
रिच डैड पूअर डैड के राइटर की चेतावनी, शेयर मार्केट में होगी इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट
रिच डैड पुअर डैड के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने हाल ही में दावा किया है कि अमेरिका, यूरोप और एशिया में बाजारों में इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट शुरू हो चुकी है। उनका कहना है कि निवेशकों को अपनी संपत्तियों को जल्दी से सुरक्षित और दुर्लभ चीजों, जैसे गोल्ड, सिल्वर, बिटकॉइन और एथेरियम में बदल लेना चाहिए।
"रिच डैड पुअर डैड" के लेखक रॉबर्ट कियोसाकी ने हाल ही में दावा किया है कि अमेरिका, यूरोप और एशिया में बाजारों में इतिहास की सबसे बड़ी गिरावट शुरू हो चुकी है। उनका कहना है कि निवेशकों को अपनी संपत्तियों को जल्दी से सुरक्षित और दुर्लभ चीजों, जैसे गोल्ड, सिल्वर, बिटकॉइन और एथेरियम में बदल लेना चाहिए। मौजूदा वित्तीय संकट के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के कारण नौकरियों में जो बदलाव आ रहे हैं, वे इस मंदी की मुख्य वजह हैं।
मंदी का मुख्य कारण
कियोसाकी के मुताबिक, यह मंदी सामान्य आर्थिक चक्र या निवेशकों की भावनाओं का नतीजा नहीं है। इसके पीछे गहरे संरचनात्मक कारण हैं, खासतौर पर तेजी से बदलती तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस।
प्रॉपर्टी के दाम भी धराशायी होंगे
उनका कहना है कि एआई के चलते नौकरियां खत्म होंगी, जिसके बाद रियल एस्टेट ऑफिस और रेजिडेंशियल दोनों ही गिरावट के दौर में आ जाएंगे। वे आगाह करते हैं कि जब नौकरी ही नहीं रहेगी तो प्रॉपर्टी के दाम भी धराशायी हो जाएंगे।
गोल्ड, सिल्वर, बिटकॉइन और एथेरियम सुरक्षित विकल्प
इस संकट के समय, कियोसाकी निवेशकों को सलाह देते हैं कि वे सोना, चांदी, बिटकॉइन और एथेरियम जैसी संपत्तियों में निवेश बढ़ा लें। उनका कहना है कि "चांदी सबसे अच्छा और सुरक्षित विकल्प है।"
उन्होंने सिल्वर के लिए भविष्यवाणी की कि आज इसकी कीमत 50 डॉलर है, और जल्द ही यह 70 डॉलर तक जा सकती है। 2026 तक 200 डॉलर तक पहुंचने की संभावना है। हालांकि वे बाजार की गिरावट को लेकर चिंतित हैं, उनका यह भी मानना है कि जो तैयार हैं, उनके लिए यह दौर एक बड़ा अवसर बन सकता है। अगर सही तरीके से योजना बनाई जाए तो इसी गिरावट से समृद्ध भी हुआ जा सकता है।
पुरानी भविष्यवाणियां कितनी सही थीं
कियोसाकी इससे पहले भी बाजार की बड़ी गिरावट की बात कर चुके हैं। 9 नवंबर को उन्होंने गोल्ड की कीमत 27,000 डॉलर और बिटकॉइन की कीमत 250,000 डॉलर (2026 तक) तक पहुंचने की भविष्यवाणी की थी।
वे अक्सर पैसे के नियमों जैसे ‘ग्रेशम’ और ‘मेटकेल्फ’ लॉ को कोट करते हैं और इस तर्क के साथ गोल्ड, सिल्वर, बिटकॉइन और एथेरियम खरीदने पर जोर देते हैं कि ये दुर्लभ संपत्तियां हमेशा कमजोर होती मुद्रा के मुकाबले बेहतर साबित होती हैं। उनके मुताबिक, यह संकट वही ‘संक्रमण’ की घड़ी है जिसमें सबसे ज्यादा बदलाव और संपत्ति का स्थानांतरण होगा और जो सचेत हैं, वे इससे सबसे ज्यादा लाभ उठा सकते हैं।
(डिस्क्लेमर: एक्सपर्ट्स की सिफारिशें, सुझाव, विचार और राय उनके अपने हैं, लाइव हिन्दुस्तान के नहीं। यहां सिर्फ शेयर के परफॉर्मेंस की जानकारी दी गई है, यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर मार्केट में निवेश जोखिमों के अधीन है और निवेश से पहले अपने एडवाइजर से परामर्श कर लें।)





