PF के पैसे से होम लोन चुकाने का प्लान, कितना सही है फैसला?
मुख्य बातें
- कई लोग ऐसे भी होते हैं जो समय से पहले अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रोविडेंट फंड की कुछ रकम को निकाल लेते हैं
- क्या होम लोन के लिए यह कदम उठाना सही है?

नौकरीपेशा लोगों के बीच एम्प्लॉइज प्रोविडेंट फंड (EPF) की काफी अहमियत है। इस फंड का मुख्य मकसद सैलरी पाने वाले लोगों को रिटायरमेंट के लिए एक बड़ी रकम जमा करने में मदद करना है। सरकार की ओर से इस पर ब्याज भी दी जाती है। हालांकि, कई लोग ऐसे भी होते हैं जो समय से पहले अपनी वित्तीय जरूरतों को पूरा करने के लिए प्रोविडेंट फंड की कुछ रकम को निकाल लेते हैं। कई ऐसे मौके होते हैं जब यह सही फैसला होता है। उदाहरण के लिए जिन कर्मचारियों पर होम लोन का बड़ा बोझ है, उनके लिए अपने EPF फंड का कुछ हिस्सा इस्तेमाल करना एक अच्छा विकल्प हो सकता है। इस पैसे का इस्तेमाल बकाया लोन कम करने, कुल ब्याज का बोझ घटाने और वित्तीय दबाव को कम करने के लिए किया जा सकता है। हालांकि, EPF से पैसे निकालने की इजाजत कुछ तय शर्तों और निकासी की सीमाओं के अधीन ही मिलती है।
कौन निकाल सकता है पैसे
अगर होम लोन को चुकाने के लिए ईपीएफ अकाउंट से पैसे निकालने की सोच रहे हैं तो कुछ शर्तों को जान लेना जरूरी है। उदाहरण के लिए EPF सदस्य की कम से कम तीन साल की सर्विस पूरी होनी चाहिए। प्रॉपर्टी सदस्य के नाम, जीवनसाथी के नाम या दोनों के संयुक्त नाम पर रजिस्टर्ड होनी चाहिए।
बता दें कि पैसे निकालने की सुविधा का इस्तेमाल आम तौर पर सिर्फ एक बार किया जा सकता है। वहीं, एक योग्य EPF सदस्य बकाया बैंक होम लोन चुकाने के लिए जमा EPF फंड का 90% तक निकाल सकता है, बशर्ते लागू शर्तें पूरी हों और प्रॉपर्टी सदस्य के नाम पर या जीवनसाथी के साथ संयुक्त रूप से हो।
ऑनलाइन EPF निकालने के लिए स्टेप्स
स्टेप 1: सबसे पहले अपने UAN क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके पोर्टल पर लॉग इन करें।
स्टेप 2: आधार, PAN, बैंक अकाउंट की जानकारी लिंक और वेरिफाई हो गई है या नहीं, इसे चेक करें।
स्टेप 3: इसके बाद ऑनलाइन सर्विसेज सेक्शन में जाएं और ‘क्लेम’ पर क्लिक करें।
स्टेप 4: पैसे निकालने का सही मकसद चुनें और जरूरी रकम डालें।
स्टेप 5: सही बैंक अकाउंट की जानकारी दें और उसे वेरिफाई करें। जरूरी सपोर्टिंग डॉक्यूमेंट्स अपलोड भी कर सकते हैं।
स्टेप 6: इसके बाद विड्रॉल क्लेम सबमिट करें।
फायदा या नुकसान?
EPF फंड के एक हिस्से का इस्तेमाल करके बकाया होम लोन की रकम कम की जा सकती है, जिससे EMI या लोन की अवधि के दौरान चुकाया जाने वाला कुल ब्याज कम हो सकता है। पर्सनल लोन या किसी अन्य तरह के क्रेडिट के उलट EPF से पैसे निकालने पर कोई अतिरिक्त रकम चुकाने की जिम्मेदारी नहीं बनती। योग्य कर्मचारियों के लिए, घर खरीदने, बनाने या उसकी लागत का प्रबंधन करते समय EPF फंड वित्तीय कमी को पूरा करने में मदद कर सकते हैं।


