बिहार में 1091 लैब असिस्टेंट की भर्ती, 12वीं साइंस से लेकर इंजीनियरिंग डिग्री वाले भी योग्य; जानिए डिटेल
बिहार BTSC भर्ती 2026 में 1091 लैब असिस्टेंट पदों पर आवेदन शुरू कर दिए गए हैं। 12वीं साइंस, डिप्लोमा और बीटेक उम्मीदवार अप्लाई कर सकते हैं।

अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और लंबे समय से किसी अच्छे मौके का इंतजार कर रहे थे तो अब ध्यान देने का समय आ गया है। बिहार टेक्निकल सर्विस कमीशन (Bihar Technical Service Commission) ने 2026 में लैब असिस्टेंट के 1091 पदों पर भर्ती निकाल दी है। खास बात यह है कि इसमें 12वीं साइंस से लेकर डिप्लोमा और इंजीनियरिंग डिग्री वाले उम्मीदवार भी आवेदन कर सकते हैं। यह भर्ती उन युवाओं के लिए शानदार मौका है जो तकनीकी क्षेत्र में सरकारी नौकरी पाना चाहते हैं। आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और 6 अप्रैल 2026 से शुरू हो चुकी है।
कब तक कर सकते हैं आवेदन?
इस भर्ती के लिए आवेदन की शुरुआत 6 अप्रैल 2026 से हो चुकी है और आखिरी तारीख 6 मई 2026 रखी गई है। यानी आपके पास लगभग एक महीने का समय है। बेहतर होगा कि आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय जल्द से जल्द आवेदन कर लें। इस बार कुल 1091 पदों पर भर्ती निकली है। अलग-अलग इंजीनियरिंग और साइंस बैकग्राउंड के लिए पद रखे गए हैं। कुछ मुख्य पोस्ट इस तरह हैं
- कंप्यूटर साइंस और आईटी में सबसे ज्यादा 252 पद
- इलेक्ट्रिकल और सिविल इंजीनियरिंग में 166-166 पद
- मैकेनिकल इंजीनियरिंग में भी 166 पद
- साइंस बैकग्राउंड के लिए 164 पद
- इलेक्ट्रॉनिक्स में 146 पद
इसके अलावा टेक्सटाइल, ऑटोमोबाइल, केमिकल और अन्य ट्रेड्स के लिए भी सीटें दी गई हैं।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए आपके पास कम से कम 12वीं (इंटरमीडिएट) साइंस स्ट्रीम से पास होना जरूरी है। इसके साथ ही कुछ पदों के लिए संबंधित ट्रेड में डिप्लोमा या इंजीनियरिंग डिग्री (बीटेक/बीई) भी मांगी गई है। मतलब साफ है कि अगर आप टेक्निकल फील्ड से जुड़े हैं, तो आपके लिए यह एक बढ़िया मौका है। उम्मीदवारों की उम्र 18 साल से शुरू होती है, लेकिन ऊपरी सीमा कैटेगरी के हिसाब से अलग-अलग है। मसलन सामान्य वर्ग के पुरुष के लिए 37 साल तक, सामान्य वर्ग की महिलाएं के लिए 40 साल तक, OBC/EBC के लिए 40 साल तक और SC/ST के लिए 42 साल तक निर्धारित है। सरकार के नियमों के अनुसार उम्र में छूट भी दी जाएगी।
फीस कितनी लगेगी?
इस भर्ती की सबसे अच्छी बात यह है कि आवेदन फीस सभी के लिए केवल 100 रुपये रखी गई है। इसके साथ थोड़ा बैंक चार्ज अलग से लग सकता है। फीस आप ऑनलाइन माध्यम से जैसे डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग से भर सकते हैं।
सैलरी कितनी मिलेगी?
चयनित उम्मीदवारों को लेवल-6 के तहत नौकरी दी जाएगी, जिसमें शुरुआती सैलरी 35,400 रुपये प्रति माह होगी। सरकारी नौकरी होने के कारण इसके साथ अन्य भत्ते भी मिलेंगे, जिससे कुल सैलरी और बढ़ जाती है।
कैसे होगा चयन?
इस भर्ती में चयन प्रक्रिया सीधी और पारदर्शी रखी गई है। सबसे पहले लिखित परीक्षा होगी, जिसमें ऑब्जेक्टिव टाइप सवाल पूछे जाएंगे। सवाल आपके टेक्निकल सब्जेक्ट और सामान्य ज्ञान दोनों से होंगे। इसके बाद मेरिट लिस्ट बनाई जाएगी और जो उम्मीदवार चयनित होंगे, उन्हें डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए बुलाया जाएगा। अंत में मेडिकल जांच के बाद ही फाइनल नियुक्ति दी जाएगी।
ऑनलाइन आवेदन कैसे करें?
आवेदन करने के लिए आपको BTSC की आधिकारिक वेबसाइट पर जाना होगा। वहां “Apply Online” लिंक पर क्लिक करके पहले रजिस्ट्रेशन करना होगा।
रजिस्ट्रेशन के बाद आपको अपनी जानकारी, पढ़ाई का विवरण और कैटेगरी की जानकारी भरनी होगी।
इसके बाद फोटो, सिग्नेचर और जरूरी डॉक्यूमेंट अपलोड करने होंगे।
फीस जमा करने के बाद फॉर्म सबमिट करें और उसका प्रिंट आउट जरूर निकाल लें।
जरूरी बातें जो ध्यान रखें
आवेदन केवल ऑनलाइन ही स्वीकार किए जाएंगे, किसी और तरीके से फॉर्म नहीं लिया जाएगा। सभी दस्तावेज सही और स्पष्ट होने चाहिए, गलत जानकारी देने पर आपका फॉर्म कभी भी रद्द किया जा सकता है। जो लोग पहले से सरकारी नौकरी में हैं, उन्हें उचित प्रक्रिया के जरिए आवेदन करना होगा। समय-समय पर अपडेट, एडमिट कार्ड और रिजल्ट के लिए वेबसाइट चेक करते रहें।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


