
Army Agniveer Result 2025: इंडियन आर्मी अग्निवीर रिजल्ट जारी, जानें क्या है आगे की प्रक्रिया
संक्षेप: Indian Army Agniveer CEE 2025 Result: इंडियन आर्मी अग्निवीर सीईई रिजल्ट 2025 जारी हो गया है। अगर आप परीक्षा में उत्तीर्ण हुए है तो अभी रिजल्ट के बाद की आगे की पूरी प्रक्रिया जान लीजिए।
Join Indian Army Agniveer Result 2025: इंडियन आर्मी अग्निवीर सीईई रिजल्ट 2025 जारी हो गया है। अगर आप परीक्षा में शामिल हुए थे तो आप अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट joinindiannavy.gov.in पर जाकर चेक कर सकते हैं। रिजल्ट चेक करने के लिए उम्मीदवारों को रोल नंबर की जरूरत पड़ेगी। यह परीक्षा 30 जून से 10 जुलाई 2025 तक आयोजित की गई थी। अगर आप परीक्षा में उत्तीर्ण हुए है तो अभी रिजल्ट के बाद की आगे की पूरी प्रक्रिया जान लीजिए।

लिखित परीक्षा में पास अभ्यर्थियों को फिजिकल टेस्ट के लिए बुलाया जाएगा। अग्निवीर भर्ती के तहत आयोजित फिजिकल टेस्ट में उम्मीदवारों को 1.6 किमी दौड़ और पुल-अप्स के आधार पर चार ग्रुप में बांटा गया है, जिनमें अंकों का वितरण अलग-अलग है। इसके अलावा 9 फीट लंबी कूद और जिग-जैग बैलेंस टेस्ट केवल क्वालिफाइंग प्रकृति के होंगे।
अग्निवीर भर्ती परीक्षा के जरिए जनरल ड्यूटी (जीडी), टेक्निकल, क्लर्क व स्टोर कीपर टेक्निकल, ट्रेडसमैन, सैनिक फार्मा, सैनिक तकनीकी नर्सिंग सहायक, वोमेन पुलिस के पदों पर भर्ती होगी। इसके अलावा हवलदार एजुकेशन, हवलदार सर्वेयर ऑटोमेटेड कार्टोग्राफर, जेसीओ कैटरिंग, जेसीओ रिलिजियस टीचर के पदों पर भी बहाली की जाएगी।
इस बार 1600 मीटर की रेस की कैटेगरी भी चार कर दी गई है। इसी के अनुसार अभ्यर्थी अलग-अलग पदों के लिए चुने जाएंगे। अग्निवीर भर्ती में दौड़ के लिए अभ्यर्थियों को आधे मिनट का अतिरिक्त समय मिलेगा। यह इसलिए किया गया है कि तकनीशियन, ट्रेड के दो वर्ग और ऑफिस असिस्टेंट या स्टोर कीपर जैसे पदों के लिए काबिल अभ्यर्थी बाहर न हो सकें।
ग्रुप 1- ग्रुप-1 के तहत साढ़े 5 मिनट में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके लिए 60 मार्क्स दिए जाएंगे। 10 पुल अप्स लगाने होंगे जो 40 मार्क्स के होंगे।
ग्रुप 2- ग्रुप-2 के तहत 5 मिनट 45 सेकेंड में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके 48 मार्क्स होंगे। 9 बार पुल अप्स लगाने होंगे जिसके लिए 33 मार्क्स होंगे।
ग्रुप 3- ग्रुप-3 के तहत 6 मिनट में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके 36 मार्क्स होंगे। 8 बार पुल अप्स लगाने होंगे जिसके लिए 27 मार्क्स होंगे।
ग्रुप 4- ग्रुप-4 के तहत 6 मिनट 15 सेकेंड में 1.6 किमी की दौड़ लगानी होगी। इसके 24 मार्क्स होंगे। 7 बार पुल अप्स लगाने होंगे जिसके लिए 21 मार्क्स होंगे। 6 बार पुल अप्स लगाने वाले को 16 मार्क्स मिलेंगे।





