पॉजिटिव खबरों के बीच तूफान बना ₹15 वाला शेयर, 52 हफ्ते का बेस्ट परफॉर्मर

लाइव हिन्दुस्तान
Follow us on Google News
share

मुख्य बातें

  • इंट्रा-डे के दौरान टेलीकॉम कंपनी- वोडाफोन आइडिया के शेयर करीब 4 पर्सेंट उछाल के साथ 15.65 रुपये तक जा पहुंचे
  • यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है

stock
वोडाफोन आइडिया को लेकर है बड़ा अपडेट

Vodafone idea share: बाजार में बिकवाली वाले माहौल के बीच सोमवार को टेलीकॉम कंपनी- वोडाफोन आइडिया के शेयर को खरीदने की लूट मच गई। इंट्रा-डे के दौरान यह शेयर करीब 4 पर्सेंट उछाल के साथ 15.65 रुपये तक जा पहुंचा। यह शेयर के 52 हफ्ते का हाई भी है। बता दें कि पिछले कुछ दिनों से कंपनी को लेकर कई पॉजिटिव खबरें आई हैं।

सुप्रीम कोर्ट से राहत

इस बीच, सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को केंद्र सरकार की उस चुनौती को खारिज कर दिया, जिसमें बॉम्बे हाईकोर्ट के एक आदेश को चुनौती दी गई थी। बॉम्बे हाईकोर्ट ने वोडाफोन आइडिया की पुरानी कंपनी, वोडाफोन मोबाइल सर्विसेज लिमिटेड (VMSL) के खिलाफ ₹363 करोड़ की GST मांग को रद्द कर दिया था। कोर्ट ने इस बात को सही ठहराया कि मर्जर (विलय) के बाद अस्तित्व में न रहने वाली कंपनी के खिलाफ टैक्स की कार्यवाही जारी नहीं रखी जा सकती।

जस्टिस जे.बी. पारदीवाला और के. विनोद चंद्रन की बेंच ने टैक्स विभाग की दलील को खारिज करते हुए कहा कि यह मामला पहले ही सुप्रीम कोर्ट के 2019 के मारुति सुजुकी मामले के फैसले के दायरे में आता है, जिसमें मर्जर के बाद कंपनी के खिलाफ टैक्स कार्यवाही से जुड़े मुद्दे पर फैसला दिया गया था।

कंपनी का बिजनेस अपडेट

कर्ज में फंसी वोडाफोन आइडिया ने अपनी नई ब्रांड पहचान के अभियान के लिए बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान को अपने साथ जोड़ा है। कंपनी ने अपनी नई ब्रांड पहचान के तहत कंपनी के 'लोगो' में बदलाव किया है। वोडाफोन आइडिया ने कहा, ''कंपनी ने अपने आने वाले अभियान 'वीआई बदल रहा है, तैयार रहिए' के ​​लिए शाहरुख खान को चेहरा भी बनाया है।'' वोडाफोन आइडिया ने कहा कि शाहरुख खान का कंपनी से जुड़ना उसके नए चरण में लाई जा रही ऊर्जा, महत्वाकांक्षा और आशावाद का प्रतीक है।

कंपनी की वित्तीय स्थिति मजबूत

बीते दिनों वोडाफोन आइडिया के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा कि समायोजित सकल राजस्व (एजीआर) के पुनर्मूल्यांकन से कंपनी की वित्तीय स्थिति काफी मजबूत हुई है और भविष्य में किए जाने वाले भुगतान को लेकर स्पष्टता बढ़ी है। बिड़ला ने कंपनी की 31वीं सालाना आम बैठक में कहा कि चालू वित्त वर्ष वोडाफोन आइडिया के लिए काम को अमल में लाने और उसे पूरा करने का साल होगा। कंपनी पहले ही 9,000 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय के ऑर्डर दे चुकी है।

बता दें कि वोडाफोन और आइडिया के विलय के बाद संयुक्त कंपनी ने वित्त वर्ष 2026-27 की जून तिमाही में पहली बार नए ग्राहक जोड़े हैं। अप्रैल-जून 2026 की तिमाही में लंबे अंतराल के बाद वोडाफोन आइडिया के ग्राहकों की संख्या तिमाही आधार पर बढ़ी। हालांकि, सालाना आधार पर जून तिमाही में कंपनी के ग्राहकों की संख्या करीब दो प्रतिशत घटकर 19.31 करोड़ रह गई, जो एक साल पहले 19.77 करोड़ थी।

शेयर का परफॉर्मेंस

एक महीने में वोडाफोन आइडिया के शेयरों में 21% से ज्यादा की बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा, इस स्टॉक ने छह महीनों में 54% और एक साल में 114% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है। इस स्टॉक ने पिछले तीन साल में 48% और पिछले पांच साल में 87% का फायदा दिया है।

Deepak Kumar

लेखक के बारे में

Deepak Kumar

हिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।

और पढ़ें
बिजनेस न्यूज, आज के पेट्रोल और डीजल के दाम, शेयर बाजार की ताज़ा खबरें, आईटीआर न्यूज से जुड़ी जरूरी जानकारी पढ़ने के लिए Live Hindustan App अभी डाउनलोड करें।
Hindi Newsबिज़नेस न्यूज़पॉजिटिव खबरों के बीच तूफान बना ₹15 वाला शेयर, 52 हफ्ते का बेस्ट परफॉर्मर