क्या अभी और सस्ता होगा सोना, खरीदने का यह अच्छा मौका या करें इंतजार
संक्षेप: Gold Silver Price Review: भारत में 24 कैरेट सोना 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंचा, लेकिन वहां टिक नहीं पाया। सोने पर दबाव फिलहाल जारी रह सकता है। अब सोने की कीमतें 1,28,271 रुपए के हाई से 7,200 रुपए कम हैं।
Gold Silver Price Review: चीन-अमेरिका के बीच तनाव घटने की उम्मीदों से मंगलवार को सोना-चांदी में आई तेज गिरावट का दौर बुधवार को भी जारी रहा। बुधवार शाम को भारतीय मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी एमसीएक्स में कारोबार शुरू होते ही सोने की कीमतों में भारी गिरावट आई, जिससे यह 5.61% तक गिरकर 1,20,600 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। चांदी भी लुढ़ककर 1,43,900 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर पहुंच गई।

सोने की कीमतें 1,28,271 रुपए के उच्च स्तर से 7,200 रुपए कम हैं। खबर लिखे जाने तक इसमें 7500 रुपए से ज्यादा की कमी दर्ज की गई। वहीं, चांदी भी 5989 रुपए लुढ़ककर 1,43,900 रुपए प्रति किलोग्राम पहुंच गई। इसमें करीब 4 फीसदी की गिरावट दर्ज हुई। मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय बाजारों में 12 साल की रिकॉर्ड गिरावट दर्ज हुई थी।
सतर्क रहें निवेशक
विशेषज्ञों ने इस गिरावट को लेकर निवेशकों को सतर्क रहने की सलाह दी है। उनके मुताबिक अमेरिका-चीन के बीच व्यापार वार्ता, मजबूत डॉलर, और तकनीकी स्तरों का अत्यधिक ऊंचा होना इसका कारण है। निवेशकों की अनिश्चितता, अमेरिकी सरकार के शटडाउन के कारण डेटा की कमी, और भारत में मौसमी मांग खत्म होने से भी सोना-चांदी की कीमतों पर असर पड़ा।
जानकारों ने कहा कि पिछले तीन कारोबारी सत्रों में सोने की कीमतें 4,300 डॉलर प्रति औंस से गिरकर 4,020 डॉलर प्रति औंस तक आ चुकी हैं। भारत में 24 कैरेट सोना 1.31 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के उच्चतम स्तर तक पहुंचा, लेकिन वहां टिक नहीं पाया। सोने पर दबाव फिलहाल जारी रह सकता है।
रिजर्व बैंक का गोल्ड रिजर्व 880 टन के पार
भारतीय रिजर्व बैंक का गोल्ड रिजर्व वित्त वर्ष 2025-26 की पहली छमाही में 880 टन के स्तर को पार कर गया। इस भंडार में केंद्रीय बैंक ने सितंबर के अंतिम सप्ताह में 0.2 टन सोना जोड़ा। आरबीआई के नवीनतम आंकड़ों के अनुसार, 26 सितंबर, 2025 तक सोने का कुल मूल्य 95 अरब डॉलर था।
हाल के महीनों में सुरक्षित निवेश माने जाने वाले सोने की मांग में वृद्धि हुई है। सितंबर में समाप्त छमाही में, रिजर्व बैंक ने 0.6 टन सोना खरीदा। रिजर्व बैंक के नवीनतम बुलेटिन के अनुसार, सितंबर और जून में क्रमशः कुल 0.2 टन और 0.4 टन सोना खरीदा गया। रिजर्व बैंक के पास कुल गोल्ड रिजर्व सितंबर के अंत तक बढ़कर 880.18 टन हो गया, जो वित्त वर्ष 2024-25 के अंत तक 879.58 टन था।
धनतेरस के बाद मांग में कमी आई
धनतेरस के बाद से सोना-चांदी में रिकॉर्ड गिरावट देखी गई। भौतिक बाजार में पिछले पांच दिन में सोना जहां 6796 रुपए सस्ता हुआ है, तो वहीं चांदी में 18,774 रुपए की भारी गिरावट आई है। 17 अक्तूबर को 24 कैरेट सोने का भाव 1,30,874 रुपए प्रति 10 ग्राम था, जो अब 1,23,907 रुपए रह गया। तो वहीं चांदी 1,71,275 रुपए प्रति किलोग्राम थी, जो 22 अक्टूबर को 1,52,501 रुपए रह गई।
भाव में करेक्शन की उम्मीद स्वाभाविक थी
पिछले एक साल के दौरान सोने-चांदी की कीमतों में भारी बढ़ोतरी देखने को मिली है। विशेषज्ञों का मानना है कि यह गिरावट अस्थायी है और लंबी अवधि में रुझान अब भी मजबूत होंगे। हाल के दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में हुआ सुधार केवल मुनाफावसूली का हिस्सा है। सोना और चांदी का लंबी अवधि का आउटलुक सकारात्मक है।





