52-वीक हाई पर पहुंचा ये फार्मा स्टॉक, Q4 रिजल्ट के बाद शेयर में आई तूफानी तेजी; ब्रोकरेज ने दिया बड़ा संकेत

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • ज़ाइडस लाइफसाइंसेज (Zydus Lifesciences) के शेयर Q4FY26 के मजबूत नतीजों और ₹1,100 करोड़ के शेयर बायबैक ऐलान के बाद 7% तक उछलकर 52-वीक हाई पर पहुंच गए
  • कंपनी का तिमाही मुनाफा 14.6% बढ़कर ₹1,592.9 करोड़ रहा, जबकि रेवेन्यू में भी शानदार बढ़त दर्ज की गई
52-वीक हाई पर पहुंचा ये फार्मा स्टॉक, Q4 रिजल्ट के बाद शेयर में आई तूफानी तेजी; ब्रोकरेज ने दिया बड़ा संकेत

ज़ाइडस लाइफसाइंसेज (Zydus Lifesciences) के शेयरों में बुधवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली और स्टॉक 7% से अधिक उछलकर अपने 52-वीक हाई पर पहुंच गया। कंपनी के शानदार Q4 नतीजों और ₹1,100 करोड़ के शेयर बायबैक ऐलान ने निवेशकों का भरोसा मजबूत कर दिया। NSE पर शेयर ₹1,093.65 तक पहुंच गया, जो पिछले एक साल का सबसे ऊंचा स्तर है। मजबूत मुनाफे और बढ़ती कमाई ने बाजार में कंपनी को लेकर पॉजिटिव माहौल बना दिया है। आइए जरा विस्तार से इसकी डिटेल्स जानते हैं।

मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट 14.6% बढ़कर ₹1,592.9 करोड़ हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह ₹1,390.5 करोड़ था। कंपनी की आय भी शानदार रही और रेवेन्यू ₹7,587 करोड़ तक पहुंच गया। खास बात यह रही कि ज़ाइडस (Zydus) का कंज्यूमर वेलनेस (Consumer Wellness) बिजनेस तेजी से बढ़ा, जिसने कंपनी की कुल ग्रोथ में बड़ा योगदान दिया। इस सेगमेंट की आय ₹908 करोड़ से बढ़कर ₹1,463 करोड़ हो गई, जो निवेशकों के लिए बड़ा पॉजिटिव संकेत माना जा रहा है।

कंपनी के बोर्ड ने ₹1,150 प्रति शेयर के भाव पर ₹1,100 करोड़ का बायबैक मंजूर किया है। आमतौर पर बायबैक का मतलब होता है कि कंपनी को अपने बिजनेस और भविष्य की कमाई पर भरोसा है। यही वजह रही कि बाजार में खरीदारी तेज हो गई। निवेशकों को उम्मीद है कि इससे शेयर की कीमत को आगे भी सपोर्ट मिलेगा।

कंपनी के मैनेजिंग डायरेक्टर शारविल पटेल ने कहा कि FY26 कंपनी के लिए मजबूत साल रहा और रेवेन्यू व प्रॉफिट दोनों मोर्चों पर लक्ष्य हासिल किए गए। उन्होंने भरोसा जताया कि आने वाले समय में कंपनी की नई दवाइयों और पाइपलाइन प्रोडक्ट्स से ग्रोथ को और मजबूती मिलेगी। खासतौर पर अमेरिकी बाजार में Rolvedon, Beizray और gCopaxone जैसे प्रोडक्ट्स से उम्मीदें बढ़ी हैं।

ब्रोकरेज हाउस भी कंपनी को लेकर अलग-अलग राय दे रहे हैं। नुवामा वेल्थ मैनेजमेंट (Nuvama Wealth Management) ने कंपनी की मजबूत ग्रोथ और बेहतर बिजनेस मॉडल को देखते हुए स्टॉक को अपग्रेड किया है। वहीं, मोतीलाल ओसवाल (Motilal Oswal) ने FY27 और FY28 के लिए अपने अनुमान बढ़ाए हैं और कहा है कि US मार्केट में लिमिटेड-कॉम्पिटिशन प्रोडक्ट्स कंपनी के लिए बड़ा फायदा बन सकते हैं। हालांकि, JM फाइनेंशियल ने अमेरिकी बाजार में बढ़ती प्रतिस्पर्धा को लेकर चिंता जताई है।

फिर भी बाजार का मूड फिलहाल ज़ाइडस लाइफसाइंसेज (Zydus Lifesciences) के पक्ष में दिखाई दे रहा है। मजबूत नतीजे बायबैक और हेल्थकेयर सेक्टर में बढ़ती संभावनाओं ने इस फार्मा स्टॉक को निवेशकों के रडार पर ला दिया है। आने वाले दिनों में अब निवेशकों की नजर कंपनी की नई लॉन्चिंग और अमेरिकी बाजार में प्रदर्शन पर रहेगी।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।