चीनी के दाम में रिकॉर्ड तेजी: थोक भाव ₹5,800 तो क्या रिटेल जाएगा ₹65 के पार

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • चीनी के भाव में अचानक से तेजी दिखने लगी है
  • एक्स-फैक्ट्री कीमत ₹5,400 क्विंटल के पार पहुंच गई है तो थोक भाव भी ₹5,800 तक पहुंच गए हैं
  • ऐसे में रक्षाबंधन से लेकर दशहरा-दिवाली तक त्योहारों में चीनी की कीमतें परेशानी का सबब बन सकती हैं
sugar price hike
त्योहारों से पहले चीनी हुई महंगी।

त्योहारों के सीजन के शुरू होने से पहले ही महंगाई की पिच पर चीनी ताबड़तोड़ बैटिंग कर रहा है। अर्धशतक तो पांच दिन पहले ही लगा चुका था। अब और तेजी से बढ़ते हुए थोक भाव ही 58 रुपये किलो पर पहुंच गए हैं। अभी उपभोक्ता फोरम की वेबसाइट पर 18 अगस्त का औसत फुटकर रेट 52 रुपये प्रति किलो से अधिक दिखा रहा है। इसके मुताबिक एक महीने पहले चीनी की कीमत 46 रुपये के आसपास थी।

दूसरी ओर कुशीनगर के किराना व्यवसायी रामकेवल जायसवाल की मानें तो बहुत जल्द चीनी के फुटकर रेट 65 रुपये किलो के पार चले जाएंगे। कुछ जगहों पर तो अभी से 60 से 65 के बीच बिक रही है।

चीनी मंडी के मुताबिक उत्तर प्रदेश में एम-ग्रेड चीनी का एक्स-फैक्ट्री भाव 18 अगस्त को रिकॉर्ड ₹5,400 प्रति क्विंटल पहुंच गया। इस कीमत के ऊपर 5% GST अलग से लागू है। महाराष्ट्र में भी एक्स-फैक्ट्री कीमत करीब ₹5,300 प्रति क्विंटल पहुंच गई है। GST जोड़ने के बाद वहां कीमत ₹5,550-5,600 प्रति क्विंटल तक पहुंच रही है।

दिल्ली से मुजफ्फरपुर तक रिकॉर्ड तेजी

चीनी की बढ़ती कीमतों का असर स्पॉट और थोक बाजार में भी दिखाई दे रहा है। दिल्ली में चीनी का हाजिर भाव करीब ₹5,775 प्रति क्विंटल, जबकि मुजफ्फरनगर में करीब ₹5,754 प्रति क्विंटल बताया गया है। दिल्ली में थोक चीनी की कीमत करीब ₹5,800 प्रति क्विंटल तक पहुंच गई है।

दो महीने में 32% महंगी हुई चीनी: थोक बाजार में चीनी का भाव करीब दो महीने पहले ₹4,400 प्रति क्विंटल था। अब यह लगभग ₹5,800 पहुंच गया है। यानी इस अवधि में कीमत करीब 32% बढ़ गई है।

अचानक चीनी के दाम में क्यों आ गई तेजी

इस तेजी की बड़ी वजह घरेलू बाजार में उपलब्धता को लेकर चिंता है। मौजूदा सीजन में उत्पादन कम रहने के साथ-साथ चीनी के निर्यात और गन्ने से बनने वाले उत्पादों को एथेनॉल उत्पादन की ओर मोड़े जाने से सीजन के अंत में बचा हुआ स्टॉक कई दशकों के निचले स्तर पर पहुंच सकता है।

अनुमानों के मुताबिक, 30 सितंबर 2026 तक भारत का क्लोजिंग शुगर स्टॉक 30-33 लाख टन रह सकता है। अगर ऐसा हुआ तो 2026-27 सीजन के शुरुआती महीनों में ताजा उत्पादन बाजार में पर्याप्त मात्रा में आने तक सप्लाई पर दबाव बना रह सकता है।

खुदरा बाजार में भी बढ़ सकता है भाव

थोक कीमतों में बढ़ोतरी का असर अब खुदरा बाजार पर पड़ने की आशंका है। कुछ बाजारों में चीनी पहले ही ₹58-60 प्रति किलो के स्तर पर बिक रही है। हालांकि, उपभोक्ता मामलों के विभाग के प्राइस मॉनिटरिंग डिवीजन के आंकड़ों के मुताबिक देश में चीनी का औसत दैनिक खुदरा भाव ₹52.30 प्रति किलो है। इससे अलग-अलग बाजारों में वास्तविक कीमत और आधिकारिक औसत के बीच अंतर भी दिखाई देता है।

Drigraj Madheshia

लेखक के बारे में

Drigraj Madheshia

दृगराज मद्धेशिया पिछले 21 वर्षों से पत्रकारिता जगत का एक विश्वसनीय चेहरा हैं। वर्तमान में 'लाइव हिन्दुस्तान' की बिजनेस टीम के एक महत्वपूर्ण सदस्य के रूप में, वे शेयर बाजार, कमोडिटी, पर्सनल फाइनेंस और यूटिलिटी सेक्टर पर अपनी गहरी पकड़ रखते हैं। वह कलम से बाजार की नब्ज टटोलने वाले एक पत्रकार हैं, जो शेयर बाजार से लेकर आपकी जेब (Personal Finance) तक, हर खबर को आसान बनाते हैं। टीवी, प्रिंट और डिजिटल मीडिया के अपने विस्तृत अनुभव के साथ, दृगराज जटिल मार्केट डेटा को आम पाठकों के लिए 'कुछ अलग' और आसान भाषा में पेश करने के लिए पहचाने जाते हैं। उन्होंने अपने करियर में हिन्दुस्तान, सहारा समय, दैनिक जागरण और न्यूज नेशन जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों में अपनी सेवाएं दी हैं। मूलत: उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले दृगराज मैथ्स बैकग्राउंड होने के कारण डेटा और कैलकुलेशन में माहिर हैं, जो बिजनेस पत्रकारिता के लिए एक बड़ा प्लस पॉइंट है। उन्होंने कॅरियर की शुरुआत गोरखपुर से सहारा समय साप्ताहिक से बतौर फ्रीलांसर की और बहुत ही जल्द सहारा समय उत्तर प्रदेश/उत्तराखंड के हिस्सा बन गए। ​इसके बाद छत्तीसगढ़ में वॉच न्यूज से जुड़े। टीवी को छोड़ हिन्दुस्तान अखबार के बरेली एडिशन की लॉन्चिंग टीम का हिस्सा बने। साढ़े सात साल की मैराथन पारी के बाद अगला पड़ाव न्यूज नेशन डिजिटल रहा। इसके बाद एक बार फिर हिन्दुस्तान दिल्ली से जुड़े और अब डिजिटल टीम का हिस्सा हैं। और पढ़ें

बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़अचानक क्यों बढ़े चीनी के दाम? थोक भाव ₹5,800 तो क्या रिटेल जाएगा ₹65 के पार