बिहार में होमगार्ड इंस्ट्रक्टर के कई पद खाली, 12वीं पास युवा कस लें कमर; कब से होगा आवदेन

Himanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share

बिहार BPSSC Havildar Instructor Recruitment 2026 के तहत 122 पदों पर भर्ती के लिए 12वीं पास उम्मीदवार 1 जून 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। जानें आयु सीमा, PET, फीस और पूरी प्रक्रिया।

बिहार में होमगार्ड इंस्ट्रक्टर के कई पद खाली, 12वीं पास युवा कस लें कमर; कब से होगा आवदेन

BPSSC Havildar Instructor Recruitment 2026 : बिहार में सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी आई है। बिहार पुलिस अधीनस्थ सेवा आयोग यानी Bihar Police Subordinate Services Commission (BPSSC) ने होमगार्ड विभाग में अधिनायक अनुदेशक यानी हवलदार इंस्ट्रक्टर के 122 पदों पर भर्ती का ऐलान कर दिया है। इस भर्ती का नोटिफिकेशन जारी होते ही लाखों उम्मीदवारों के बीच उत्साह बढ़ गया है क्योंकि इसमें 12वीं पास अभ्यर्थी भी आवेदन कर सकते हैं। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 1 मई 2026 से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 1 जून 2026 तक आवेदन कर सकेंगे। भर्ती बिहार होमगार्ड सेवा संवर्ग के तहत की जाएगी और चयनित उम्मीदवारों को लेवल-4 पे स्केल का फायदा मिलेगा।

किस विभाग में होगी भर्ती

यह भर्ती बिहार सरकार के गृह विभाग (विशेष शाखा) के अंतर्गत निकाली गई है। आयोग ने विज्ञापन संख्या 05/2026 जारी करते हुए कुल 122 रिक्तियों की जानकारी दी है। इसमें सामान्य, पिछड़ा वर्ग, अत्यंत पिछड़ा वर्ग, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए अलग-अलग सीटें तय की गई हैं। महिलाओं के लिए भी 35 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण रखा गया है, लेकिन इसका फायदा सिर्फ बिहार की मूल निवासी महिलाओं को मिलेगा।

कितनी सीट किस वर्ग के लिए

भर्ती में सबसे ज्यादा 48 सीटें सामान्य वर्ग के लिए रखी गई हैं। इसके अलावा EBC वर्ग के लिए 22, SC के लिए 19, BC के लिए 15 और EWS के लिए 12 पद तय किए गए हैं। पिछड़ा वर्ग महिला उम्मीदवारों के लिए अलग से 4 सीटें भी रखी गई हैं।

कौन कर सकता है आवेदन

इस भर्ती के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से इंटरमीडिएट यानी 12वीं पास होना जरूरी है। आवेदन करने वाले अभ्यर्थी भारतीय नागरिक होने चाहिए। पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर सभी उम्मीदवार आवेदन कर सकते हैं। आयु सीमा की बात करें तो सामान्य वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की उम्र 18 से 37 वर्ष के बीच होनी चाहिए। सामान्य वर्ग की महिलाओं, BC और EBC वर्ग के उम्मीदवारों को अधिकतम 40 वर्ष तक आवेदन की छूट मिलेगी। SC और ST वर्ग के लिए अधिकतम आयु 42 वर्ष तय की गई है।

सिर्फ लिखित परीक्षा से नहीं मिलेगी नौकरी

इस भर्ती की सबसे खास बात यह है कि अंतिम मेरिट सिर्फ फिजिकल टेस्ट के नंबरों से बनेगी। लिखित परीक्षा केवल क्वालिफाइंग होगी। यानी लिखित परीक्षा पास करना जरूरी है, लेकिन नौकरी तय करने में उसके अंक नहीं जुड़ेंगे। लिखित परीक्षा 100 अंकों की होगी जिसमें हिंदी, अंग्रेजी, गणित, विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, सामान्य ज्ञान और करेंट अफेयर्स से सवाल पूछे जाएंगे। परीक्षा OMR आधारित होगी और कुल समय 2 घंटे मिलेगा।

