
55% उछल गया इस दिग्गज बैंक का प्रॉफिट, 25 रुपये से कम का है शेयर
प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक ने तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। बैंक का मुनाफा 55 प्रतिशत की उछाल के साथ 952 करोड़ रुपये रहा। यस बैंक के शेयर की बात करें तो 25 रुपये से कम का है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 2.22% बढ़कर 23.46 रुपये पर बंद हुआ।
Yes Bank result: प्राइवेट सेक्टर के यस बैंक ने चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही के दौरान बैंक का मुनाफा 55 प्रतिशत की उछाल के साथ 952 करोड़ रुपये रहा। बैंक के मुनाफे में इस वृद्धि की मुख्य वजह प्रावधानों में आई भारी कमी रही। बैंक ने बताया कि पिछले साल की समान अवधि (दिसंबर तिमाही) में उसका नेट प्रॉफिट 612 करोड़ रुपये था जबकि चालू वित्त वर्ष की पिछली सितंबर तिमाही में यह आंकड़ा 654 करोड़ रुपये था। बैंक की मुख्य शुद्ध ब्याज आय (एनआईआई) 10.9 प्रतिशत बढ़कर 2,466 करोड़ रुपये रही। यह वृद्धि शुद्ध ब्याज मार्जिन में 0.10 प्रतिशत के विस्तार और ऋण में 5.2 प्रतिशत की बढ़त के कारण हुई है। हालांकि, नए श्रम कानून के कार्यान्वयन के कारण बैंक को ग्रेच्युटी के मद में 155 करोड़ रुपये का प्रावधान करना पड़ा। यस बैंक के शेयर की बात करें तो 25 रुपये से कम का है। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को 2.22% बढ़कर 23.46 रुपये पर बंद हुआ।
क्या कहा बैंक के सीईओ ने?
यस बैंक के प्रबंध निदेशक और मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) प्रशांत कुमार ने परिणामों पर चर्चा करते हुए कहा कि बैंक नए लोन देने के मामले में सतर्क है। यही कारण है कि बैंक की ऋण वृद्धि बैंकिंग प्रणाली के दहाई अंकों के औसत प्रदर्शन की तुलना में कम रही है। उन्होंने कहा कि कॉरपोरेट लोन के क्षेत्र में कड़ी प्रतिस्पर्धा है जबकि होम और कार लोन का क्षेत्र फंड की उच्च लागत के कारण फिलहाल बहुत लाभदायक नहीं है। कुमार ने बताया कि बैंक ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए आठ प्रतिशत ऋण वृद्धि का लक्ष्य रखा है और तिमाही के दौरान बैंक की गैर-ब्याज आय आठ प्रतिशत बढ़कर 1,633 करोड़ रुपये रही।
ग्रॉस एनपीए में सुधार
सीईओ ने कहा कि बैंक की परिसंपत्ति गुणवत्ता में सुधार हुआ है। ग्रॉस एनपीए 0.10 प्रतिशत सुधरकर 1.5 प्रतिशत पर आ गई हैं। बैंक का कुल प्रावधान पिछले साल के 259 करोड़ रुपये के मुकाबले घटकर महज 21.89 करोड़ रुपये रह गया, जिससे बैंक के मुनाफे को बल मिला। प्रशांत कुमार ने बताया कि क्रेडिट कार्ड और व्यक्तिगत ऋण जैसे अनसिक्योर सेग्मेंट में चूक के मामले कम हो रहे हैं। दिसंबर के अंत तक बैंक का पूंजी पर्याप्तता अनुपात 14.5 प्रतिशत रहा। कुमार के अनुसार, बैंक की वर्तमान में और पूंजी जुटाने की कोई योजना नहीं है।





