10वीं-12वीं से लेकर ग्रेजुएट तक हो जाएं खुश, 716 सरकारी नौकरियों की बंपर भर्ती
अंडमान और निकोबार प्रशासन ने CHSL भर्ती 2026 के तहत 716 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी किया है। 10वीं, 12वीं, आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएट उम्मीदवार 15 जून से 5 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकेंगे।

Andaman Nicobar CHSL Recruitment 2026 : अगर आप सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे हैं और लंबे समय से किसी बड़ी भर्ती का इंतजार कर रहे थे, तो आपके लिए अच्छी खबर है। अंडमान और निकोबार प्रशासन ने संयुक्त उच्चतर माध्यमिक स्तर (सीएचएसएल) भर्ती 2026 का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए अलग-अलग विभागों में कुल 716 पद भरे जाएंगे। खास बात यह है कि इसमें 10वीं पास, 12वीं पास, आईटीआई, डिप्लोमा और ग्रेजुएशन कर चुके उम्मीदवारों के लिए भी अवसर मौजूद हैं।
किन-किन पदों पर होगी भर्ती?
जारी किए गए नोटिफिकेशन के मुताबिक, इस भर्ती अभियान के तहत 38 अलग-अलग पदों को शामिल किया गया है। इनमें लोअर ग्रेड क्लर्क, लोअर डिवीजन क्लर्क, स्टेनोग्राफर, फॉरेस्टर, पटवारी, विलेज लेवल वर्कर, ग्राम सेविका, डिपो क्लर्क, स्टोरकीपर, टैली क्लर्क, मरीन रेडियो ऑपरेटर, आईटी एनालिस्ट और कंप्यूटर असिस्टेंट जैसे पद प्रमुख हैं। खास बात है कि सबसे ज्यादा 426 पद लोअर ग्रेड क्लर्क के लिए रखे गए हैं। इसके अलावा फॉरेस्टर के 36 और स्टेनोग्राफर (OG) के 33 पद भी शामिल हैं।
आवेदन कब से शुरू होंगे?
इस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 15 जून 2026 को दोपहर 12 बजे से शुरू होगी। इच्छुक उम्मीदवार 5 जुलाई 2026 की मध्यरात्रि तक आवेदन कर सकेंगे। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से ही स्वीकार किए जाएंगे। ऐसे में जो उम्मीदवार इन भर्तियों के लिए इच्छुक हैं वे आखिरी तारीख का इंतजार करने के बजाय समय रहते आवेदन पूरा कर लें।
कौन कर सकता है आवेदन?
अलग-अलग पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता अलग निर्धारित की गई है। कुछ पदों के लिए 10वीं और आईटीआई योग्यता मांगी गई है, जबकि कई पदों के लिए 12वीं पास होना जरूरी है। तकनीकी और आईटी से जुड़े पदों के लिए डिप्लोमा, कंप्यूटर कोर्स या उच्च योग्यता भी मांगी गई है। कई पदों पर टाइपिंग टेस्ट, शॉर्टहैंड, डेटा एंट्री स्पीड या विशेष तकनीकी दक्षता भी जरूरी होगी। इसके लिए आपको नोटिफिकेशन के जरिए पूरी डिटेल देखनी होगी।
उम्र सीमा क्या रखी गई है?
ग्रुप C पदों के लिए पुरुष उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सामान्य रूप से 33 वर्ष और महिला उम्मीदवारों की 38 वर्ष निर्धारित की गई है। वहीं ग्रुप B (नॉन गजेटेड) पदों के लिए अधिकतम आयु 30 वर्ष रखी गई है। ओबीसी, एसटी, दिव्यांग और भूतपूर्व सैनिक उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट मिलेगी।
चयन प्रक्रिया कैसे होगी?
उम्मीदवारों का चयन दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में टैबलेट आधारित टेस्ट (TBT) आयोजित होगा। इस परीक्षा में अंग्रेजी, सामान्य बुद्धिमत्ता, गणित और सामान्य जागरूकता से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। परीक्षा में कुल 200 प्रश्न होंगे और प्रत्येक प्रश्न एक अंक का होगा। गलत उत्तर देने पर 0.25 अंक की नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी। पहले चरण में सफल होने वाले उम्मीदवारों को दूसरे चरण में स्किल टेस्ट, टाइपिंग टेस्ट, ट्रेड टेस्ट, फिजिकल टेस्ट या अन्य जरूरी परीक्षणों से गुजरना होगा। हालांकि यह चरण केवल क्वालिफाइंग प्रकृति का होगा।
आवेदन शुल्क कितना है?
जारी किए नोटिफिकेशन की माने तो सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के पुरुष उम्मीदवारों को 100 रुपये आवेदन शुल्क देना होगा। वहीं महिला उम्मीदवारों, अनुसूचित जनजाति (ST) और दिव्यांग उम्मीदवारों को शुल्क से पूरी तरह छूट दी गई है।
आवेदन करते समय किन बातों का रखें ध्यान?
उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान सही मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज करनी होगी क्योंकि आगे की सारी जानकारी इसी माध्यम से भेजी जाएगी। आवेदन जमा होने के बाद किसी भी तरह का संशोधन स्वीकार नहीं किया जाएगा। भर्ती से जुड़ी सभी नई सूचनाएं और परीक्षा संबंधी अपडेट केवल आधिकारिक वेबसाइट पर जारी किए जाएंगे। इसलिए उम्मीदवारों को नियमित रूप से वेबसाइट देखते रहने की सलाह दी गई है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


