
बैंक ऑफ इंडिया में बनिए ऑफिसर, 514 पद खाली, जानिए भर्ती की पूरी जानकारी
बैंक ऑफ इंडिया ने 514 क्रेडिट ऑफिसर पदों पर भर्ती निकाली है। योग्यता, आयु सीमा, वेतन, परीक्षा पैटर्न और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी पढ़ें।
सरकारी बैंक में अधिकारी बनने का सपना देख रहे उम्मीदवारों के लिए अहम खबर है। बैंक ऑफ इंडिया ने क्रेडिट ऑफिसर के कुल 514 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। यह नियुक्तियां मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल II, स्केल III और स्केल IV के अंतर्गत की जाएंगी। योग्य और अनुभवी अभ्यर्थी बैंक की आधिकारिक वेबसाइट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 05 जनवरी 2026 तय की गई है।
ग्रेड स्केल IV में 36 पद, सीनियर प्रोफेशनल्स को मौका
मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल IV के तहत कुल 36 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना अनिवार्य है। इसके साथ बैंकिंग या फाइनेंस में एमबीए/पीजीडीबीएम, संबंधित विषय में पोस्ट ग्रेजुएशन या फिर सीए/सीएफए की योग्यता आवश्यक है। अभ्यर्थी के पास संबंधित क्षेत्र में कम से कम 8 वर्ष का कार्यानुभव होना चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 1,02,300 से 1,20,940 रुपये प्रतिमाह वेतन मिलेगा। आयु सीमा 30 से 40 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।
ग्रेड स्केल III में 60 पद, अनुभव रखने वालों के लिए अवसर
मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल III में कुल 60 पदों पर भर्ती की जाएगी। इसके लिए न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक डिग्री जरूरी है। संबंधित क्षेत्र में कम से कम 5 वर्ष का अनुभव अनिवार्य है। सीए, सीएफए या बैंकिंग व फाइनेंस में एमबीए/पीजीडीबीएम डिग्रीधारकों को वरीयता दी जाएगी। इस ग्रेड में वेतनमान 85,920 से 1,05,280 रुपये प्रतिमाह तय किया गया है। आयु सीमा 28 से 38 वर्ष से कम रखी गई है।
ग्रेड स्केल II में सबसे ज्यादा 418 पद
इस भर्ती में सबसे अधिक पद मिडिल मैनेजमेंट ग्रेड स्केल II के लिए निकाले गए हैं। कुल 418 पदों पर नियुक्ति की जाएगी। उम्मीदवार का किसी भी विषय में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंकों के साथ स्नातक होना जरूरी है। संबंधित क्षेत्र में कम से कम 3 वर्ष का अनुभव मांगा गया है। सीए, सीएफए या बैंकिंग/फाइनेंस में एमबीए डिग्री रखने वाले उम्मीदवारों को प्राथमिकता दी जाएगी। वेतनमान 64,820 से 93,960 रुपये प्रतिमाह रहेगा। आयु सीमा 25 से 35 वर्ष तय की गई है।
आयु सीमा में आरक्षित वर्गों को छूट
अधिकतम आयु सीमा में एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 वर्ष, ओबीसी वर्ग को 3 वर्ष और दिव्यांग उम्मीदवारों को 10 वर्ष की छूट दी जाएगी। आयु की गणना 01 नवंबर 2025 को आधार मानकर की जाएगी।
चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा और इंटरव्यू
उम्मीदवारों का चयन ऑनलाइन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के माध्यम से किया जाएगा। पहले चरण में कंप्यूटर आधारित परीक्षा आयोजित होगी, जिसमें सफल उम्मीदवारों को इंटरव्यू के लिए बुलाया जाएगा।
150 अंकों की सीबीटी परीक्षा का पूरा पैटर्न
कंप्यूटर आधारित परीक्षा कुल 150 अंकों की होगी, जिसमें 150 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा की अवधि 120 मिनट तय की गई है। प्रश्न पत्र में अंग्रेजी भाषा, तर्कशक्ति और मात्रात्मक रूझान से 25 25 प्रश्न होंगे, जबकि व्यावसायिक ज्ञान से 75 प्रश्न पूछे जाएंगे। प्रत्येक गलत उत्तर पर एक चौथाई अंक की निगेटिव मार्किंग लागू होगी।
आवेदन शुल्क और भुगतान का तरीका
सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 850 रुपये रखा गया है। वहीं एससी, एसटी और दिव्यांग उम्मीदवारों को 175 रुपये शुल्क देना होगा। आवेदन शुल्क का भुगतान केवल ऑनलाइन माध्यम से किया जाएगा।
ऑनलाइन आवेदन की पूरी प्रक्रिया जानें
उम्मीदवार बैंक ऑफ इंडिया की आधिकारिक वेबसाइट www.bankofindia.bank.in पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। होमपेज पर ‘Career’ सेक्शन में जाकर भर्ती से संबंधित नोटिफिकेशन खोलना होगा। नोटिफिकेशन को ध्यान से पढ़ने के बाद ‘Apply Online’ लिंक पर क्लिक कर रजिस्ट्रेशन करना होगा। इसके बाद फोटो, हस्ताक्षर और आवश्यक दस्तावेज अपलोड कर आवेदन शुल्क का भुगतान करना होगा। शुल्क जमा होने के बाद ई रसीद और भरे हुए आवेदन फॉर्म का प्रिंट सुरक्षित रखना जरूरी है।
महत्वपूर्ण तिथियां और हेल्पलाइन नंबर
ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 05 जनवरी 2026 है, जबकि आवेदन पत्र का प्रिंट 20 जनवरी 2026 तक निकाला जा सकता है। किसी भी जानकारी या समस्या के लिए उम्मीदवार हेल्पलाइन नंबर 18001031906 पर संपर्क कर सकते हैं।





