तान लाइव में यूपी बोर्ड से लेकर उन्होंने लोकसभा चुनाव कवर करने साथ-साथ खेल जैसे बीट पर काम किया। अब इनका एकमात्र उद्देश्य करियर और एजुकेशन से जुड़ी रुचिगत, सरल, प्रमाणिक और पाठक-हितैषी रूप में प्रस्तुत करना है।

व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता और ज्योतिषीय अध्ययन के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।

व्यक्तिगत रुचियां
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के निवासी धीरज पाल को पत्रकारिता के साथ-साथ घूमने, किताबें पढ़ने और क्रिकेट खेलने का शौक है।

और पढ़ें
Hindi News के साथ करियर सेक्शन में पढ़ें लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन से जुड़ी सभी महत्वपूर्ण खबरें। हर अपडेट सबसे पहले पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।