Bihar BEd Result 2026 OUT: बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी, biharcetbed-brabu.in पर करें चेक
Bihar BEd CET Result 2026: बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थी biharcetbed-brabu.in पर जाकर परिणाम चेक कर सकते हैं। अब रिजल्ट जारी होने के बाद काउंसिलिंग शुरू होगी।

Bihar BEd CET Result 2026: बिहार में दो वर्षीय बीएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी कर दिया गया है। परीक्षार्थी biharcetbed-brabu.in पर जाकर परिणाम चेक कर सकते हैं। वैशाली के हिमांशु अजनबी और कटिहार के रवि ने 117-117 अंक हासिल कर संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया। छात्राओं में सीतामढ़ी की अंजना कुमारी ने 116 अंकों के साथ शीर्ष स्थान हासिल किया। राज्य नोडल अफसर ने बताया कि बीएड की प्रवेश परीक्षा सात जून को 180 केंद्रों पर हुई थी। परीक्षा में 1,12,440 परीक्षार्थी शामिल हुए थे। अब रिजल्ट जारी होने के बाद काउंसिलिंग शुरू होगी। काउंसिलिंग ऑनलाइन की जाएगी।
टॉप-10 में छह छात्र और चार छात्राएं
जारी परिणाम के अनुसार, टॉप-10 मेरिट सूची में कुल छह छात्र और चार छात्राएं शामिल हैं। बेगूसराय की प्रियंका पासवान ने भी 116 अंक प्राप्त कर शानदार प्रदर्शन किया।
शिक्षा शास्त्री में मधुबनी के रामदेव बने टॉपर
शिक्षा शास्त्री (Shiksha Shastri) पाठ्यक्रम के परिणाम में मधुबनी के रामदेव कुमार ने 104 अंक प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया। उनका प्रदर्शन इस श्रेणी में सबसे बेहतर रहा।
Bihar BEd CET Result 2026: कैसे चेक करें बिहार बीएड सीईटी रिजल्ट
परीक्षार्थी सबसे पहले biharcetbed-brabu.in पर जाएं।
बीएड सीईटी रिजल्ट के लिंक पर क्लिक करें।
लॉग इन आईडी और पासवर्ड डालें।
सब्मिट करने पर आपके सामने रिजल्ट और स्कोर कार्ड आ जाएंगे। इसे डाउनलोड करें और प्रिंट आउट निकाल लें।
23 तक च्वाइस फिलिंग का मौका
बीएड के राज्य नोडल अधिकारी प्रो. संजय कुमार ने बताया कि शुक्रवार को रिजल्ट जारी होने के बाद शनिवार से अभ्यर्थी अपनी पसंद के कॉलेज चुन सकेंगे। ऑनलाइन काउंसलिंग और च्वाइस फिलिंग के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। अभ्यर्थियों को 20 से 23 तारीख तक अपनी पसंद के कॉलेजों का विकल्प भरने का समय दिया जाएगा। एंट्रेंस पास अभ्यर्थी किसी भी यूनिवर्सिटी के अंतर्गत कम से कम 3 और अधिकतम 10 कॉलेजों का विकल्प (च्वाइस) दे सकते हैं।
3,000 देकर सीट करनी होगी रिजर्व
मेरिट के आधार पर अभ्यर्थियों को ऑनलाइन कॉलेज अलॉट किया जाएगा। कॉलेज अलॉट होने के बाद अभ्यर्थियों को ₹3,000 काउंसलिंग शुल्क जमा कर अपनी सीट रिजर्व करनी होगी। अगर कोई अभ्यर्थी तय समय सीमा के भीतर एडमिशन नहीं लेता है, तो उसकी सीट का दावा रद्द मान लिया जाएगा।
एडमिशन के वक्त सभी शैक्षणिक और जरूरी दस्तावेजों (Documents) की कड़ाई से जांच की जाएगी, जो संबंधित विश्वविद्यालयों में होगी।
एक सीट पर तीन-तीन दावेदार, सूबे में 37 हजार सीटों पर होगा नामांकन
बीएड एंट्रेंस के लिए पूरे बिहार से 1 लाख 23 हजार 327 ने आवेदन किया था। कुल सीटें 37 हजार 250 सीटें हैं। संयुक्त प्रवेश परीक्षा (सीईटी) बीएड 2026 के नामांकन में एक सीट पर तीन दावेदारों की सीधी टक्कर है।
कहां कितने सीटें
बीआरएबीयू में इस वर्ष 6200 सीटों पर दाखिला होगा। सबसे ज्यादा 6400 सीटें पाटलीपुत्र विवि में हैं। छपरा विवि में 1500, मगध विवि में 6000, पटना विवि में 300, एकेयू में 3000, मौलाना मजहरूल हक विवि में 3200, वीर कुंवर सिंह विवि में 2500, बीएन मंडल मधेपुरा विवि में 1250, तिलकामांझी भागलपुर विवि में 1600, मुंगेर विवि में 500, पूर्णिया विवि में 1100, एलएनएम विवि में 3750 और कामेश्वर सिंह संस्कृत विवि में 100 सीटें हैं।


