नीट में सिर्फ 177 अंक पर MBBS सीट, BDS फुल, खाली बचीं 1039 सीटों पर मौका आज से
NEET UG MBBS Admission : राजस्थान नीट यूजी थर्ड राउंड में सिर्फ 177 अंक पर एमबीबीएस की रिजर्व सीट मिली। प्राइवेट में खाली बचीं 1039 सीटों पर मौका आज से शुरू होगा।

राजस्थान में खाली बचीं एमबीबीएस सीटों पर दाखिले के लिए नीट यूजी स्ट्रे राउंड काउंसलिंग के लिए रजिस्ट्रेशन आज से शुरू होगा। अभ्यर्थी ug.neetrajasthan.com/home पर जाकर आवेदन कर सकेंगे। ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा कराने की अंतिम तिथि 17 अक्टूबर 2026 है। ऑनलाइन चॉइस फिलिंग 19 अक्टूबर से 21 अक्टूबर के बीच होगी। प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट रिजल्ट 22 अक्टूबर 2026 को आएगा। नीट यूजी काउंसलिंग राउंड 1, 2 और 3 में भरी गई पुरानी चॉइस निरस्त कर दी गई हैं। स्ट्रे राउंड में भाग लेने के लिए सभी पात्र अभ्यर्थियों को नई चॉइस भरना अनिवार्य है। ध्यान रहे कि स्ट्रे वैकेंसी राउंड में आवंटित सीट पर जॉइन न करने की स्थिति में जमा सिक्योरिटी राशि जब्त कर ली जाएगी।
प्राइवेट में एमबीबीएस की 1039 सीटें खाली, बीडीएस फुल
राजस्थान में नीट यूजी काउंसलिंग के तीसरे राउंड के बाद प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 1039 सीटें (13.8 प्रतिशत) खाली रह गई हैं। एमबीबीएस की कुल 7533 सीटों में से 6494 (86.2 प्रतिशत) सीटें आवंटित हुई। हालांकि राज्य के सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों की एमबीबीएस सीटों पर दाखिले हो चुके हैं। हालांकि सीटें खाली रहने का मतलब यह नहीं है कि छात्रों को आसानी से दाखिला मिल जाएगा। एडमिशन बोर्ड ने स्पष्ट किया कि आरक्षण नियमों, मेरिट मानदंडों और अदालतों के निर्देशों का सख्ती से पालन किए जाने के कारण सीटें खाली रह गईं। राजस्थान के 18 निजी एमबीबीएस मेडिकल कॉलेजों में से केवल तीन ही तीन राउंड के बाद एमबीबीएस की सभी सीटें भर पाए। बाकी कॉलेजों में सीटें खाली हैं। वहीं बीडीएस की 1525 सीटें भर चुकी है। पहली बार है जब नीट यूजी 2026 की काउंसलिंग के दौरान बीडीएस की सभी सीटें भर चुकी है।
177 अंक पर मिली एमबीबीएस सीट
राउंड 3 में सबसे अंतिम पायदान पर मौजूद नीट यूजी ऑल इंडिया रैंक 1194909 वाले विद्यार्थी को जयपुर के प्राइवेट मेडिकल संस्थान जेएनयू इंस्टीट्यूट फॉर मेडिकल साइंसेज एंड रिसर्च सेंटर जयपुर में एमबीबीएस की सीट आवंटित हुई है। इस विद्यार्थी ने नीट यूजी-2026 में 720 में से 177 अंक (24.5%) हासिल किए थे। इसकी कैटेगरी ओबीसी एनसीएल है।
अनारक्षित श्रेणी का कटऑफ 213 अंक
बोर्ड के मुताबिक दूसरे राज्यों के आरक्षित वर्ग के कई अभ्यर्थियों को सीटें आवंटित नहीं की जा सकीं क्योंकि वे राजस्थान में अनिवार्य अनारक्षित श्रेणी के क्वालिफाइंग स्कोर को पूरा नहीं कर पाए। तीसरे राउंड में अनारक्षित श्रेणी का कटऑफ 213 अंक था। अपने गृह राज्य में आरक्षण का लाभ लेने वाले दूसरे राज्यों के अभ्यर्थियों को राजस्थान में दाखिले के लिए अनारक्षित श्रेणी का उम्मीदवार माना गया। ऐसे अभ्यर्थी जिनके अंक 213 से कम थे, उन्हें तीसरे राउंड की सीट आवंटन प्रक्रिया से बाहर रखा गया।
क्यों खाली रह गई सीटें
प्रवेश बोर्ड ने यह भी स्पष्ट किया कि केवल खाली सीटें भरने के लिए मेरिट, आरक्षण की सीमा या राज्य की नीतियों में ढील नहीं दी जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के फैसलों के अनुसार, एक राज्य के आरक्षित वर्ग के अभ्यर्थी दूसरे राज्य में अपने आप आरक्षण का लाभ पाने के हकदार नहीं हो जाते। इसके लिए संबंधित राज्य की डोमिसाइल संबंधी नियमों में अनुमति होना जरूरी है। अदालत ने स्पष्ट किया कि राजस्थान में आरक्षण का लाभ मुख्य रूप से राज्य के डोमिसाइल वाले अभ्यर्थियों के लिए है। अधिकारियों के अनुसार सीटें खाली रहने की एक वजह वर्ष 2026 में निजी मेडिकल कॉलेजों में एमबीबीएस की 1100 नई सीटें जुड़ना भी है।
मेडिकल कॉलेजों में से केवल तीन ही तीन राउंड के बाद एमबीबीएस की सभी सीटें भर पाए। बाकी कॉलेजों में सीटें खाली हैं। वहीं बीडीएस की 1525 सीटें भर चुकी है। पहली बार है जब नीट यूजी 2026 की काउंसलिंग के दौरान बीडीएस की सभी सीटें भर चुकी है।
स्ट्रे वैकेंसी राउंड का शेड्यूल
प्रोविजनल रिक्त सीट मैट्रिक्स जारी होना: 16 अक्टूबर 2026
ऑनलाइन आवेदन और फीस जमा करने की अवधि: 16 अक्टूबर से 17 अक्टूबर
मूल दस्तावेजों का ऑफलाइन सत्यापन और बॉन्ड जमा करना (SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर): 18 अक्टूबर से 20 अक्टूबर
अस्थाई संयुक्त मेरिट सूची का प्रकाशन: 20 अक्टूबर
सिक्योरिटी जमा होगी- 19 से 21 अक्टूबर
ऑनलाइन चॉइस फिलिंग : 19 से 21 अक्टूबर
प्रोविजनल सीट अलॉटमेंट रिजल्ट जारी होना: 22 अक्टूबर
आवंटित कॉलेज डेस्क पर रिपोर्टिंग एवं दस्तावेज जमा करना (SMS मेडिकल कॉलेज, जयपुर): 22 अक्टूबर से 26 अक्टूबर

