6 साल में पहली बार वोडा-आइडिया को मुनाफा, अब ₹13 वाले शेयर पर रहेगी नजर
मार्च तिमाही में वोडाफोन-आइडिया का मुनाफा 51,970 करोड़ रुपये रहा। यह लगभग छह वर्षों में कंपनी का पहला मुनाफा है। इस टेलीकॉम कंपनी के शेयर की कीमत बीएसई इंडेक्स पर 12.96 रुपये है।

Vodafone idea result: संकट से जूझ रही टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन-आइडिया ने वित्त वर्ष 2025-26 की जनवरी-मार्च तिमाही के नतीजे जारी कर दिए हैं। इस तिमाही में कंपनी का मुनाफा 51,970 करोड़ रुपये रहा। यह लगभग छह वर्षों में कंपनी का पहला मुनाफा है। वोडाफोन आइडिया को वित्त वर्ष 2024-25 की समान तिमाही में 7,167 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। अब सोमवार को वोडाफोन आइडिया के शेयर में हलचल की उम्मीद है। बता दें कि इस टेलीकॉम कंपनी के शेयर की कीमत बीएसई इंडेक्स पर 12.96 रुपये है। बीते शुक्रवार को शेयर 13.34 रुपये के स्तर तक गया था। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई है।
मुनाफे की क्या है वजह?
वोडाफोन-आइडिया ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि यह मुनाफा मुख्य रूप से देनदारियों में राहत के कारण हुआ है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि दूरसंचार विभाग (डीओटी) ने 27 जनवरी को पुष्टि की थी कि 31 दिसंबर 2025 तक वोडाफोन आइडिया पर एडजस्ट ग्रॉस रेवेन्यू (एजीआर) से जुड़ा बकाया 87,695 करोड़ रुपये है। इसके बाद डीओटी ने 30 अप्रैल को कंपनी को बताया कि पुनर्मूल्यांकन के लिए गठित समिति ने 2006-07 से 2018-19 की अवधि के लिए 31 दिसंबर, 2025 तक एजीआर बकाया 64,046 करोड़ रुपये तय किया है।
कंपनी ने कहा कि इसके बाद 80,502 करोड़ रुपये की वित्तीय देनदारी को हटाकर 24,880 करोड़ रुपये की संशोधित देनदारी दर्ज की गई। यह राशि भविष्य के भुगतानों का वर्तमान मूल्य है। तिमाही में कंपनी की परिचालन आय करीब तीन प्रतिशत बढ़कर 11,332 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 11,229 करोड़ रुपये थी। एजीआर देनदारी में कमी के कारण कंपनी पूरे वित्त वर्ष 2025-26 में भी मुनाफे में रही।
कंपनी ने पूरे वित्त वर्ष में 34,552 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया जबकि वित्त वर्ष 2024-25 में उसे 27,384 करोड़ रुपये का घाटा हुआ था। वित्त वर्ष 2025-26 में कंपनी की वार्षिक परिचालन आय तीन प्रतिशत बढ़कर 44,782 करोड़ रुपये हो गई, जो 2024-25 की समान तिमाही में 43,454 करोड़ रुपये थी।
कुमार मंगलम बिड़ला को मिली नई जिम्मेदारी
हाल ही में वोडाफोन आइडिया ने बताया कि आदित्य बिड़ला समूह के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला को कंपनी का नया गैर-कार्यकारी चेयरमैन नियुक्त किया गया है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह रविंदर टक्कर का स्थान लेंगे। टक्कर ने पद से इस्तीफा दे दिया है लेकिन अब वे गैर-कार्यकारी वाइस चेयरमैन के रूप में कुमार मंगलम बिड़ला को सहयोग देते रहेंगे। इसके साथ ही निदेशक मंडल ने रविंदर टक्कर को गैर-कार्यकारी वाइस चेयरमैन के रूप में नियुक्त करने को भी मंजूरी दी है, जो उसी तिथि से प्रभावी हो गया है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

