Bihar BEd CET Result 2026: बिहार बीएड रिजल्ट जारी, 24 जून से शुरू होगी कॉलेज चुनने की प्रक्रिया
बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा का रिजल्ट जारी हो गया है, जिसमें 1,10,900 छात्र पास हुए हैं। सफल अभ्यर्थी अपने मनपसंद कॉलेज का चयन 24 जून से 28 जून 2026 तक ऑनलाइन पोर्टल पर कर सकेंगे।

Bihar BEd CET Result 2026: बाबासाहेब भीमराव अंबेडकर बिहार यूनिवर्सिटी (BRABU) ने शुक्रवार को ऑनलाइन माध्यम से बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2026 का परिणाम जारी कर दिया है। रिजल्ट जारी होने के साथ ही काउंसलिंग और कॉलेज चयन का पूरा कार्यक्रम भी घोषित कर दिया गय है। इस परीक्षा में सफल हुए सभी अभ्यर्थी आगामी 24 जून से 28 जून 2026 तक आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपनी पसंद के कॉलेजों का चयन कर सकेंगे।
1.12 लाख में से 1.10 लाख से अधिक छात्र हुए सफल
इस वर्ष 7 जून को आयोजित हुई इस प्रवेश परीक्षा में कुल 1 लाख 12 हजार परीक्षार्थी शामिल हुए थे, जिनमें से 1 लाख 10 हजार 900 अभ्यर्थियों ने सफलता का परचम लहराया है। इस बार छात्राओं का प्रदर्शन बेहद शानदार रहा है। परीक्षा में बैठीं 70 हजार 622 छात्राओं में से 69 हजार 317 छात्राएं पास होने में सफल रहीं। सामान्य वर्ग के लिए कटऑफ 35 प्रतिशत (42 अंक) और आरक्षित व महिला वर्ग के लिए 30 प्रतिशत (36 अंक) तय की गई थी। राज्य के कुल 341 बीएड कॉलेजों की 37 हजार 250 सीटों पर दाखिले के लिए कड़ा मुकाबला होने वाला है।
वैशाली के हिमांशु और कटिहार के रवि बने जॉइंट टॉपर
मेरिट लिस्ट में इस बार छात्रों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली है। वैशाली जिले के हिमांशु अजनबी और कटिहार के रवि कुमार ने 120 में से 117 अंक हासिल कर पूरे राज्य में संयुक्त रूप से पहला स्थान प्राप्त किया है। वहीं, छात्राओं की श्रेणी में सीतामढ़ी की अंजना कुमारी और बेगूसराय की प्रियंका पासवान 116 अंकों के साथ शीर्ष पर रहीं। शिक्षाशास्त्री परीक्षा के परिणामों में मधुबनी के रामदेव कुमार 104 अंक के साथ पुरुषों में और वैशाली की अभिलाषा कुमारी 95 अंक के साथ महिलाओं में टॉपर बनी हैं।
काउंसलिंग और एडमिशन का पूरा टाइम-टेबल
यदि आपने भी यह परीक्षा पास की है, तो आपके लिए एडमिशन के इस पूरे शेड्यूल को डायरी में नोट करना बेहद जरूरी है:
24 से 28 जून: छात्र ऑनलाइन माध्यम से अपने पसंदीदा कॉलेजों का विकल्प चुनेंगे।
3 जुलाई: पहली मेरिट लिस्ट और कॉलेज अलॉटमेंट लिस्ट आधिकारिक वेबसाइट पर जारी होगी।
3 से 9 जुलाई: आवंटित कॉलेजों में सीट कंफर्म करने के लिए छात्रों को 3,000 रुपए की राशि ऑनलाइन जमा करानी होगी।
4 से 10 जुलाई: पहले राउंड के तहत आवंटित कॉलेजों में जाकर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फाइनल दाखिला होगा।
14 से 17 जुलाई: दूसरे राउंड के लिए कॉलेजों का आवंटन होगा, जिसका दाखिला 15 से 18 जुलाई तक चलेगा।
20 जुलाई: राज्य के सभी बीएड कॉलेजों में नए सत्र की नियमित कक्षाएं शुरू हो जाएंगी।
23 से 26 जुलाई: तीसरे राउंड का कॉलेज अलॉटमेंट होगा और इसका दाखिला 24 से 27 जुलाई तक लिया जाएगा।
यदि किसी छात्र को पहली काउंसलिंग में कॉलेज मिलता है और वह सीट रिजर्व करने के बाद वहां दाखिला नहीं लेता है, तो दूसरी काउंसलिंग में फिर से नया कॉलेज बुक करने के लिए उसे दोबारा 3,000 रुपए की फीस देनी होगी।
काउंसलिंग के समय साथ रखने होंगे ये जरूरी डॉक्यूमेंट
दाखिले की प्रक्रिया को बिना किसी रुकावट के पूरा करने के लिए छात्र अपने पास आधार कार्ड, बीएड प्रवेश परीक्षा का एडमिट कार्ड, परीक्षा का रिजल्ट/स्कोरकार्ड, मैट्रिक (10वीं) का अंकपत्र व प्रमाणपत्र, इंटर (12वीं) का अंकपत्र व प्रमाणपत्र, स्नातक का अंकपत्र व प्रमाणपत्र और आरक्षित वर्ग के छात्रों के लिए उनका वैध जाति व श्रेणी प्रमाणपत्र अवश्य तैयार रखें।


