देश में लिमिट में मिलेगा पेट्रोल-डीजल और LPG? सरकार ने साफ कर दी स्थिति

लाइव हिन्दुस्तान, नई दिल्ली
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • वेस्ट एशिया में जारी तनाव और बढ़ती पेनिक बुकिंग के बीच केंद्र सरकार ने साफ किया है कि भारत में पेट्रोल, डीजल और LPG की कोई कमी नहीं है
  • सरकार के मुताबिक देश के पास पर्याप्त कच्चे तेल और गैस का स्टॉक मौजूद है और फिलहाल, फ्यूल राशनिंग लागू करने की कोई योजना नहीं है
देश में लिमिट में मिलेगा पेट्रोल-डीजल और LPG? सरकार ने साफ कर दी स्थिति

भारत में पिछले कुछ दिनों से पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस को लेकर लोगों के बीच चिंता बढ़ती जा रही थी। पश्चिम एशिया यानी वेस्ट एशिया में जारी तनाव और ईरान-इजरायल संघर्ष के कारण कई लोगों को डर था कि कहीं भारत में भी फ्यूल राशनिंग लागू न हो जाए। सोशल मीडिया पर तरह-तरह की खबरें वायरल होने लगीं कि पेट्रोल पंपों पर लिमिट लग सकती है, गैस सिलेंडर कम मिल सकते हैं और ईंधन की किल्लत हो सकती है। लेकिन, अब केंद्र सरकार ने साफ कर दिया है कि देश में पेट्रोल, डीजल और LPG की कोई कमी नहीं है और फिलहाल राशनिंग लागू करने की कोई योजना नहीं है।

पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय (MoPNG) के अधिकारियों ने कहा कि भारत के पास कच्चे तेल, LNG और LPG का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है। देशभर में कहीं भी फ्यूल ड्राई आउट यानी पूरी तरह खत्म होने जैसी स्थिति नहीं बनी है। सरकार ने यह भी बताया कि वेस्ट एशिया में तनाव के बावजूद भारत लगातार अतिरिक्त आयात कर रहा है, ताकि सप्लाई चेन प्रभावित न हो।

सरकार के मुताबिक पिछले तीन दिनों में 1.40 करोड़ से ज्यादा LPG बुकिंग हुई हैं। इसके अलावा करीब 1.90 लाख छोटे 5 किलो वाले सिलेंडर भी बेचे गए। अधिकारियों का कहना है कि यह सामान्य मांग से ज्यादा है और इसे पेनिक बुकिंग माना जा रहा है, यानी लोग डर के कारण जरूरत से ज्यादा सिलेंडर बुक कर रहे हैं।

दिलचस्प बात यह है कि PNG यानी पाइप गैस कनेक्शन की मांग भी तेजी से बढ़ी है। मार्च से अब तक करीब 7.5 लाख नए PNG कनेक्शन लिए गए हैं और 7 लाख से ज्यादा पुराने कनेक्शन सक्रिय किए गए हैं। इससे साफ है कि लोग भविष्य की अनिश्चितता को देखते हुए वैकल्पिक गैस विकल्पों की ओर भी बढ़ रहे हैं।

सरकार ने साफ शब्दों में कहा है कि फिलहाल फ्यूल राशनिंग को लेकर कोई निर्देश जारी नहीं किए गए हैं। हालांकि, मंत्रालय ने यह जरूर कहा कि कुछ जगहों पर डीजल की भारी डिमांड अचानक रिटेल पेट्रोल पंपों की तरफ शिफ्ट हो रही है, जिस पर नजर रखी जा रही है।

इस बीच शिपिंग मंत्रालय ने भी राहत देने वाली जानकारी साझा की है। मंत्रालय के अनुसार दो LPG कैरियर जहाज सुरक्षित रूप से स्ट्रेट ऑफ हार्मुज (Strait of Hormuz) पार कर चुके हैं और वे 16 मई और 18 मई तक भारत पहुंच जाएंगे। यह वही समुद्री रास्ता है, जिसे दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल मार्गों में गिना जाता है। इसके अलावा 13 भारतीय जहाज अभी भी उस क्षेत्र में मौजूद हैं, जिनमें 12 LPG कैरियर और एक क्रूड ऑयल कैरियर शामिल है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अगर वेस्ट एशिया में तनाव लंबा खिंचता है, तो अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों पर दबाव बना रह सकता है। इसका असर भारत में पेट्रोल, डीजल और गैस की कीमतों पर भी पड़ सकता है। हालांकि, फिलहाल सरकार स्थिति को नियंत्रण में बता रही है और लगातार स्टॉक बढ़ाने पर काम कर रही है।

सरकार ने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें और जरूरत से ज्यादा फ्यूल या गैस की खरीदारी न करें। अधिकारियों का कहना है कि देश में सप्लाई पूरी तरह सामान्य है और आम लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है। फिलहाल, भारत के पास इतना स्टॉक मौजूद है कि आने वाले कई महीनों तक जरूरत पूरी की जा सके।

Sarveshwar Pathak

लेखक के बारे में

Sarveshwar Pathak

सर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।

उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।