1 लाख रुपये महीना है दुनिया की सबसे खतरनाक सैलरी? कंटेंट क्रिएटर ने किया दावा तो इंटरनेट पर मच गया बवाल
क्या महीने का 1 लाख रुपये कमाना आपके करियर के लिए खतरनाक हो सकता है? कंटेंट क्रिएटर निधि कुशवाहा के इस वायरल दावे ने इंटरनेट पर बहस छेड़ दी है।

हर इंसान का एक सपना होता है। पढ़ाई पूरी करने के बाद जब नौकरी की तलाश शुरू होती है, तो दिमाग में एक जादुई आंकड़ा जरूर घूमता है कि महीने का एक लाख रुपये मिल जाता तो लाइफ सेट रहती। हमारे समाज में इसे एक बहुत बड़ा माइलस्टोन माना जाता है, जिसे छूने के बाद लगता है कि बस, अब जिंदगी सेट है। घर का खर्च आराम से चलेगा, वीकेंड पर बाहर खाना-पीना होगा, और साल में एकाध बार किसी अच्छी जगह छुट्टियां बिताने का मौका मिल जाएगा। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि यही सुकून भरी जिंदगी और आर्थिक आजादी आपके लिए एक बड़ा खतरा बन सकती है? सोशल मीडिया पर इन दिनों एक अजीब लेकिन सोचने पर मजबूर कर देने वाली बहस छिड़ी हुई है। एक कंटेंट क्रिएटर का दावा है कि 2026 में 1 लाख रुपये महीने की सैलरी कमाना सबसे खतरनाक बात है। आखिर ऐसा क्यों? चलिए इस पूरी कहानी और इसके पीछे की दिलचस्प साइकोलॉजी को तफसील से समझते हैं।
इंस्टाग्राम पर निधि कुशवाहा नाम की एक कंटेंट क्रिएटर ने हाल ही में एक वीडियो शेयर किया, जिसने रातों-रात लोगों का ध्यान अपनी तरफ खींच लिया। निधि का कहना है कि महीने का एक लाख कमाना किसी भी इंसान के लिए सबसे खतरनाक स्थिति हो सकती है। लेकिन उनके इस दावे की वजह पैसों की कमी या महंगाई नहीं है। वह कहती हैं, "एक लाख रुपये की सैलरी इसलिए खतरनाक नहीं है कि यह कम है, बल्कि यह इसलिए खतरनाक है क्योंकि यह काफी है। एक ऐसी सैलरी जो आपको इतना आरामदायक महसूस कराती है कि आप बड़े सपने देखना ही छोड़ देते हैं।" यह बात सुनने में थोड़ी अजीब जरूर लगती है, लेकिन इसके पीछे की गहराई को समझें तो यह हमारे और आपके, हर किसी के करियर से जुड़ी एक कड़वी सच्चाई को बयां करती है। जब हमारी जरूरतें आसानी से पूरी होने लगती हैं, तो हम खुद को पुश करना या आगे बढ़ना बंद कर देते हैं।
1 लाख सैलरी करियर का फुल स्टॉप?
