10 दिन से रॉकेट बना है चर्चित शेयर, मार्केट पस्त लेकिन इंट्रा-डे में 4% उछला भाव
मुख्य बातें
- जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने घोषणा की है कि 10 जून को होने वाली बोर्ड बैठक में फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा
- इस बीच, सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर करीब 4 पर्सेंट उछाल के साथ 117.20 रुपये तक पहुंच गया

Zee Entertainment share: ग्लोबल टेंशन की वजह से सोमवार को जब बाजार में हाहाकार मचा हुआ था तभी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज (ZEEL) के शेयर को खरीदने की लूट सी थी। सप्ताह के पहले कारोबारी दिन शेयर करीब 4 पर्सेंट उछाल के साथ 117.20 रुपये तक पहुंच गया। ये उछाल ऐसे समय में आया है जब कंपनी ने बोर्ड बैठक का ऐलान किया है। आपको बता दें कि पिछले 10 कारोबारी सत्रों में कंपनी का शेयर करीब 40% उछल चुका है।
10 जून को बोर्ड बैठक
जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज ने घोषणा की है कि 10 जून को होने वाली बोर्ड बैठक में इक्विटी शेयर या इक्विटी में बदलने वाले अन्य वित्तीय साधनों के जरिए फंड जुटाने के प्रस्ताव पर विचार किया जाएगा। यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है जब जुलाई 2025 में कंपनी के प्रमोटरों को कन्वर्टिबल वारंट जारी करने का प्रस्ताव शेयरधारकों ने खारिज कर दिया था। उस समय प्रस्ताव को आवश्यक 75% समर्थन नहीं मिल सका था। केवल 59.5% वोट इसके पक्ष में पड़े थे जबकि 40.5% निवेशकों ने विरोध किया था। प्रॉक्सी एडवाइजरी फर्मों ने भी उस प्रस्ताव का विरोध किया था क्योंकि कंपनी के पास पहले से ही 2,400 करोड़ रुपये से अधिक की नकदी मौजूद थी। ऐसे में निवेशक यह जानना चाहेंगे कि कंपनी को नए फंड की आवश्यकता क्यों है और जुटाई गई राशि का उपयोग किस तरह किया जाएगा।
हाल ही में कंपनी ने भारत में 39 वैश्विक फीफा टूर्नामेंटों के प्रसारण और स्ट्रीमिंग अधिकार हासिल किए हैं, जिनमें फीफा विश्व कप 2026 और फीफा विश्व कप 2030 भी शामिल हैं। अगले आठ वर्षों तक कंपनी अपने स्पोर्ट्स चैनलों और ZEE5 प्लेटफॉर्म के जरिए इन टूर्नामेंटों का प्रसारण करेगी।
कैसे रहे मार्च तिमाही के नतीजे
वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही में जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज का खर्च बढ़ने के कारण 103.7 करोड़ रुपये का घाटा दर्ज किया है। कंपनी ने एक साल पहले की समान अवधि में 188.4 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। कंपनी के कहा कि तिमाही में कुल आय सालाना आधार पर 5.36 प्रतिशत घटकर 2,101.1 करोड़ रुपये रह गई। हालांकि, इस दौरान कंपनी का कुल खर्च बढ़कर 2,341.8 करोड़ रुपये हो गया जो एक साल पहले की समान तिमाही में 1,958.4 करोड़ रुपये था।
पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी का मुनाफा 60 प्रतिशत घटकर 271.3 करोड़ रुपये रह गया जबकि कुल आय लगभग स्थिर रहकर 8,245 करोड़ रुपये रही। कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए एक रुपये फेस वैल्यू वाले प्रति शेयर पर दो रुपये के डिविडेंड की अनुशंसा की है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

