

Astha Damele BPSC Success Story: सफलता की राह कभी भी सीधी या आसान नहीं होती, लेकिन जो लोग असफलताओं से घबराने के बजाय अपनी गलतियों से सीखते हैं, मंजिल एक न एक दिन उनके कदम जरूर चूमती है। मध्य प्रदेश की रहने वाली आस्था दमेले की कहानी इस बात को साबित करती है। एक-दो नहीं, बल्कि लगातार 14 प्रतियोगी परीक्षाओं में फेल होने के बावजूद आस्था ने कभी अपना हौसला टूटने नहीं दिया। आखिरकार, बिहार लोक सेवा आयोग (BPSC) की परीक्षा में 23वीं ऑल इंडिया रैंक हासिल कर वे प्रशासनिक सेवा अधिकारी (SDM) बन गईं।
आस्था मूल रूप से मध्य प्रदेश के बुंदेलखंड क्षेत्र की रहने वाली हैं। उनके पिता एक व्यवसायी हैं। पलेरा में उच्च शिक्षा के सीमित संसाधन होने के कारण, उनकी मां ने उन्हें सातवीं कक्षा के दौरान ही पढ़ाई के लिए पास के जिले छतरपुर के महर्षि मंदिर स्कूल भेज दिया। कम उम्र में परिवार से दूर रहकर पढ़ाई करना आसान नहीं था, लेकिन इसी फैसले ने उन्हें आत्मनिर्भर और मजबूत बनाया। उन्होंने सीबीएसई बोर्ड से अपनी 10वीं और 12वीं की पढ़ाई पूरी की।
इसके बाद उन्होंने देश के जाने-माने संस्थान दिल्ली विश्वविद्यालय (DU) के रामजस कॉलेज से बीए (BA) की डिग्री हासिल की और बाद में इग्नू (IGNOU) से अपनी पोस्ट ग्रेजुएशन पूरी की। कॉलेज के दिनों से ही उनके मन में देश सेवा करने का सपना था, इसलिए उन्होंने अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई के साथ ही सिविल सेवा की तैयारी शुरू कर दी थी।
आस्था के लिए प्रतियोगी परीक्षाओं का सफर संघर्षों से भरा रहा। उन्होंने यूपीएससी (UPSC), मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC), उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (UPPSC) और राजस्थान पीएससी समेत कुल 21 प्रतियोगी परीक्षाएं दीं। इनमें से 14 बार उन्हें असफलता का सामना करना पड़ा।
यूपीएससी के तीन प्रयासों में भी उन्हें सफलता नहीं मिली और कई परीक्षाओं में तो वे बेहद कम अंकों के अंतर से पीछे रह गईं। हालांकि, इन झटकों से निराश होने के बजाय उन्होंने अपनी रणनीतियों को सुधारा और अपनी कमियों पर काम किया।
आस्था का मानना है कि परीक्षा पास करने के लिए ज्यादा किताबें पढ़ने के बजाय सीमित संसाधनों को बार-बार पढ़ना और सही टाइम मैनेजमेंट बेहद जरूरी है। BPSC की तैयारी के दौरान उन्होंने इन रणनीतियों को अपनाया:
टारगेट बेस्ड पढ़ाई: वे प्रतिदिन का लक्ष्य तय करती थीं और रात को ही अगले दिन का स्टडी प्लान तैयार कर लेती थीं।
PYQs का अभ्यास: वे पिछले सालों के प्रश्न पत्रों को रोजाना हल करती थीं।
डिजिटल संसाधनों का उपयोग: बस से यात्रा करते समय या खाली समय में वे ऑनलाइन वीडियो और नोट्स से पढ़ाई करती थीं।
स्ट्रेस मैनेजमेंट: लगातार मिल रही हार से मिलने वाले मानसिक तनाव को दूर करने के लिए उन्होंने योग और मेडिटेशन का सहारा लिया।
