
यस बैंक में स्टेक बढ़ाने की तैयारी में यह लेंडर, शेयर बना रॉकेट, ₹25 से कम भाव
संक्षेप: SMBC यस बैंक में अधिक हिस्सेदारी खरीदने के लिए तैयार है। इस खबर के बीच यस बैंक के शेयर में 3 फीसदी से ज्यादा तेजी रही और भाव 23.32 रुपये पर पहुंच गया। बता दें कि यस बैंक में अभी SMBC की 24.99% हिस्सेदारी है।
Yes Bank share price: प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक के शेयर में सोमवार को तूफानी तेजी देखी गई। दरअसल, मीडिया रिपोर्ट में कहा जा रहा है कि सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉर्पोरेशन (SMBC) यस बैंक में अधिक हिस्सेदारी खरीदने के लिए तैयार है। इस खबर के बीच यस बैंक के शेयर में 3 फीसदी से ज्यादा तेजी रही और भाव 23.32 रुपये पर पहुंच गया। बता दें कि यस बैंक में अभी SMBC की 24.99% हिस्सेदारी है।

क्या कहा SMBC के अधिकारी ने?
द इकोनॉमिक टाइम्स को दिए एक इंटरव्यू में SMBC के प्रबंध कार्यकारी अधिकारी राजीव कन्नन ने कहा कि हमने वही किया जो नियामकों ने हमें करने की अनुमति दी थी। नियामकों ने हमें 24.99% तक खरीदने की अनुमति दी, जो हमने किया है। यदि अधिक करने का कोई विकल्प है, तो हम इसके लिए आगे बढ़ने का विचार कर सकते हैं। कन्नन ने कहा- अगर जैविक रूप से आगे बढ़ने के विश्वसनीय अवसर हैं तो हम ऐसा करने के लिए तैयार हैं। हमने संभवतः लगभग 7 बिलियन डॉलर का निवेश किया है, जिसमें हमारी एनबीएफसी शामिल है।
इसके अलावा, कन्नन ने आगे कहा कि वित्तीय संस्थान भारत में पूर्ण स्वामित्व वाली इकाई खोलने पर भी विचार कर रहा है। हालांकि, एसएमबीसी इंडिया के प्रमुख ने इस बात की पुष्टि नहीं की कि बैंक ने रिजर्व बैंक के पास स्थानीय इकाई लाइसेंस के लिए आवेदन किया है या नहीं।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
वित्त वर्ष 26 की दूसरी तिमाही में यस बैंक ने नेट प्रॉफिट में 18.3% की वृद्धि दर्ज की, जो ₹654.5 करोड़ रहा। यह अन्य आय में वृद्धि और ब्याज खर्चों में कमी के कारण हुआ। बैंक की शुद्ध ब्याज आय (NII) साल-दर-साल 3% गिरकर ₹2,300.9 करोड़ रह गई। तिमाही के दौरान कुल आय ₹9023 करोड़ रही, जो पिछले वर्ष की समान अवधि से 1.2% कम है। कुल मिलाकर परिसंपत्ति की गुणवत्ता स्थिर रही। ग्रॉस NPA की बात करें तो साल-दर-साल 4.3% बढ़कर ₹4,055.3 करोड़ हो गईं।





