अग्निवीर भर्ती में हैरान करने वाला 'जुगाड़', लंबाई बढ़ाने के लिए सिर पर डंडे मार रहे युवा
रुड़की में चल रही अग्निवीर सेना भर्ती रैली में तय लंबाई हासिल करने के लिए अभ्यर्थी सिर पर लाठी मारकर सूजन लाने जैसा खतरनाक तरीका अपना रहे हैं। सेना के अधिकारियों ने इसे गंभीर चेतावनी दी है।

Agniveer Army Rally: भारतीय सेना में शामिल होकर देश सेवा करने का जज्बा युवाओं के सिर चढ़कर बोल रहा है, लेकिन कभी-कभी यही जुनून और छंटनी का खौफ अभ्यर्थियों को खतरनाक मोड़ पर ला खड़ा करता है। उत्तराखंड के रुड़की में आयोजित हो रही अग्निवीर भर्ती रैली के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां सेना में निर्धारित शारीरिक मापदंड (हाइट) को पूरा करने के लिए कुछ युवा अपनी जान जोखिम में डालकर सिर पर लाठी-डंडों से वार कर रहे हैं, ताकि सिर पर सूजन आ जाए और नाप के समय उनकी लंबाई कुछ सेंटीमीटर बढ़ जाए।
5 से 23 अक्टूबर तक रुड़की में चल रही है भर्ती रैली
रुड़की में बीते 5 अक्टूबर से अग्निवीर भर्ती रैली का आयोजन किया जा रहा है, जो आने वाली 23 अक्टूबर तक जारी रहेगी। इस भर्ती में उत्तराखंड के साथ-साथ उत्तर प्रदेश के हजारों युवा हिस्सा ले रहे हैं। अभ्यर्थी कड़ी धूप में पसीना बहाकर फिजिकल फिटनेस और अन्य कसौटियों को पार करने में जी-जान से जुटे हैं। हालांकि, जिन युवाओं की लंबाई मानक से थोड़ी कम पड़ रही है, उनके मन में बाहर होने का डर इतना गहरा गया है कि वे सही-गलत का फर्क भूलकर घातक हथकंडे अपना रहे हैं।
यूट्यूब के फर्जी नुस्खे और युवाओं की मजबूरी
सिर पर चोट मारकर आए युवाओं में शामिल उत्तर प्रदेश के एक युवा ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि यूट्यूब पर उसने लंबाई बढ़ाने का यह तरीका देखा था। दो बार सेना भर्ती में कम लंबाई के कारण बाहर हो चुके उत्तर प्रदेश के ही एक युवा ने बताया कि इस बार वह हर हाल में भर्ती होना चाहता था। इसके लिए यह तरीका निकाला। सिर पर स्केल रखकर लंबाई नापी जाती है। अभ्यर्थियों का मानना है कि जब सिर पर स्केल रखकर ऊंचाई मापी जाती है, तो सूजन के कारण 1-2 सेंटीमीटर का फायदा मिल सकता है।
सेना भर्ती निदेशक ने की पुष्टि, जताई चिंता
सेना भर्ती कार्यालय लैंसडौन के निदेशक कर्नल रंजीत सिंह पंवार ने बताया कि शारीरिक माप के दौरान इस तरह के मामले सामने आ रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि कई बार सिर पर बहुत लंबे-घने बाल रखने वाले या सूजन वाले अभ्यर्थियों की लंबाई को लेकर तुरंत संदेह हो जाता है।
चिकित्सकों और सेना के अधिकारियों ने अभ्यर्थियों को साफ चेतावनी दी है कि सिर पर लाठी-डंडों से वार करने से कोई स्थायी लंबाई नहीं बढ़ती, बल्कि इससे क्रेनियल हैमरेज, अंदरूनी ब्लीडिंग और सिर में गंभीर चोट लग सकती है जो जीवन भर के लिए अपाहिज बना सकती है। भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और सटीक उपकरणों से होती है, इसलिए किसी भी गलतफहमी या फर्जी नुस्खों के चक्कर में अपनी सेहत से खिलवाड़ न करें।


