16 साल के लड़के ने तौलिया बेचने के लिए छोड़ा कॉलेज, अब कमा रहा है सालाना 8 करोड़ रुपये
ब्रिटेन के 16 साल के हैरिसन नॉट ने कॉलेज जाने के बजाय अपने बेडरूम से 'CoolTowel' बिजनेस शुरू किया। इस कूलिंग टॉवल ब्रांड का टर्नओवर आज £750,000 (लगभग 8 करोड़ रुपये) पहुंच गया है।

अक्सर यह माना जाता है कि बड़ी सफलता हासिल करने के लिए बड़ी उम्र और बड़ी डिग्रियों की जरूरत होती है, लेकिन ब्रिटेन के रहने वाले 16 साल के हैरिसन नॉट ने इस सोच को पूरी तरह बदल दिया है। हैरिसन ने कॉलेज न जाकर अपने बिजनेस को पूरा समय देने का फैसला किया। आज उनका बेडरूम से शुरू हुआ 'CoolTowel' बिजनेस सालाना £750,000 (लगभग 8 करोड़ रुपये) का टर्नओवर कर रहा है।
कैसे आया आइडिया और क्या है 'CoolTowel'?
हैरिसन ने महज 13-14 साल की उम्र में 2023 के दौरान अपने बेडरूम से इस बिजनेस की शुरुआत की थी। उन्होंने महसूस किया कि भीषण गर्मी के दौरान एथलीटों और आम लोगों को शरीर का तापमान तुरंत कम करने के लिए एक आसान समाधान की जरूरत है।इसी सोच के साथ उन्होंने 'CoolTowel' नाम से एक खास कूलिंग टॉवल ठंडा रहने वाला तौलिया तैयार किया।
काम करने का तरीका: इस तौलिया को पानी में भिगोकर, निचोड़कर और फिर हवा में झटकने से वाष्पीकरण प्रक्रिया शुरू होती है, जिससे तौलिया तुरंत ठंडा हो जाता है और त्वचा को राहत देता है।
फुटबॉल दिग्गज रियो फर्डीनेंड बने निवेशक
हैरिसन की किस्मत में बड़ा मोड़ तब आया जब उन्होंने अलीबाबा डॉट कॉम के एक ग्लोबल बिजनेस पिचिंग कॉम्पिटिशन में हिस्सा लिया। 15,000 से अधिक प्रतियोगियों को पछाड़कर हैरिसन ने पहला स्थान हासिल किया और £150,000 (लगभग 1.6 करोड़ रुपये) का इनाम जीता।
इस प्रतियोगिता के जजों में मैनचेस्टर यूनाइटेड और इंग्लैंड के पूर्व दिग्गज फुटबॉलर रियो फर्डीनेंड भी शामिल थे। हैरिसन के इस प्रोडक्ट से प्रभावित होकर रियो फर्डीनेंड ने न सिर्फ अपना नंबर दिया, बल्कि आगे चलकर इस स्टार्टअप में मुख्य निवेशक और मेंटर के रूप में शामिल भी हो गए।
एक रात में 1 करोड़ रुपये की बिक्री!
ब्रिटेन में पड़ी भीषण गर्मी के दौरान टिकटॉक शॉप और Shopify के जरिए CoolTowel की मांग में जबरदस्त उछाल आया। हैरिसन बताते हैं कि एक रात में उनका सारा स्टॉक बिक गया और उन्होंने 24 घंटे के भीतर £100,000 (लगभग 1 करोड़ रुपये) की बिक्री कर दी। इसके बाद प्री-ऑर्डर शुरू करने पर महज एक हफ्ते में £600,000 (लगभग 6.5 करोड़ रुपये) की बिक्री दर्ज की गई।
चुनौतियां और भविष्य का लक्ष्य
हालांकि, इतने बड़े पैमाने पर बिजनेस चलाने के साथ चुनौतियां भी आईं। एडवरटाइजमेंट का खर्च, एफिलिएट कमीशन और लॉजिस्टिक्स की लागत के कारण कंपनी अभी लागत-मुनाफा बराबर पर काम कर रही है और हैरिसन जल्द ही इसे पूरी तरह प्रॉफिटेबल बनाने की योजना बना रहे हैं। हैरिसन का कहना है कि दोस्तों को कॉलेज जाते देख थोड़ा दुख हुआ, लेकिन एक बड़े सपने को पूरा करने के लिए यह कुर्बानी देना जरूरी था।