जब उन्होंने BPSC परीक्षा दी, तो उनका पूरा ध्यान केवल इस अवसर को भुनाने पर था। उनकी वर्षों की लगन और धैर्य रंग लाया और BPSC परीक्षा के परिणाम में उन्होंने 23वीं रैंक हासिल कर SDM का पद प्राप्त किया।
मध्य प्रदेश के एक छोटे से कस्बे से निकलकर बिहार में SDM बनने तक का यह सफर हर छात्र के लिए एक संदेश है— "सपनों के बोझ तले दबने के बजाय अपनी मेहनत पर विश्वास रखें, असफलताएं आपको केवल आपकी कमियां बताती हैं, हार मानना कभी विकल्प नहीं होना चाहिए।"
शॉर्ट बायो: प्राची लाइव हिन्दुस्तान (हिन्दुस्तान टाइम्स ग्रुप) में कंटेंट प्रोड्यूसर हैं। पिछले 2 वर्षों से वे करियर, शिक्षा और सरकारी नौकरियों से जुड़े विषयों पर लिख रही हैं। मुश्किल खबरों को आसान भाषा में पाठकों तक पहुंचाना उनकी विशेषता है। वे 2024 से लाइव हिन्दुस्तान की करियर टीम का हिस्सा हैं।
अनुभव और करियर का सफर
प्राची ने अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत 'नन्ही खबर' से की थी, जहां उन्होंने जमीनी स्तर पर खबरों के महत्व को समझा। इसके बाद, उन्होंने 'सी.वाई. फ्यूचर लिमिटेड' और 'कुटुंब' जैसे प्लेटफॉर्म्स पर बतौर कंटेंट राइटर काम करते हुए अपनी लेखनी और रिसर्च स्किल्स को निखारा। लाइव हिन्दुस्तान से जुड़ने के बाद, वे करियर डेस्क पर सक्रिय हैं और छात्रों के लिए करियर विकल्पों, बोर्ड परीक्षाओं, जॉब और प्रतियोगी परीक्षाओं की बारीकियों को कवर कर रही हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
प्राची ने देश के प्रतिष्ठित भारतीय जन संचार संस्थान (IIMC) से इंग्लिश जर्नलिज्म में पीजी डिप्लोमा किया है। उनकी शैक्षणिक नींव दिल्ली यूनिवर्सिटी से है, जहां से उन्होंने इतिहास में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की। इतिहास की अच्छी जानकारी होने के कारण, वे आज की खबरों को बेहतर तरीके से समझ और समझा पाती हैं। यही वजह है कि उनके लेखों में जानकारी पूरी तरह सटीक और अधिक भरोसेमंद होती है।
विजन
प्राची का मानना है कि करियर चुनना केवल एक नौकरी पाना नहीं, बल्कि सही दिशा में अपना भविष्य सुरक्षित करना है। उनका उद्देश्य है कि हर छात्र और अभ्यर्थी तक बिना किसी भ्रम के, सटीक और सही समय पर जानकारी पहुंचे। वे पारदर्शिता और विश्वसनीयता को डिजिटल पत्रकारिता की सबसे बड़ी ताकत मानती हैं।
रुचियां
इतिहास की समझ और पत्रकारिता के जुनून के साथ, प्राची को खाली समय में उपन्यास पढ़ना और विश्व सिनेमा देखना पसंद है, जो उनके लेखन में एक नया दृष्टिकोण जोड़ता है।
विशेषज्ञता
बोर्ड परीक्षा अपडेट्स और रिजल्ट एनालिसिस
करियर काउंसलिंग और नए जमाने के कोर्सेज
सरकारी और प्राइवेट सेक्टर में जॉब अपडेट
एडमिशन प्रक्रिया और कॉम्पिटिटिव एग्जाम गाइडेंस
छात्रों के लिए सॉफ्ट स्किल्स और मोटिवेशनल स्टोरीज
छात्रों के लिए JEE, NEET, UPSC जैसी परीक्षा की तैयारी के लिए टिप्स