
एनर्जी कंपनी के सुस्त शेयर पर ब्रोकरेज फिदा, सोलर मॉड्यूल के मिले हैं बड़े ऑर्डर
शेयर को लेकर ब्रोकरेज यस सिक्योरिटीज और नोमुरा इंडिया बुलिश हैं। इन दोनों ब्रोकरेज ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस तय किया है। यह टारगेट प्राइस ऐसे समय में निर्धारित किया गया है जब कंपनी ने घरेलू बाजार में कुल 570 मेगावाट के तीन नए सोलर मॉड्यूल आपूर्ति ऑर्डर मिलने की घोषणा की है।
रिन्यूएबल एनर्जी कंपनी-वारी एनर्जीज के शेयर शुक्रवार को सुस्त रफ्तार से ट्रेड करते नजर आए। हालांकि, इस शेयर को लेकर ब्रोकरेज यस सिक्योरिटीज और नोमुरा इंडिया बुलिश हैं। इन दोनों ब्रोकरेज ने शेयर के लिए टारगेट प्राइस तय किया है। यह टारगेट प्राइस ऐसे समय में निर्धारित किया गया है जब कंपनी ने घरेलू बाजार में कुल 570 मेगावाट के तीन नए सोलर मॉड्यूल आपूर्ति ऑर्डर मिलने की घोषणा की है।

क्या है ऑर्डर की डिटेल?
वारी एनर्जीज ने शेयर बाजार को दी एक सूचना में कहा कि उसकी सब्सिडयरी वारी सोलर अमेरिका ने सौर एवं ऊर्जा भंडारण परियोजनाओं के एक डेवलपर और मालिक-संचालक से अमेरिका में 122 मेगावाट का सौर मॉड्यूल आपूर्ति ऑर्डर भी हासिल किया है। नियामकीय सूचना के मुताबिक, वारी एनर्जीज को भारत में नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाओं के स्वामित्व, विकास और संचालन के व्यवसाय में लगे स्थापित ग्राहकों से 220 मेगावाट, 210 मेगावाट और 140 मेगावाट सौर मॉड्यूल की आपूर्ति के ऑर्डर मिले हैं। इन ऑर्डर को वित्त वर्ष 2025-26 और वित्तवर्ष 2026-27 में निष्पादित किया जाना है।
ब्रोकरेज का क्या कहना है?
नोमुरा के मुताबिक वारी एनर्जीज ने सितंबर तिमाही में अनुमानों से बेहतर प्रदर्शन किया है। राजस्व और एबिटा में साल-दर-साल क्रमशः 70 प्रतिशत और 168 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। एबिटा मार्जिन साल-दर-साल 850 आधार अंक (बीपीएस) बढ़कर 23.2 प्रतिशत हो गया। नोमुरा ने बताया कि प्रबंधन को भारत और अमेरिका दोनों में निरंतर मांग की उम्मीद है। नोमुरा ने वारी एनर्जीज के शेयर अपनी 'खरीदें' रेटिंग बरकरार रखी और टारगेट प्राइस बढ़ाकर 3,890 रुपये कर दिया। इसके अलावा, यस सिक्योरिटीज ने शेयर के लिए 4,610 रुपये का टारगेट प्राइस सुझाया है। बता दें कि वारी एनर्जीज के शेयर की वर्तमान कीमत 3528.05 रुपये है।
कैसे रहे तिमाही नतीजे
चालू वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में वारी एनर्जीज का प्रॉफिट दोगुने से अधिक होकर 871.21 करोड़ रुपये रहा। पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में कंपनी ने 375.66 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया था। जुलाई-सितंबर 2025 तिमाही में उसकी कुल आय बढ़कर 6,226.54 करोड़ रुपये हो गई, जबकि पिछले साल की समान अवधि में यह 3,663.47 करोड़ रुपये थी। इस दौरान कंपनी का खर्च भी बढ़कर 4,995.08 करोड़ रुपये रहा, जो एक साल पहले की समान तिमाही में 3,164.63 करोड़ रुपये था। कंपनी के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए प्रति शेयर दो रुपये का अंतरिम डिविडेंड देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। लाभांश के लिए रिकॉर्ड तिथि 24 अक्तूबर तय की गई थी और भुगतान छह नवंबर, 2025 को किया जाएगा।





