BPSC TRE 4 के बाद बिहार में निकलेगी एक और शिक्षक भर्ती, 2 विषयों में योग्य टीचरों की कमी, शिक्षा मंत्री ने दी जानकारी
बीपीएससी टीआरई 4.0 के बाद बिहार के स्कूलों में पीटीआई और म्यूजिक टीचरों की भर्ती होगी। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को विधानपरिषद की पहली पाली में यह जानकारी दी।

बिहार के स्कूलों में शारीरिक और संगीत (म्यूजिक) शिक्षकों की बहाली टीआरई-4 के बाद होगी। शिक्षा मंत्री सुनील कुमार ने शुक्रवार को विधानपरिषद की पहली पाली में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अभी पठन-पाठन के विषयों के शिक्षकों की बहाली चल रही है। इसके बाद इन विषयों के शिक्षकों की बहाली होगी। राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह के सवाल पर कहा कि गणित, भौतिकी सहित कई अन्य विषयों में अब भी शिक्षकों की कमी है। योग्य शिक्षक नहीं मिल रहे हैं। इसलिए सरकार की प्राथमिकता पहले पठन-पाठन वाले विषयों के शिक्षकों की कमी पूरी करने की है। विषयवार शिक्षकों पर ध्यान दिया जा रहा है। जब इन विषयों के शिक्षकों की आवश्यकता पूरी हो जाएगी, तब शारीरिक और संगीत शिक्षकों की भर्ती शुरू होगी।
शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरेक स्कूल में 500 विद्यार्थियों पर एक शारीरिक शिक्षक की नियुक्ति की जाएगी। राजद एमएलसी अजय कुमार सिंह ने शारीरिक शिक्षक को भी महत्वपूर्ण मानते हुए इनकी बहाली जल्द करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत कक्षा 12 तक के स्कूलों के लिए शारीरिक शिक्षक अनिवार्य किए गए हैं।
विधानपरिषद में भाजपा एमएलसी जीवन कुमार ने दस वर्ष से ज्यादा अनुभव वाले विशिष्ट शिक्षकों की प्रोन्नति का मामला उठाया। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि आठ वर्ष पुराने शिक्षकों की प्रोन्नति का प्रावधान है। हालांकि रिक्ति उपलब्ध होने पर ही प्रोन्नति दी जानी है। इसलिए कालबद्ध प्रोन्नति का कोई प्रस्ताव नहीं है। विभाग की मंशा है कि ऐसे शिक्षकों को वित्तीय लाभ देय होगा, वह दिया जाएगा।
स्कूल-कॉलेजों की भूमि का रिकॉर्ड तैयार होगा
राज्य के स्कूलों, कॉलेजों और विश्वविद्यालयों के पास कितनी जमीन है, इसका ब्योरा तैयार होगा। शिक्षा मंत्री ने बताया कि इसके लिए विभाग की ओर से हर जिले में अधिकारी की तैनाती की जा रही है। राजस्व विभाग के सेवानिवृत्त अधिकारी को बहाल किया जा रहा है। जल्द सभी स्कूल-कॉलेजों का रिकॉर्ड विभाग के पास रहेगा। कांग्रेस एमएलसी मदन मोहन झा ने चहारदीवारी नहीं होने से असमाजिक तत्वों के अतिक्रमण का मुद्दा उठाया था।
जिन प्रखंडों में कॉलेज नहीं, वहां भी खोले जाएंगे
शिक्षा मंत्री ने विधानपरिषद में कहा कि राज्य के उन प्रखंडों में डिग्री कॉलेज खोले जा रहे हैं, जहां अभी कोई कॉलेज नहीं है। ऐसे 213 प्रखंड चिह्नित किए गए हैं।विधान परिषद में जीवन कुमार ने प्रधानाध्यपकों के अपने जिले से 100-500 किमी दूर स्कूलों में पदस्थापित करने और इसके कारण आ रही दिक्कतों को लेकर ध्यानाकर्षण लाया। इस पर शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्राथमिक शिक्षकों की तुलना में प्रधानाध्यापकों की संख्या कम है।
फिर भी यथासंभव कोशिश की जाएगी। पहले भी प्रधानाध्यापकों का तबादला हुआ है। सौ प्रतिशत संतुष्टि हो जाए, यह मुश्किल है, 70 प्रतिशत संतुष्टि का स्तर है। नीरज कुमार ने पटना विश्वविद्यालय में छात्रवृत्ति कोष का लाभ छात्रों को न मिल पाने का मामला उठाया, इस पर मंत्री ने कहा कि पटना विश्वविद्यालय के प्रभारी कुलपति से जवाब मांगा गया है। समय पर जवाब न देने पर संबंधित पर कार्रवाई के लिए भी पत्र लिखा गया है।
