नए सीईओ की नियुक्ति से झूमे निवेशक, 19 रुपये के पार गया शेयर, आपका है दांव?
विनय मुरलीधर टोंसे ने तीन साल के लिए यस बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभाल लिया है। इस खबर के बाद से यस बैंक के शेयर रॉकेट की रफ्तार से बढ़ रहे हैं।

ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच सीजफायर की खबर ने भारतीय शेयर बाजार को बूस्ट दे दिया है। इस खबर की वजह से बुधवार को सेंसेक्स और निफ्टी में लंबे समय बाद तूफानी बढ़त देखी गई। इस पॉजिटिव माहौल के बीच पेनी कैटेगरी के यस बैंक के शेयर पर भी निवेशक टूट पड़े। सप्ताह के तीसरे दिन बुधवार को यस बैंक के शेयर 18.14 रुपये की पिछली क्लोजिंग से बढ़कर 5 पर्सेंट से ज्यादा उछले और भाव 19.09 रुपये तक पहुंच गए। शेयर की क्लोजिंग बीएसई पर 4.96% बढ़कर 19.04 रुपये पर हुई। बैंक के शेयर का 52 वीक हाई और लो 24.30 रुपये और 16.90 रुपये है।
बैंक की कमान किसे?
हाल ही में यस बैंक ने बताया कि विनय मुरलीधर टोंसे ने तीन साल के लिए बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) का पदभार संभाल लिया है। टोंसे ने इस पद पर प्रशांत कुमार की जगह ली है, जिनका विस्तारित कार्यकाल पांच अप्रैल को पूरा हो गया। बैंक ने कहा कि टोंसे ने छह अप्रैल से एमडी एवं सीईओ का पदभार ग्रहण कर लिया है जो भारतीय रिजर्व बैंक की मंजूरी और शेयरधारकों की स्वीकृति के अधीन है। बता दें कि पिछले वर्ष जापान की सुमितोमो मित्सुई बैंकिंग कॉरपोरेशन ने बैंक में करीब 24 प्रतिशत हिस्सेदारी खरीदी थी, जिसके बाद वह मुंबई स्थित इस बैंक की सबसे बड़ी निवेशक बन गई। टोंसे को बैंकिंग क्षेत्र में साढ़े तीन दशक से अधिक का अनुभव है। उन्होंने ट्रेजरी, खुदरा बैंकिंग, कॉरपोरेट बैंकिंग, अंतरराष्ट्रीय परिचालन और परिसंपत्ति प्रबंधन जैसे क्षेत्रों में काम किया है। वह भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के प्रबंध निदेशक भी रह चुके हैं।
बैंक का बिजनेस अपडेट
बिज़नेस के मोर्चे पर बैंक के लोन और एडवांस में साल-दर-साल (YoY) आधार पर 10.7 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जो मार्च 2026 तिमाही के लिए ₹2,72,454 करोड़ हो गया। पिछले साल इसी अवधि में यह ₹2,46,188 करोड़ था। तिमाही-दर-तिमाही आधार पर तुलना करें तो लोन में 5.8 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के लिए कुल जमा ₹3,18,970 करोड़ रहा, जिसमें साल-दर-साल 12.1 प्रतिशत और तिमाही-दर-तिमाही 9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई। पिछले साल इसी अवधि में कुल जमा ₹2,84,525 करोड़ था, जबकि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त हुई पिछली तिमाही में यह ₹2,92,524 करोड़ था।
रिपोर्ट की गई तिमाही में CASA अनुपात बढ़कर 35.1 प्रतिशत हो गया, जबकि दिसंबर 2025 तिमाही में यह 34 प्रतिशत और मार्च 2025 तिमाही में 34.3 प्रतिशत था। CASA के आँकड़ों में साल-दर-साल 14.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई, जो पिछले साल की इसी अवधि के ₹97,480 करोड़ से बढ़कर ₹1,11,960 करोड़ हो गया। क्रमिक आधार पर, दिसंबर 2025 तिमाही के ₹99,483 करोड़ की तुलना में CASA में 12.5 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

