
पॉजिटिव बिजनेस आंकड़े के बाद अब इस शेयर में हलचल की उम्मीद, 23 रुपये से कम है भाव
सोमवार को भी यस बैंक के शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। लोन और एडवांस सालाना आधार पर (YoY) 5.2% बढ़कर ₹2,57,508 करोड़ हो गए, जो दिसंबर 2024 में ₹2,44,834 करोड़ थे। ये आंकड़े तिमाही आधार पर 2.9% बढ़कर सितंबर 2025 में ₹2,50,212 करोड़ हो गए।
बीते शुक्रवार को प्राइवेट सेक्टर के लेंडर यस बैंक के शेयर भारी डिमांड में थे। अब सोमवार को भी इस शेयर पर निवेशकों की नजर रहेगी। दरअसल, यस बैंक ने 31 दिसंबर 2025 को खत्म हुई तिमाही के लिए प्रोविजनल बिजनेस आंकड़े जारी किए हैं। लोन और एडवांस सालाना आधार पर 5.2% बढ़कर ₹2,57,508 करोड़ हो गए, जो दिसंबर 2024 में ₹2,44,834 करोड़ थे। ये आंकड़े तिमाही आधार पर 2.9% बढ़कर सितंबर 2025 में ₹2,50,212 करोड़ हो गए।
बैंक के डिपॉजिट ₹2,92,484 करोड़ रहे, जो सालाना आधार पर 5.5% ज्यादा थे, जबकि पिछले साल यह ₹2,77,224 करोड़ थे। हालांकि, तिमाही आधार पर यह 1.3% कम होकर ₹2,96,276 करोड़ हो गए। सर्टिफिकेट ऑफ डिपॉजिट (CDs) पिछले तिमाही के ₹987 करोड़ से मामूली बढ़कर ₹990 करोड़ हो गए। बैंक का CASA (करंट और सेविंग अकाउंट) ₹99,443 करोड़ पर पहुंच गया, जो सालाना आधार पर 8.5% की बढ़ोतरी दिखाता है। बैंक का क्रेडिट-टू-डिपॉजिट रेश्यो तिमाही आधार पर 84.5% से सुधरकर 88.0% हो गया जबकि दिसंबर 2024 में यह 88.3% था। लिक्विडिटी कवरेज रेश्यो (LCR) इस तिमाही में 123.8% रहा जबकि पिछली तिमाही में यह 125.1% और एक साल पहले 133.2% था।
दूसरी तिमाही के नतीजे
यस बैंक ने सितंबर तिमाही के लिए नेट प्रॉफिट में साल-दर-साल 18.4% की बढ़ोतरी दर्ज की है। बैंक ने बताया कि 30 सितंबर को खत्म हुई दूसरी तिमाही में नेट प्रॉफिट बढ़कर ₹655 करोड़ हो गया। बैंक ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया कि नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) साल-दर-साल 4.6% बढ़कर ₹2,200 करोड़ से ₹2,300 करोड़ हो गई। यस बैंक ने कहा कि उसका रिटर्न ऑन एसेट्स (RoA) पिछले साल की इसी तिमाही के 0.5% की तुलना में 0.6% रहा जबकि नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) 2.5% पर स्थिर रहा।
शुक्रवार को शेयर
सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन शुक्रवार को यस बैंक के शेयर 22.29 रुपये पर बंद हुए। एक दिन पहले के मुकाबले शेयर में 3.72% की तेजी दर्ज की गई। बता दें कि बैंक का शेयर 2025 में 24.30 रुपये तक गया था। अब नए साल के पहले सोमवार को इस शेयर का क्या परफॉर्मेंस रहेगा, निवेशकों की इस पर नजर रहेगी।





