AIIMS Vacancy 2026: एम्स जोधपुर में प्रोफेसर बनने का सुनहरा अवसर, 190 पदों पर निकली भर्ती!
AIIMS Jodhpur Vacancy 2026: एम्स जोधपुर ने प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर समेत फैकल्टी के 190 पदों पर भर्ती निकाली है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 सितंबर 2026 तक आवेदन कर सकते हैं।

AIIMS Jodhpur Faculty Recruitment 2026: मेडिकल के क्षेत्र में अपना करियर बनाने का सपना देख रहे युवाओं और डॉक्टरों के लिए एक शानदार अवसर सामने आया है। ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS) जोधपुर ने ग्रुप 'ए' फैकल्टी के तहत प्रोफेसर, एडिशनल प्रोफेसर, एसोसिएट प्रोफेसर और असिस्टेंट प्रोफेसर के पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए हैं।
एम्स द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, इस भर्ती अभियान के माध्यम से कुल 190 रिक्त पदों को भरा जाएगा। आवोदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार 12 सितंबर 2026 को शाम 5:00 बजे तक एम्स जोधपुर की आधिकारिक वेबसाइट aiimsjodhpur.edu.in पर जाकर अपना फॉर्म जमा कर सकते हैं।
पदों की डिटेल्स और सैलरी
प्रोफेसर (34 पद): प्रतिमाह 1,68,900 रुपये मूल वेतन मिलेगा।
एडिशनल प्रोफेसर (17 पद): प्रतिमाह 1,48,200 रुपये मूल वेतन मिलेगा।
एसोसिएट प्रोफेसर (26 पद): प्रतिमाह 1,38,300 रुपये मूल वेतन मिलेगा।
असिस्टेंट प्रोफेसर (113 पद): प्रतिमाह 1,01,500 रुपये मूल वेतन मिलेगा।
मूल वेतन के अतिरिक्त अभ्यर्थियों को नियमानुसार महंगाई भत्ता और एनपीए जैसे अन्य भत्ते भी दिए जाएंगे।
शैक्षणिक योग्यता
इन पदों पर आवेदन करने के लिए अभ्यर्थियों के पास भारत के किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में एमडी (MD), एमएस (MS), डीएम (DM) या एम.सीएच (M.Ch) जैसी मेडिकल डिग्री या निर्धारित योग्यता होनी चाहिए। इसके साथ ही अभ्यर्थियों के पास संबंधित क्षेत्र में कुछ वर्षों का टीचिंग या रिसर्च का अनुभव होना अनिवार्य है।
आयु सीमा
प्रोफेसर और एडिशनल प्रोफेसर के लिए अधिकतम आयु 58 वर्ष तय की गई है। एसोसिएट और असिस्टेंट प्रोफेसर के लिए अधिकतम आयु 50 वर्ष तय की गई है। आयु सीमा की गणना आवेदन की अंतिम तिथि 12 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
आवेदन शुल्क
सामान्य (UR), ओबीसी (OBC) और ईडब्ल्यूएस (EWS) वर्ग के अभ्यर्थियों के लिए रजिस्ट्रेशन फीस 3,000 रुपये निर्धारित की गई है। वहीं एससी (SC), एसटी (ST), महिला और दिव्यांग (PwBD) अभ्यर्थियों के लिए आवेदन शुल्क 200 रुपये रखा गया है।
आवेदन कैसे करें?
आवेदन करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एम्स जोधपुर की आधिकारिक वेबसाइट www.aiimsjodhpur.edu.in पर जाएं। होमपेज पर रिक्रूटमेंट/ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन सेक्शन पर क्लिक करें। इसके बाद मांगी गई सभी जानकारी ध्यान से भरें, अपने आवश्यक शैक्षणिक डॉक्यूमेंट, फोटो और सिग्नेचर अपलोड करें। अंत में आवेदन शुल्क का भुगतान कर फॉर्म सबमिट करें और उसका एक प्रिंटआउट निकालकर सुरक्षित रख लें।


