Hindi Newsकरियर न्यूज़best engineering branches high salary career future india
इंजीनियरिंग की ये 5 ब्रांच बना सकती हैं आपका करियर सुपरहिट

इंजीनियरिंग की ये 5 ब्रांच बना सकती हैं आपका करियर सुपरहिट

संक्षेप:

इंजीनियरिंग में करियर बनाने का सपना देख रहे छात्रों के लिए सही ब्रांच का चुनाव बेहद जरूरी है, क्योंकि यही फैसला नौकरी, पैकेज और भविष्य तय करता है।

Dec 15, 2025 06:47 pm ISTHimanshu Tiwari लाइव हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

तेजी से बदलती तकनीक, डिजिटल इंडिया और स्टार्टअप कल्चर के इस दौर में इंजीनियरों की मांग लगातार बढ़ती जा रही है। हर साल देशभर से लाखों छात्र इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर देश-विदेश की बड़ी कंपनियों में शानदार पैकेज पर नौकरी हासिल कर रहे हैं। भारत आज दुनिया के उन देशों में शामिल है, जहां सबसे ज्यादा इंजीनियर तैयार होते हैं। देश में करीब 7 हजार से ज्यादा इंजीनियरिंग कॉलेज और संस्थान हैं, जहां से हर साल बड़ी संख्या में युवा इंजीनियर निकलते हैं। टाटा, इंफोसिस, विप्रो, टीसीएस, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल जैसी दिग्गज कंपनियां भारतीय इंजीनियरों को बड़े पैमाने पर रोजगार देती हैं। ऐसे में सही इंजीनियरिंग ब्रांच का चुनाव करना एक मजबूत और सफल करियर की नींव बन सकता है। आइए जानते हैं ऐसी ही 5 इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन, जिनका भविष्य उज्ज्वल माना जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर इंजीनियरिंग

इलेक्ट्रॉनिक्स और कंप्यूटर इंजीनियरिंग में चिप डिजाइन, कंट्रोल सिस्टम, पावर सिस्टम और सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट की पढ़ाई शामिल होती है। टेलीकॉम, रोबोटिक्स, ऑटोमेशन और आईटी सेक्टर में इसकी जबरदस्त मांग है। सिस्टम कंट्रोल इंजीनियर, सॉफ्टवेयर डेवलपर, इलेक्ट्रॉनिक डिजाइन इंजीनियर, सिस्टम एनालिस्ट और पावर इंजीनियर जैसे विकल्प इस ब्रांच में मिलते हैं। औसतन शुरुआती सैलरी करीब 6.6 लाख रुपये प्रति वर्ष होती है।

सिविल इंजीनियरिंग

सिविल इंजीनियरिंग को बुनियादी ढांचे की रीढ़ कहा जाता है। सड़कें, पुल, बांध, इमारतें, रेलवे और स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट्स इसी क्षेत्र पर निर्भर करते हैं। सरकारी और निजी दोनों क्षेत्रों में सिविल इंजीनियरों की हमेशा जरूरत रहती है। बिल्डिंग कंट्रोल सर्वेयर, कैड टेक्नीशियन, कंसल्टिंग सिविल इंजीनियर, कॉन्ट्रैक्टिंग इंजीनियर और डिजाइन इंजीनियर जैसे करियर विकल्प उपलब्ध हैं। इस ब्रांच में शुरुआती औसत सैलरी करीब 6.6 लाख रुपये प्रति वर्ष मानी जाती है।

कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग

डिजिटल युग में कंप्यूटर साइंस इंजीनियरिंग सबसे ज्यादा मांग वाली ब्रांच बन चुकी है। इसमें सॉफ्टवेयर, एप्लिकेशन, सिस्टम डिजाइन, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा से जुड़ी पढ़ाई होती है। भारत और विदेश की आईटी कंपनियां कंप्यूटर साइंस इंजीनियरों को भारी भरकम पैकेज पर नौकरी देती हैं। डेटा एनालिस्ट, सॉफ्टवेयर डेवलपर, फुल स्टैक डेवलपर, डेटा साइंटिस्ट, साइबर सिक्योरिटी एक्सपर्ट और मशीन लर्निंग इंजीनियर जैसे करियर विकल्प इसमें मौजूद हैं। इस क्षेत्र में सैलरी 25 लाख रुपये सालाना तक पहुंच सकती है।

मैकेनिकल इंजीनियरिंग

मैकेनिकल इंजीनियरिंग को इंजीनियरिंग की सबसे पुरानी और बहुआयामी शाखाओं में गिना जाता है। इस क्षेत्र में मशीनों की डिजाइनिंग, निर्माण और परीक्षण से जुड़ा काम किया जाता है। ऑटोमोबाइल, मैन्युफैक्चरिंग, पावर प्लांट, एयरोस्पेस और माइनिंग सेक्टर में इसकी मांग आज भी बनी हुई है। इस ब्रांच से पढ़ाई करने वाले छात्र माइनिंग इंजीनियर, वाटर इंजीनियर, एयरोस्पेस इंजीनियर, ऑटोमोटिव इंजीनियर, कैड टेक्नीशियन और न्यूक्लियर इंजीनियर जैसे पदों पर काम कर सकते हैं। शुरुआती औसत सैलरी करीब 7.2 लाख रुपये प्रति वर्ष मानी जाती है।

एयरोस्पेस इंजीनियरिंग

अगर किसी को हवाई जहाज, रॉकेट और अंतरिक्ष तकनीक में रुचि है, तो एयरोस्पेस इंजीनियरिंग एक बेहतरीन विकल्प हो सकता है। इस क्षेत्र में विमान और अंतरिक्ष यान की डिजाइनिंग, निर्माण और परीक्षण किया जाता है। इसरो, डीआरडीओ और रक्षा क्षेत्र में इसकी काफी मांग है। एयरक्राफ्ट डिजाइनर, स्पेसक्राफ्ट इंजीनियर, डेटा प्रोसेसिंग मैनेजर और मिलिट्री एयरोस्पेस इंजीनियर जैसे पदों पर काम करने का मौका मिलता है। इस ब्रांच में सैलरी 20 लाख रुपये सालाना तक जा सकती है।

कुल मिलाकर, इंजीनियरिंग में करियर बनाने के लिए सिर्फ कॉलेज नहीं, बल्कि सही ब्रांच का चुनाव सबसे अहम होता है। समय की मांग को समझकर चुनी गई इंजीनियरिंग स्पेशलाइजेशन भविष्य में सफलता और स्थिर करियर का रास्ता खोल सकती है।

Himanshu Tiwari

लेखक के बारे में

Himanshu Tiwari

शॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।

परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।

लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।

शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।

रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।

विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव

और पढ़ें
लेटेस्ट एजुकेशन न्यूज़ अपडेट हिंदी में हिंदुस्तान पर, Hindi News, क्रिकेट न्यूज पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।