लेखक के बारे में
Pankaj Vijayपंकज विजय| वरिष्ठ पत्रकार
शॉर्ट बायो पंकज विजय एक वरिष्ठ डिजिटल पत्रकार हैं, जिनके पास प्रिंट और डिजिटल मीडिया में 15 से अधिक वर्षों का अनुभव है। वर्तमान में livehindustan.com में असिस्टेंट एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। वे करियर, स्कूल व हायर एजुकेशन, जॉब्स से जुड़े विषयों पर खबर लेखन और विश्लेषण में विशेषज्ञता रखते हैं। 9 वर्षों से यहां इसी भूमिका में हैं। सरकारी भर्तियों, बोर्ड व एंट्रेंस एग्जाम, प्रतियोगी परीक्षाओं, उनके परिणाम, बदलते दौर में करियर की नई राहों, कोर्स, एडमिशन एवं नए जमाने के रोजगार के लिए जरूरी स्किल्स से जुड़ी अपडेट तेजी से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं।
15 से अधिक सालों का अनुभव
पंकज विजय ने अपने करियर की शुरुआत प्रिंट मीडिया से की। अमर उजाला समाचार पत्र में रिसर्च, संपादकीय और करियर एजुकेशन जॉब्स डेस्क पर काम किया। यहां उन्हें फीचर लेखन व रिपोर्टिंग का भी मौका मिला। इसके बाद उन्होंने आज तक डिजिटल में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभाईं। आज तक वेबसाइट पर राष्ट्रीय, अंतर्राष्ट्रीय, अपराध और एजुकेशन व रोजगार जगत से जुड़ी खबरें लिखीं। इसके बाद एनडीटीवी ऑनलाइन में एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर इस विषय में अपनी समझ को और व्यापक बनाया। एनडीटीवी की पारी के बाद वे लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े और बीते 9 वर्षों से करियर एजुकेशन जॉब्स सेक्शन पर काम कर रहे हैं।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि
भारतीय जनसंचार संस्थान (आईआईएमसी), दिल्ली से हिन्दी पत्रकारिता में पीजी डिप्लोमा, गुरु जंभेश्वर यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में एमए व दिल्ली यूनिवर्सिटी से इतिहास में बीए ऑनर्स किया है। एनसीसी सी सर्टिफिकेट होल्डर हैं जिसके चलते उन्हें रक्षा क्षेत्र जैसे पुलिस व सेनाओं की भर्तियों की बेहतर समझ है।
विजन
तमाम तरह के करियर, स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, भर्तियों, प्रतियोगी परीक्षाओं, एंट्रेंस एग्जाम, नौकरी के लिए जरूरी स्किल्स एवं बेरोजगार युवाओं के मुद्दों को लेकर पंकज के पास गहरी समझ है। उन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा के कई टॉपरों के इंटरव्यू किए हैं। उनकी लिखी सक्सेस स्टोरीज युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को प्रेरित करती रही हैं। पंकज का मानना है कि विश्वसनीयता, पारदर्शिता और तथ्यपरकता ही पत्रकारिता की असली ताकत है। उनका लक्ष्य स्कूली छात्रों व बेहतर करियर एवं सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं को आसान भाषा में सटीक, तेज और भरोसेमंद जानकारी देना है।
विशेषज्ञता
तमाम तरह की सरकारी भर्तियां, परीक्षाएं व उनके परिणाम
स्कूल एजुकेशन, हायर एजुकेशन, कोर्स, एडमिशन से जुड़े विषय
बोर्ड रिजल्ट लाइव कवरेज और शिक्षा एवं रोजगार जगत संबंधी ब्रेकिंग
स्कूलिंग के बाद करियर की राहें
यूपीएससी, जेईई मेन व नीट जैसी बड़ी परीक्षाओं के टॉपरों के इंटरव्यू
छात्रों के ज्ञान के लिए रिसर्च बेस्ड और एक्सप्लेनर स्टोरी



