एक दिन पहले ही पस्त पड़ा शेयर बाजार आज मस्त क्यों हो गया? सेंसेक्स 1000 अंक उछल गया
मुख्य बातें
- एक दिन पहले मंगलवार 23 जून को बीएसई सेंसेक्स 893 अंक टूटकर 76,200 पर बंद हुआ था
- आज सेंसेक्स करीब 1,000 अंक (1.3% से ज्यादा) चढ़कर 77,190 के हाई पर पहुंच गया
- निवेशकों को एक दिन में ₹2 लाख करोड़ का फायदा हुआ
- आइए जानें बाजार में तेजी के 5 कारण…

भारतीय शेयर मार्केट में मंगलवार को भारी बिकवाली के बाज आज बुधवार को जोरदार खरीदारी देखी जा रही है। दोपहर दो बजे तक सेंसेक्स करीब 1,000 अंक (1.3% से ज्यादा) चढ़कर 77,190 के हाई पर पहुंच गया था, जबकि निफ्टी 50 1% से ज्यादा उछलकर 24,090 के दिन के उच्चस्तर पर पहुंच गया। वहीं, निफ्टी मिडकैप 100 और स्मॉलकैप 100 इंडेक्स में करीब आधे प्रतिशत की बढ़त रही।
इस उछाल के कारण बीएसई पर लिस्टेड कंपनियों का कुल मार्केट पिछले सत्र के ₹475 लाख करोड़ से बढ़कर ₹477 लाख करोड़ से अधिक हो गया, जिससे निवेशकों को एक दिन में ₹2 लाख करोड़ का फायदा हुआ। बता दें विदेशी निवेशक (FII) लगातार तीसरे दिन भारतीय शेयरों के खरीदार बने रहे।
बता दें एक दिन पहले मंगलवार 23 जून को बीएसई सेंसेक्स 893 अंक टूटकर 76,200 पर बंद हुआ था। जबकि एनएसई निफ्टी 278 अंक लुढ़ककर 23,824 पर बंद हुआ।
एक दिन पहले गिरावट के बाद आज भारतीय शेयर बाजार क्यों चढ़ रहा है?
1. चुनिंदा भारी-भरकम शेयरों में शॉर्ट कवरिंग: बैंकिंग और वित्तीय क्षेत्रों के कुछ बड़े शेयरों में शॉर्ट कवरिंग (उधारी चुकाने की खरीदारी) के चलते बाजार को सपोर्ट मिला। बैंक निफ्टी, प्राइवेट बैंक, आईटी और वित्तीय सेवाओं के सूचकांकों में कारोबार के दौरान करीब 2% की उछाल आई। आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, इंफोसिस और एसबीआई जैसे शेयरों ने सूचकांकों की इस तेजी में सबसे बड़ा योगदान दिया।
2. RBI गवर्नर का बयान: RBI गवर्नर संजय मल्होत्रा ने कहा कि ब्याज दरें बढ़ाने की बातें "जल्दबाजी" होगी। उन्होंने कहा कि अभी महंगाई फैलने के संकेत नहीं दिख रहे हैं। RBI ने इस महीने ब्याज दरों को स्थिर रखा है।
3. वैश्विक बाजारों से राहत: दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स, जो कल 10% गिरा था, आज करीब 3% चढ़ गया। हांगकांग का हैंग सेंग भी 0.4% चढ़ा। वहीं, पिछले सेशन में 3% की गिरावट के बाद Nasdaq 100 फ्यूचर्स में 0.4% की रिकवरी हुई। S&P 500 कॉन्ट्रैक्ट्स में 0.1% की बढ़त हुई।
4. भारत-अमेरिका व्यापार समझौते की उम्मीद: अमेरिका और भारत एक ऐतिहासिक द्विपक्षीय व्यापार समझौते के बहुत करीब हैं। 24 जुलाई से पहले अंतरिम समझौता तय करने की कोशिशें जारी हैं। दक्षिण और मध्य एशियाई मामलों के ब्यूरो में अमेरिका की उप सहायक सचिव बेथानी पॉलोस मॉरिसन ने कहा कि वाशिंगटन भारत के साथ एक ऐतिहासिक व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के "बहुत, बहुत करीब" है।
5. तेल की कीमतों में गिरावट: अमेरिका ने ईरान के साथ चल रही शांति वार्ताओं के बीच ईरानी कच्चे तेल के निर्यात पर लगे प्रतिबंधों में 60 दिनों की अस्थायी छूट दी है। इस फैसले के चलते कच्चे तेल की कीमतें 4 महीने के निचले स्तर पर आ गईं। ब्रेंट क्रूड 76 डॉलर और WTI 72 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
लेखक के बारे में
Drigraj Madheshiaदृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें


