20 दिन में ही इस स्टॉक ने दिया 117% का रिटर्न, आखिर और कितना चढ़ेगा? निवेश से पहले जान लें सच
वारी टेक्नोलॉजीज (Waaree Technologies) का शेयर सिर्फ 8 ट्रेडिंग दिनों में 105% उछल गया, जिससे निवेशकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। हालांकि, कंपनी ने साफ किया है कि इस तेजी के पीछे कोई खास वजह नहीं है और यह पूरी तरह मार्केट-ड्रिवन है।

माइक्रोकैप शेयरों में अचानक तेज उछाल अक्सर निवेशकों को हैरान कर देता है और इस बार ऐसा वारी टेक्नोलॉजी (Waaree Technologies) के स्टॉक में देखने को मिला। महज 8 ट्रेडिंग दिनों में कंपनी का शेयर करीब 105% उछल गया, जिससे बाजार में हलचल मच गई। 4 अप्रैल 2026 को जहां शेयर ₹152.95 के आसपास था, वहीं अब यह ₹300 के ऊपर पहुंच चुका है। सिर्फ अप्रैल महीने में ही इसमें 117% तक की तेजी देखी गई है, जो किसी भी माइक्रोकैप कंपनी के लिए असाधारण मानी जाती है।
हालांकि, इस तेज उछाल के पीछे कंपनी ने खुद किसी खास वजह से इनकार किया है। कंपनी का साफ कहना है कि शेयर में यह मूवमेंट पूरी तरह मार्केट-ड्रिवन है और मैनेजमेंट को इसके कारणों की कोई जानकारी नहीं है, यानी कंपनी के फंडामेंटल्स या किसी बड़ी घोषणा का इसमें सीधा हाथ नहीं बताया गया है। कंपनी ने यह भी कहा कि वह SEBI के नियमों के तहत सभी जरूरी खुलासे समय-समय पर करती रही है।
अगर ट्रेडिंग पैटर्न देखें तो सोमवार को यह शेयर 10% के अपर सर्किट पर ₹314.30 पर लॉक था, जहां सिर्फ खरीदारी ही नजर आई। इससे साफ है कि निवेशकों में इस शेयर को लेकर अचानक जबरदस्त दिलचस्पी बढ़ी है। हालांकि, दिलचस्प बात यह भी है कि यह शेयर अपने ऑल-टाइम हाई ₹2,209.40 से अभी भी करीब 86% नीचे है, यानी लंबी अवधि में यह काफी गिर चुका था और अब रिकवरी दिखा रहा है।
कंपनी के बिजनेस की बात करें तो वारी टेक्नोलॉजी (Waaree Technologies) बैटरी मैन्युफैक्चरिंग में काम करती है, जिसमें इंडस्ट्रियल और कंज्यूमर दोनों सेगमेंट शामिल हैं। खासतौर पर कंपनी इलेक्ट्रिक व्हीकल (EV) और एनर्जी स्टोरेज सिस्टम जैसे तेजी से बढ़ते सेक्टर पर फोकस कर रही है। हालांकि, पिछले कुछ समय में कंपनी को ऊंची लागत, कम उत्पादन क्षमता और कमजोर मांग जैसी चुनौतियों का सामना करना पड़ा है।
फिर भी कंपनी ने अपने ऑपरेशन्स सुधारने, लागत घटाने और नई टेक्नोलॉजी अपनाने की दिशा में कदम उठाए हैं। साथ ही लिथियम-आयन बैटरी और बैटरी एनर्जी स्टोरेज सिस्टम (BESS) जैसे नए सेगमेंट में एंट्री लेकर भविष्य की संभावनाओं को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
भारत में EV और रिन्यूएबल एनर्जी सेक्टर को सरकार का मजबूत समर्थन मिल रहा है, जिससे बैटरी इंडस्ट्री के लिए बड़े अवसर बन रहे हैं। ऐसे में कंपनी का मानना है कि आने वाले समय में उसे इन ग्रोथ ट्रेंड्स का फायदा मिल सकता है।
हालांकि, निवेशकों के लिए जरूरी है कि इस तरह की तेजी में सतर्क रहें, क्योंकि जब कंपनी खुद इस तेजी का कारण स्पष्ट नहीं कर पा रही है, तो इसमें जोखिम भी उतना ही ज्यादा हो सकता है। ऐसे माइक्रोकैप शेयरों में निवेश करते समय सिर्फ तेजी नहीं, बल्कि फंडामेंटल्स और लॉन्ग-टर्म पोटेंशियल को भी समझना जरूरी है।
लेखक के बारे में
Sarveshwar Pathakसर्वेश्वर पाठक अक्टूबर 2022 से ‘लाइव हिंदुस्तान’ में सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर के रूप में बिजनेस और ऑटो सेक्शन के लिए
काम कर रहे हैं। सर्वेश्वर बिजनेस और ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री की खबरों, रिव्यू और गहराई से किए गए एनालिसिस के लिए जाने जाते
हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 7 साल से अधिक का अनुभव है, जिसमें उन्होंने अपनी मजबूत पकड़ और समझ के जरिए एक अलग
पहचान बनाई है। उन्होंने देव संस्कृति विश्वविद्यालय, हरिद्वार से पत्रकारिता में मास्टर डिग्री हासिल की और वर्ष 2019 में
ईटीवी भारत के साथ अपने करियर की शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने दैनिक जागरण और एडिटरजी जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में
भी काम किया, जहां उन्होंने अपनी लेखन शैली और विश्लेषण क्षमता को और निखारा।
उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर से आने वाले सर्वेश्वर केवल एक पत्रकार ही नहीं, बल्कि सामाजिक कार्यों में भी सक्रिय भागीदारी
निभाते हैं। उन्हें बाल शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण और जागरूकता से जुड़े अभियानों में विशेष रुचि है। अपने विश्वविद्यालय के
दिनों में उन्होंने महाराष्ट्र के गोंदिया में दो महीने से अधिक समय तक सोशल वेलफेयर से जुड़े कार्य किए, जहां उन्होंने कई
स्कूलों और विश्वविद्यालयों के छात्रों को उच्च शिक्षा के प्रति प्रेरित किया। लेखन के अलावा सर्वेश्वर को बचपन से ही
क्रिकेट खेलने और डांस का शौक है, जो उनके व्यक्तित्व को संतुलित और ऊर्जावान बनाता है। उनका उद्देश्य सिर्फ खबरें लिखना ही
नहीं, बल्कि लोगों को जागरूक और प्रेरित करना भी है।