फिजिकल टेस्ट में दिखानी होगी ताकत

जो उम्मीदवार लिखित परीक्षा में कम से कम 30 प्रतिशत अंक हासिल करेंगे, उन्हें फिजिकल एफिशिएंसी टेस्ट यानी PET के लिए बुलाया जाएगा। PET में दौड़, गोला फेंक और हाई जंप शामिल होगा। पुरुष उम्मीदवारों को 1.6 किलोमीटर की दौड़ अधिकतम 6 मिनट में पूरी करनी होगी जबकि महिलाओं को 1 किलोमीटर की दौड़ 5 मिनट में पूरी करनी होगी। इसके अलावा गोला फेंक और ऊंची कूद में भी तय मानक पूरे करना जरूरी होगा।

शारीरिक मापदंड भी जरूरी

सामान्य और पिछड़ा वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों की न्यूनतम लंबाई 165 सेंटीमीटर तय की गई है। EBC, SC और ST वर्ग के पुरुषों के लिए 160 सेंटीमीटर लंबाई जरूरी होगी। महिला उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम लंबाई 155 सेंटीमीटर रखी गई है। महिला उम्मीदवारों का वजन कम से कम 48 किलोग्राम होना चाहिए। पुरुषों के लिए वजन की अलग से कोई न्यूनतम सीमा तय नहीं की गई है।

आवेदन फीस कितनी देनी होगी

इस भर्ती में सभी वर्गों के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क सिर्फ 100 रुपये रखा गया है। फीस ऑनलाइन माध्यम से जमा करनी होगी। आयोग ने साफ कहा है कि फीस वापस नहीं की जाएगी।

ऐसे करना होगा आवेदन

उम्मीदवारों को सबसे पहले bpssc.bihar.gov.in पर जाना होगा। वहां “Home Guard” टैब में जाकर विज्ञापन संख्या 05/2026 के लिंक पर क्लिक करना होगा। आवेदन दो चरणों में पूरा होगा।पहले चरण में मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी, जन्मतिथि और श्रेणी जैसी जानकारी भरनी होगी। फीस जमा होने के बाद रजिस्ट्रेशन आईडी और पासवर्ड मिलेगा। दूसरे चरण में फोटो, हस्ताक्षर और शैक्षणिक जानकारी अपलोड करनी होगी।

फोटो और सिग्नेचर को लेकर आयोग सख्त

आयोग ने उम्मीदवारों को साफ चेतावनी दी है कि गलत फोटो या सिग्नेचर अपलोड होने पर आवेदन रद्द किया जा सकता है। फोटो हाल की रंगीन तस्वीर होनी चाहिए और उसका साइज 15 से 25 KB के बीच होना जरूरी है।

महिलाओं के लिए खास नियम

भर्ती नोटिफिकेशन में एक महत्वपूर्ण नियम भी बताया गया है। शादीशुदा महिला उम्मीदवार यदि फिजिकल टेस्ट के समय गर्भवती पाई जाती हैं तो उन्हें PET में शामिल नहीं किया जाएगा और वे अयोग्य घोषित कर दी जाएंगी। इसके लिए महिला उम्मीदवारों को घोषणा पत्र भी देना होगा।

कब होगी परीक्षा

फिलहाल आयोग ने परीक्षा तिथि घोषित नहीं की है। BPSSC ने कहा है कि परीक्षा की तारीख और एडमिट कार्ड से जुड़ी जानकारी आधिकारिक वेबसाइट पर बाद में जारी की जाएगी। उम्मीदवारों को नियमित रूप से वेबसाइट चेक करते रहने की सलाह दी गई है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
करियर सेक्शन में लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़, सरकारी जॉब , एग्जाम , एडमिशन , CBSE 12th Result 2026 Live के साथ सभी Board Results 2026 देखें। सबसे पहले अपडेट पाने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।