निधि ने अपनी बात को और साफ करते हुए समझाया कि जब कोई इंसान 1 लाख रुपये महीना कमा रहा होता है, तो उसकी जिंदगी एक खास तरह के रुटीन में ढल जाती है। आप अपना किराया या ईएमआई आसानी से दे सकते हैं। वीकेंड पर दोस्तों या परिवार के साथ किसी महंगे रेस्टोरेंट में डिनर कर सकते हैं। साल में एक-दो बार पहाड़ों या समंदर किनारे वेकेशन पर भी जा सकते हैं। रोजमर्रा की जरूरत की हर छोटी-बड़ी चीज आपके पास होती है। और निधि के मुताबिक, यहीं से शुरू होता है असली खेल। उनका मानना है कि यह जो सुकून है, यही सबसे बड़ा जाल है। जब आपके पास सब कुछ होता है, तो आपका दिमाग यह पूछना बंद कर देता है कि मुझे जिंदगी में और क्या चाहिए? आपको लगने लगता है कि आपकी लाइफ पूरी तरह से सॉर्टेड है। और जिस दिन आपको यह अहसास हो गया कि लाइफ सेट है, उसी दिन बिना एहसास हुए आपकी ग्रोथ रुक जाती है। आप उसी कंफर्ट जोन में सिमट कर रह जाते हैं और नई चुनौतियों से कतराने लगते हैं।
पैसों से ज्यादा माइंडसेट का है पूरा खेल
इस वीडियो के साथ लिखे गए कैप्शन ने भी लोगों का ध्यान खींचा। निधि ने लिखा, "महीने का 1 लाख रुपये बहुत सेफ (सुरक्षित) फील कराता है। और ठीक यही सबसे बड़ी समस्या है। ज्यादातर लोग सालों तक एक ही जगह पर सिर्फ इसलिए नहीं अटके रहते क्योंकि उनमें काबिलियत की कमी होती है, बल्कि इसलिए अटके रहते हैं क्योंकि उनकी जिंदगी में कोई डिस्कंफर्ट यानी बेचैनी या असुविधा नहीं होता।"
हालांकि, जब इस वीडियो पर बहस तेज हुई, तो निधि ने एक बहुत अहम बात भी साफ की। एक यूजर ने पूछा कि क्या यही बात 10 लाख रुपये महीना कमाने वाले पर भी लागू होती है? इस पर निधि ने जवाब दिया कि असल में मुद्दा यह आंकड़ा या नंबर नहीं है, बल्कि आपका माइंडसेट (सोच) है। बात सिर्फ 1 लाख या 10 लाख की नहीं है। बात इस बात की है कि क्या आराम और सुकून आपको आलसी बना रहा है? क्या यह आपको कुछ नया सीखने या रिस्क लेने से रोक रहा है?
इंटरनेट पर छिड़ गई नई बहस
जैसे ही यह वीडियो वायरल हुआ, सोशल मीडिया पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई। लोग अलग-अलग राय रखने लगे और इंटरनेट पूरी तरह से दो हिस्सों में बंटा हुआ नजर आया। कई लोगों ने निधि की इस बात से सौ फीसदी इत्तेफाक रखा। एक यूजर ने लिखा, "मैं आपकी इस बात से पूरी तरह सहमत हूं। सुकून इंसान को आगे बढ़ने से रोकता है।" वहीं एक अन्य ने कहा, "आपकी बात में बहुत दम है, मैंने इसे अपनी जिंदगी में सच होते महसूस किया है।" लेकिन सिक्के का दूसरा पहलू भी है। बहुत से लोगों को यह बात हजम नहीं हुई। उनका मानना था कि जिंदगी में ग्रोथ का मतलब सिर्फ ज्यादा पैसा कमाना या करियर की अंधी दौड़ में भागते रहना नहीं है। एक यूजर ने कमेंट किया, "जिंदगी में आगे बढ़ने का मतलब हमेशा पैसों के पीछे भागना नहीं होता।" कुछ लोगों का यह भी कहना था कि जब इंसान आर्थिक रूप से सुरक्षित हो जाता है, तब जाकर वह असल में अपने शौक, अपने परिवार, रिश्तों और सेहत पर ध्यान दे पाता है। उनके लिए फाइनेंशियल स्टेबिलिटी किसी अंत का नहीं, बल्कि एक बेहतर और खुशहाल जिंदगी की शुरुआत का नाम है।
डिस्क्लेमर: यह खबर सोशल मीडिया पर किए गए दावों के आधार पर तैयार की गई है, लाइन हिन्दुस्तान इसकी पुष्टि नहीं करता है।
लेखक के बारे में
Himanshu Tiwariशॉर्ट बायो: हिमांशु तिवारी पिछले 10 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं और मौजूदा वक्त में लाइव हिन्दुस्तान के करियर टीम से जुड़े हुए हैं।
