Bihar BEd CET : बिहार बीएड प्रवेश परीक्षा के लिए आवेदन का आज आखिरी मौका, आवेदकों की संख्या 1 लाख पार
Bihar B.Ed Entrance Exam 2026: बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय मुजफ्फरपुर की ओर से सीईटी बिहार बीएड 2026 की प्रवेश परीक्षा की ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया आज, 18 मई 2026 को समाप्त हो रही है।

Bihar CET B.Ed Online Form 2026: बिहार के सरकारी और प्राइवेट बीएड (B.Ed) कॉलेजों में दो वर्षीय बीएड और शिक्षा शास्त्री कोर्स (सत्र 2026-28) में एडमिशन की इच्छा रखने वाले अभ्यर्थियों के लिए आज बेहद महत्वपूर्ण दिन है। राजभवन द्वारा इस वर्ष प्रवेश परीक्षा के लिए नोडल यूनिवर्सिटी बनाए गए बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर बिहार विश्वविद्यालय (BRABU) की ओर से ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया बिना विलंब शुल्क के आज, 18 मई 2026 को समाप्त हो रही है।
अब तक 1 लाख से अधिक आवेदन
इस परीक्षा को लेकर राज्य के युवाओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है। राज्य भर से आए आवेदनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो इस बार संयुक्त प्रवेश परीक्षा (CET-B.Ed. 2026) के लिए रजिस्ट्रेशन कराने वाले अभ्यर्थियों की संख्या एक लाख के आंकड़े को पार कर चुकी है। आवेदन की अंतिम तिथि समाप्त होने के बाद उम्मीदवारों को विलंब शुल्क के साथ फॉर्म भरने के लिए 19 मई से 21 मई 2026 तक का सीमित समय दिया जाएगा, जबकि 22 और 23 मई को फॉर्म में सुधार के लिए पोर्टल खोला जाएगा।
क्या है परीक्षा का सिलेबस और मार्किंग स्कीम?
बिहार बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा पूरी तरह से ऑफलाइन मोड में आयोजित की जाएगी। इसमें ओएमआर (OMR) शीट पर नीले या काले बॉल पेन से उत्तर चिह्नित करने होंगे। परीक्षा की अवधि 2 घंटे (120 मिनट) की होगी, जिसमें कुल 120 बहुविकल्पीय वस्तुनिष्ठ प्रश्न (MCQs) पूछे जाएंगे। प्रत्येक सही उत्तर के लिए 1 अंक निर्धारित है।
परीक्षा के सिलेबस को पांच सेक्शन में विभाजित किया गया है:
सामान्य अंग्रेजी/संस्कृत: इसके अंतर्गत बीएड अभ्यर्थियों के लिए जनरल इंग्लिश कॉम्प्रिहेंशन और शिक्षा शास्त्री के छात्रों के लिए सामान्य संस्कृत से जुड़े 15 प्रश्न (15 अंक) पूछे जाएंगे।
सामान्य हिंदी: व्याकरण, संधि, समास, मुहावरे और गद्यांश पर आधारित 15 प्रश्न (15 अंक) होंगे।
रीजनिंग: न्याय वाक्य, कथन-तर्क और विश्लेषणात्मक क्षमता का परीक्षण करने वाले 25 प्रश्न (25 अंक) शामिल हैं।
जनरल अवेयरनेस: इतिहास, भूगोल, राजनीति, सामान्य विज्ञान और करंट अफेयर्स पर आधारित सर्वाधिक 40 प्रश्न (40 अंक) पूछे जाएंगे।
विद्यालयों में शिक्षण-अधिगम वातावरण : शिक्षक-छात्र संबंध, कक्षा प्रबंधन और शिक्षण विधियों से जुड़े 25 प्रश्न (25 अंक) होंगे।
पासिंग मार्क्स का नियम और निगेटिव मार्किंग
परीक्षा को पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए बीआरए बिहार विश्वविद्यालय ने नियमों को पहले ही स्पष्ट कर दिया है। प्रतियोगिता के इस दौर में छात्रों के लिए सबसे बड़ी राहत की बात यह है कि इस परीक्षा में कोई निगेटिव मार्किंग नहीं होगी। यानी गलत उत्तर देने पर कोई अंक नहीं काटा जाएगा।
काउंसलिंग प्रक्रिया में शामिल होने के लिए विभिन्न श्रेणियों के लिए न्यूनतम क्वालीफाइंग मार्क्स (पासिंग मार्क्स) अलग-अलग है। अनारक्षित (सामान्य) श्रेणी वर्ग के अभ्यर्थियों को परीक्षा पास करने के लिए न्यूनतम 35 प्रतिशत अंक यानी कुल 42 अंक लाना अनिवार्य होगा। आरक्षित एवं विशेष श्रेणियों (SC, ST, BC, EBC, WBC, EWS और दिव्यांग) के उम्मीदवारों के लिए न्यूनतम पासिंग मार्क्स 30 प्रतिशत यानी कुल 36 अंक निर्धारित किए गए हैं।
राज्य नोडल पदाधिकारी के मुताबिक, प्रशासनिक तैयारियां तेज कर दी गई हैं। परीक्षा आगामी 7 जून 2026 (रविवार) को राज्य के 11 प्रमुख शहरों में आयोजित की जाएगी, जिसके लिए 1 जून को एडमिट कार्ड लाइव कर दिए जाएंगे।
लेखक के बारे में
Prachiशॉर्ट बायो: प्राची लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। पिछले 2 वर्षों से वे करियर, शिक्षा और सरकारी नौकरियों से जुड़े विषयों पर लिख रही हैं। मुश्किल खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेषता है। वे 2024 से लाइव हिन्दुस्तान की करियर टीम का हिस्सा हैं।
अनुभव और करियर का सफर
प्राची ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'नन्ही खबर' से की थी, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा। इसके बाद, उन्होंने 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बतौर कंटेंट राइटर काम करते हुए अपनी लेखनी और रिसर्च स्किल्स को निखारा। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने के बाद, वे करियर डेस्क पर सक्रिय हैं और छात्रों के लिए करियर विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, जॉब और प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों को कवर कर रही हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
प्राची ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा किया है। उनकी शैक्षणिक नींव दिल्ली यूनिवर्सिटी से है, जहां से उन्होंने इतिहास में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इतिहास की अच्छी जानकारी होने के कारण, वे आज की खबरों को बेहतर तरीके से समझ और समझा पाती हैं। यही वजह है कि उनके लेखों में जानकारी पूरी तरह सटीक और अधिक भरोसेमंद होती है।
विजन
प्राची का मानना है कि करियर चुनना केवल एक नौकरी पाना नहीं, बल्कि सही दिशा में अपना भविष्य सुरक्षित करना है। उनका उद्देश्य है कि हर छात्र और अभ्यर्थी तक बिना किसी भ्रम के, सटीक और सही समय पर जानकारी पहुंचे। वे पारदर्शिता और विश्वसनीयता को डिजिटल पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।
रुचियां
इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है, जो उनके लेखन में एक नया दृष्टिकोण जोड़ता है।
विशेषज्ञता
बोर्ड परीक्षा अपडेट्स और रिजल्ट एनालिसिस
करियर काउंसलिंग और नए जमाने के कोर्सेज
सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में जॉब अपडेट
एडमिशन प्रक्रिया और कॉम्पिटिटिव एग्जाम गाइडेंस
छात्रों के लिए सॉफ्ट स्किल्स और मोटिवेशनल स्टोरीज
छात्रों के लिए JEE, NEET, UPSC जैसी परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स


