
BAMS, BHMS, BUMS : आयुष कोर्सेज की कटऑफ घटाकर खाली सीटें भरने की मांग, NEET स्कोर से होता है दाखिला
एचएमआई के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. ओपी गुप्ता, सचिव डॉ. वीके तिवारी ने मांग की है कि कटऑफ घटाकर खाली आयुष कोर्स सीटों को भरा जाना चाहिए। हर साल इनकी सीटें खाली रह जाती हैं।
पिछले 4-5 सालों से नीट के आधार पर राज्य में आयुष शिक्षा- आयुर्वेद, होमियोपैथी और यूनानी में नामांकन हो रहा है, लेकिन सीटें खाली रह जा रही हैं। जिसका खामियाजा निजी कॉलेज के शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के वेतन पर पड़ता है और कॉलेज बंद होने लगे हैं। नामांकन में कटऑफ अंक घटा दी जाएं तो सीटें भी खाली नहीं रहेंगी न आर्थिक विवशता में कॉलेज बंद होंगे। ये बातें आईएमए सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में एचएमआई के अध्यक्ष डॉ. संजीव कुमार सिंह, उपाध्यक्ष डॉ. ओपी गुप्ता, सचिव डॉ. वीके तिवारी ने कही।
अध्यक्ष ने कहा कि मौजूदा सत्र में होमियोपैथ में 430 में 270, आयुर्वेद में 450 में 148 और यूनानी में 150 में 50 सीटें खाली रह गई हैं। संघ के पदाधिकारियों ने उपेक्षा से उपजी चिंताजनक स्थिति का संज्ञान लेने के लिए राज्यपाल, स्वास्थ्य मंत्री और शिक्षामंत्री से पहल करने का आग्रह किया है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि शैक्षणिक सत्रों में अत्यधिक विलंब, प्रवेश प्रक्रिया की असमानता तथा कटऑफ उच्च होने के कारण बड़ी संख्या में सीटें खाली रहने से छात्रों का शैक्षणिक भविष्य प्रभावित होता है तथा राज्य की स्वास्थ्य सेवा क्षमता भी कमजोर पड़ती है।
एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने कहा कि समय पर निर्णय लेकर राज्यहित, देशहित और छात्रहित में काम कर आर्थिक संकटग्रस्त कॉलेज और शिक्षकेत्तर कर्मचारियों के भविष्य को बचाया जा सकता है।





