विप्रो ने निवेशकों को दिया डिविडेंड का तोहफा, हर शेयर पर मिलेंगे इतने रुपये
मुख्य बातें
- अप्रैल-जून तिमाही में विप्रो का मुनाफा 3352 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर रहा
- आय सालाना आधार पर 11% बढ़कर 24,479 करोड़ रुपये हो गई
- कंपनी ने डिविडेंड का भी ऐलान किया है

Wipro q1 result: दिग्गज आईटी कंपनी विप्रो ने अप्रैल-जून तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा 3352 करोड़ रुपये पर लगभग स्थिर रहा। पिछले साल इसी तिमाही में यह 3,330 करोड़ रुपये था। इसके अलावा, पहली तिमाही में ऑपरेशन से होने वाली आय सालाना आधार पर 11% बढ़कर 24,479 करोड़ रुपये हो गई। पिछले साल की इसी तिमाही में यह 22,135 करोड़ रुपये थी। हालांकि, तिमाही आधार पर कंपनी का मुनाफा 4.2 प्रतिशत घटा है जबकि परिचालन आय में एक प्रतिशत की मामूली वृद्धि हुई।
हर शेयर पर 2 रुपये का डिविडेंड
कमाई के साथ-साथ कंपनी के बोर्ड ने प्रति शेयर 2 रुपये के अंतरिम डिविडेंड को भी मंजूरी दी। विप्रो की मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) अपर्णा अय्यर ने कहा, ''इस डिविडेंड और पिछले एक वर्ष के दौरान किए गए अन्य भुगतान को मिलाकर हम अपने शेयरधारकों को तीन अरब डॉलर से अधिक नकद लौटाएंगे जबकि साथ ही वृद्धि के लिए लगातार निवेश भी जारी रखेंगे।'' बता दें कि कोई कंपनी जब मुनाफे में रहती है तो डिविडेंड देती है। इसका मकसद निवेशकों को अट्रैक्ट करना या उन्हें ईनाम और सम्मान देना होता है। यह पूरी तरह से कंपनी पर निर्भर है कि वह कितना डिविडेंड अपने निवेशकों को देगी।
कुल बुकिंग 3.37 बिलियन डॉलर
इस तिमाही में विप्रो की कुल बुकिंग 3.37 बिलियन डॉलर रही, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 2.4 प्रतिशत कम है। वहीं, बड़े सौदों की बुकिंग पिछली तिमाही के मुकाबले 12.9 प्रतिशत बढ़कर 1.63 बिलियन डॉलर हो गई। विप्रो का ऑपरेटिंग मार्जिन 16 प्रतिशत रहा, जो पिछली तिमाही के मुकाबले 130 बेसिस पॉइंट्स और पिछले साल की इसी तिमाही के मुकाबले 120 बेसिस पॉइंट्स कम है। ऑपरेटिंग कैश फ्लो की बात करें तो 3288 करोड़ रुपये रहा। यह कंपनी के नेट इनकम का 98 प्रतिशत है।
कंपनी के मुताबिक पिछले 12 महीनों के आधार पर वॉलंटरी एट्रिशन (स्वेच्छा से नौकरी छोड़ने वालों की दर) 13.9 प्रतिशत रही। जुलाई-सितंबर तिमाही के लिए विप्रो ने IT सर्विसेज से रेवेन्यू $2.57 बिलियन से $2.63 बिलियन के बीच रहने का अनुमान जताया है।
शेयर पर फोकस
विप्रो के शेयर पर शुक्रवार को निवेशकों की नजर रहेगी। दरअसल, कंपनी ने मार्केट क्लोज होने के बाद नतीजे जारी किए हैं। वर्तमान में विप्रो के शेयर की बात करें तो गुरुवार को 1.83% बढ़कर 177.80 रुपये पर बंद हुआ। शेयर अपने 52 वीक लो 168 रुपये के स्तर से रिकवर हो रहा है। शेयर के 52 हफ्ते का हाई 273.15 रुपये है। यह भाव पिछले साल दिसंबर में रहा था।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