परिचय एवं अनुभव
हिमांशु तिवारी डिजिटल पत्रकारिता की दुनिया का एक जाना-पहचाना नाम हैं। बीते 10 सालों से वह लगातार पत्रकारिता में सक्रिय हैं और इस वक्त लाइव हिन्दुस्तान में चीफ सब एडिटर के तौर पर काम कर रहे हैं और बीते 3 साल से वह इस संस्थान से जुड़े हैं। शिक्षा, करियर, नौकरियों, नीट, जेईई, बैंकिंग, एसएससी और यूपीएससी, यूपीपीएससी, बीपीएससी और आरपीएससी जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों पर उनकी खास पकड़ मानी जाती है। हिमांशु ने साल 2016 में पत्रकारिता की शुरुआत एबीपी न्यूज के डिजिटल प्लेटफॉर्म से किया। इसके बाद वह इंडिया टीवी और जी न्यूज (डीएनए) जैसे बड़े न्यूज चैनलों के डिजिटल प्लेटफॉर्म का भी हिस्सा रह चुके हैं। हिमांशु तिवारी सिर्फ पत्रकार नहीं, बल्कि एक सजग पाठक और आजीवन विद्यार्थी हैं, उनकी यही खूबी उनके कार्य में परिलक्षित होती है। उनका मानना है कि इन परीक्षाओं से जुड़ी सही और समय पर जानकारी लाखों युवाओं के भविष्य को दिशा दे सकती है, इसलिए वह इस बीट को सिर्फ खबर नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी की तरह देखते हैं।
लेखन की सोच और मकसद
हिमांशु के लिए पत्रकारिता का मतलब सिर्फ सूचना देना नहीं है, बल्कि पाठक को सोचने की जगह देना भी है। खासकर करियर और शिक्षा के क्षेत्र में वह यह मानते हैं कि एक गलत या अधूरी खबर किसी छात्र की पूरी तैयारी को भटका सकती है। इसलिए उनके लेखन में सरल भाषा, ठोस तथ्य और व्यावहारिक नजरिया हमेशा प्राथमिकता में रहता है। उनकी कोशिश रहती है कि पाठक को सिर्फ खबर की जानकारी ही न हो, बल्कि यह भी समझ आए कि उस खबर का उसके जीवन और भविष्य से क्या रिश्ता है।
शिक्षा और अकादमिक पृष्ठभूमि
हिमांशु मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से ताल्लुक रखते हैं। उन्होंने कलकत्ता विश्वविद्यालय से स्नातक की पढ़ाई की और फिर जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली से पत्रकारिता के गुर सीखे। जामिया में मिली ट्रेनिंग ने उन्हें यह समझ दी कि पत्रकारिता सिर्फ तेज खबर लिखने का नाम नहीं, बल्कि तथ्यों की जांच, संदर्भ की समझ और संतुलित नजरिए से बात रखने की कला है।
रुचियां और निजी झुकाव
काम से इतर हिमांशु की गहरी रुचि समकालीन इतिहास, समानांतर सिनेमा और दर्शन में रही है। राजनीति और विदेश नीति पर पढ़ना-लिखना उन्हें विशेष रूप से पसंद है। इसी रुचि के चलते उन्होंने दो लोकसभा चुनावों और दर्जनों विधानसभा चुनावों की कवरेज की, जहां राजनीति को उन्होंने बेहद नजदीक से देखा और समझा। चुनावी आंकड़ों की बारीकियां, नेताओं के भाषण, जमीनी मुद्दे और जनता की प्रतिक्रियाएं, इन सभी पहलुओं को समेटते हुए उन्होंने सैकड़ों खबरें और विश्लेषण तैयार किए, जो राजनीतिक प्रक्रिया की गहरी समझ को दर्शाते हैं।
विशेषज्ञताएं
- शिक्षा, करियर और नौकरियों से जुड़ी खबरों पर विशेष रुचि और निरंतर लेखन
- नीट, जेईई और राज्यवार बोर्ड परीक्षाओं से जुड़े मुद्दों, बदलावों और परिणामों पर गहन फोकस
- UPSC, UPPSC, MPPSC, BPSC, RPSC और JPSC जैसी सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी, पैटर्न और नीतिगत पहलुओं पर पैनी नजर
- अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम और विदेश नीति से जुड़े विषयों का विश्लेषणात्मक लेखन
- राजनीति, चुनावी आंकड़ों और जमीनी मुद्दों पर सरल और तथ्यपरक एक्सप्लेनर तैयार करने का अनुभव


