अमेरिका से जापान तक हाहाकार, फिर भी घरेलू बाजार में क्यों है तेजी का तूफान? ये हैं 3 बड़े कारण

लाइव हिन्दुस्तान
share

मुख्य बातें

  • Stock Market Updates: बीएसई सेंसेक्स 1500 अंक से अधिक उछलकर 74,330 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया
  • वहीं, एनएसई निफ्टी 50 करीब 400 अंक से चढ़कर 23056 के स्तर तक पहुंचा
  • जबकि, दक्षिण कोरिया का कोस्पी 8% तक टूट गया, जबकि ताइवान के शेयर बाजार में लगभग 4% की गिरावट आई
  • अमेरिका का नैस्डैक भी 2% लुढ़क गया

stock market today
Stock Market Today: बीएसई सेंसेक्स 1500 अंक से अधिक उछला।

अमेरिका से जापान तक के शेयर बाजारों में हाहाकार के बावजूद भारतीय शेयर बाजार बमबम बोल रहा है। गुरुवार, 15 अक्टूबर को दलाल स्ट्रीट में जोरदार तेजी देखने को मिली। सेंसेक्स और निफ्टी 50 दोनों में करीब 2 फीसद की बढ़त दर्ज की गई। हालांकि, मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में दबाव बना रहा। बाजार में इस तेजी के पीछे दिग्गज शेयरों में खरीदारी, एआई शेयरों में दुनियाभर में बिकवाली और कंपनियों के दूसरी तिमाही के नतीजों से मिल रहे सकारात्मक संकेत प्रमुख वजह रहे।

कारोबार के दौरान बीएसई सेंसेक्स 1500 अंक से अधिक उछलकर 73330 के इंट्राडे हाई पर पहुंच गया। वहीं, एनएसई निफ्टी 50 करीब 400 अंक से अधििक की छलांग के साथ 23056 के स्तर तक पहुंचा। इसके उलट, बीएसई 150 मिडकैप इंडेक्स और बीएसई 250 स्मॉलकैप इंडेक्स में लगभग 0.50 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई।

शेयर बाजार में तेजी के 3 बड़े कारण

1. दिग्गज शेयरों में जमकर खरीदारी

बाजार में तेजी की सबसे बड़ी वजह ब्लू-चिप यानी बड़ी और मजबूत कंपनियों के शेयरों में खरीदारी रही। निवेशक मौजूदा वैल्यूएशन को अपेक्षाकृत आकर्षक मानते हुए बड़े शेयरों पर दांव लगा रहे हैं। भू-राजनीतिक अनिश्चितताओं के बीच निवेशकों का रुझान मिडकैप और स्मॉलकैप की तुलना में बड़े शेयरों की ओर बढ़ा है।

गुरुवार सुबह करीब 10:50 बजे के करीब भारती एयरटेल, आईसीआईसीआई बैंक, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंफोसिसटेक, एचसीएल और टीसीएस सेंसेक्स की तेजी में प्रमुख योगदान देने वाले शेयरों में शामिल थे।

2. एआई शेयरों में बिकवाली से भारतीय बाजार को मिल सकता है फायदा

ग्लोबल मार्केट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े शेयरों में बिकवाली का दबाव बढ़ने से निवेशकों का रुझान बदलने की संभावना है। गुरुवार को दक्षिण कोरिया का कोस्पी इंडेक्स करीब 8 फीसद तक टूट गया, जबकि ताइवान के शेयर बाजार में लगभग 4 फीसद की गिरावट आई। अमेरिका का नैस्डैक भी 2 प्रतिशत लुढ़क गया।

एआई से जुड़े शेयरों के ऊंचे वैल्यूएशन को लेकर बढ़ती चिंता के कारण एशियाई बाजारों में दबाव देखा गया। इसके बीच भारतीय बाजार में निवेश के वैकल्पिक अवसर तलाशने वाले विदेशी निवेशकों की वापसी की उम्मीद बढ़ सकती है।

पिछले एक साल से भारतीय बाजार का प्रदर्शन कुछ प्रमुख एशियाई बाजारों की तुलना में कमजोर रहा है। इसकी एक वजह एआई और सेमीकंडक्टर से जुड़े शेयरों में भारत की सीमित हिस्सेदारी भी मानी जाती है।

अब अगर एआई शेयरों में तेजी का दौर कमजोर पड़ता है और निवेशक दूसरे बाजारों की ओर रुख करते हैं, तो भारत को इसका फायदा मिल सकता है। हालांकि, विदेशी निवेशकों की वास्तविक खरीदारी पर ही इस संभावना की पुष्टि होगी।

3. दूसरी तिमाही के नतीजों से निवेशकों को मिला भरोसा

कंपनियों के वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही के नतीजों की शुरुआत भी बाजार के लिए पॉजिटिव सिग्नल दे रही है। टीसीएस और एचसीएल टेक जैसी आईटी कंपनियों के नतीजों और कारोबारी संकेतों से निवेशकों को उम्मीद मिली है कि आईटी सेक्टर की स्थिति धीरे-धीरे सुधर सकती है। आईटी शेयरों में खरीदारी का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि निफ्टी आईटी इंडेक्स तीन लगातार कारोबारी सत्रों में, गुरुवार सहित, 9 फीसद से अधिक चढ़ गया।

हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमतें, अमेरिका में बॉन्ड यील्ड का बढ़ा स्तर और विदेशी निवेशकों की बिकवाली अब भी बाजार के लिए जोखिम बने हुए हैं। इसके बावजूद निवेशक चुनिंदा शेयरों में गिरावट पर खरीदारी कर रहे हैं।

निवेशक अब क्या करें?

बाजार में तेजी के बावजूद सभी शेयरों में समान रूप से खरीदारी नहीं दिख रही है। सेंसेक्स और निफ्टी में बढ़त के साथ मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में गिरावट यह संकेत देती है कि फिलहाल निवेशक चुनिंदा बड़े शेयरों पर ज्यादा भरोसा कर रहे हैं।

आगे बाजार की दिशा तय करने में तीन बातें अहम रहेंगी। दूसरी तिमाही के नतीजे, विदेशी निवेशकों का रुख और वैश्विक बाजारों में एआई शेयरों की चाल। कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड यील्ड में बदलाव पर भी निवेशकों की नजर रहेगी।

(डिस्क्लेमर: यह निवेश की सलाह नहीं है। शेयर बाजार जोखिमों के अधीन है। किसी भी निवेश से पहले सूझ-बूझ के साथ फैसला करें या फाइनेंशियल एडवायजर से सलाह ले लें। लाइव हिन्दुस्तान इस आधार पर शेयरों को खरीदने और बेचने की सलाह नहीं देता है।)

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़अमेरिका से जापान तक हाहाकार पर घरेलू बाजार में क्यों है तेजी का तूफान?