बिड़ला के एक बयान से तूफान बना 14 रुपये वाला शेयर, अभी 20% उछाल का है अनुमान
मुख्य बातें
- शुक्रवार को वोडाफोन आइडिया के शेयर 6% से ज्यादा बढ़कर ₹14.98 पर पहुंच गए
- बता दें कि कंपनी के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने इस साल की शुरुआत में पद संभालने के बाद अपनी पहली EGM में वोडाफोन आइडिया के अच्छे दिन लौटने के संकेत दिए हैं

Vodafone idea share: टेलीकॉम सेक्टर की कंपनी- वोडाफोन आइडिया के अच्छे दिन लौटने के संकेत मिल रहे हैं। ये संकेत मिलते ही कंपनी के शेयर में शुक्रवार को तूफानी तेजी देखी गई। सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन यानी शुक्रवार को वोडाफोन आइडिया के शेयर 6% से ज्यादा बढ़कर ₹14.98 पर पहुंच गए। इसी के साथ शेयर अब अपने 52 हफ्ते के हाई 15.26 रुपये के करीब पहुंच गया है। ब्रोकरेज सिटी का अनुमान है कि शेयर में करीब 20 पर्सेंट का उछाल आएगा। शेयर के 52 हफ्ते के लो की बात करें तो 6.12 रुपये पर है। शेयर का यह भाव अगस्त 2025 में था।
टेलीकॉम कंपनी के शेयरधारकों ने गुरुवार को एक खास आम बैठक (EGM) में वारंट के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट के जरिए आदित्य बिड़ला ग्रुप के 4,730 करोड़ रुपये निवेश को मंजूरी दी। इस डील से कंपनी में ग्रुप की हिस्सेदारी 9.6% से बढ़कर लगभग 13% हो जाएगी। कंपनी के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने इस साल की शुरुआत में पद संभालने के बाद अपनी पहली EGM में वोडाफोन आइडिया के अच्छे दिन लौटने के संकेत दिए हैं।
कंपनी के लौट रहे अच्छे दिन?
वोडाफोन आइडिया की एक्स्ट्राऑर्डिनरी जनरल मीटिंग (EGM) में आदित्य बिड़ला ग्रुप के चेयरमैन कुमार मंगलम बिड़ला ने कंपनी को लेकर एक अहम बयान दिया था। बिड़ला ने कहा, "कंपनी ने हिम्मत और मजबूती से मुश्किल समय का सामना किया और अब पूरा ध्यान काम को पूरा करनेपर है। अब हमारा पूरा ध्यान काम को पूरा करने पर है।"
उन्होंने आगे कहा कि ऑपरेशन्स, कस्टमर सर्विस और नेटवर्क विस्तार के मामले में कंपनी अनुशासन और मकसद के साथ अपनी प्राथमिकताओं पर काम कर रही है। नेटवर्क इंफ्रास्ट्रक्चर और रोलआउट में लगातार निवेश के फायदे अब साफ तौर पर दिख रहे हैं, जिससे बेहतर ऑपरेशनल परफॉर्मेंस और ग्राहकों को बेहतर अनुभव मिल रहा है। कंपनी ने कहा कि नई पूंजी यानी 4,730 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कैपिटल एक्सपेंडिचर और लोन चुकाने के लिए किया जाएगा।
बता दें कि मई में वोडाफोन आइडिया के बोर्ड ने आदित्य बिड़ला ग्रुप की सिंगापुर स्थित कंपनी 'सूर्याजा इन्वेस्टमेंट्स' को कन्वर्टिबल वारंट के प्रेफरेंशियल अलॉटमेंट को मंजूरी दी। इससे कंपनी के प्रमोटरों की तरफ से नया निवेश आया है। पूरी तरह कन्वर्ट होने पर सूर्याजा इन्वेस्टमेंट्स की टेलीकॉम कंपनी में 3.82% तक हिस्सेदारी हो जाएगी। अरबपति उद्योगपति कुमार मंगलम बिड़ला मई में वोडाफोन आइडिया के नॉन-एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के तौर पर वापस लौटे। उन्होंने लगभग पांच साल पहले वित्तीय संकट के बीच इसी पद से इस्तीफ दिया था।
ब्रोकरेज ने क्या कहा?
हाल ही में ब्रोकरेज सिटी (Citi) ने इस स्टॉक पर अपनी 'हाई रिस्क' रेटिंग हटा दी है और इसका टारगेट प्राइस बढ़ाकर 17 रुपये कर दिया है। इसका मतलब है कि शेयर में लगभग 20% की बढ़ोतरी की संभावना है।
लेखक के बारे में
Deepak Kumarहिन्दुस्तान डिजिटल में करीब 5 साल से कार्यरत दीपक कुमार यहां बिजनेस की खबरें लिखते हैं। दीपक को स्टॉक मार्केट, पर्सनल फाइनेंस के अलावा बिजनेस से जुड़े तमाम विषयों की गहरी समझ है। वह जटिल आर्थिक और कारोबारी मुद्दों को सरल, संतुलित और आम बोलचाल की भाषा में पाठकों तक पहुंचाना बखूबी जानते हैं। उनकी बिजनेस सेक्शन के अलावा एंटरटेनमेंट, स्पोर्ट्स और पॉलिटिक्स से जुड़ी खबरों पर भी मजबूत पकड़ है। दीपक को उनके बेहतरीन काम के लिए विभिन्न स्तरों पर सम्मानित भी किया जा चुका है। मूल रूप से बिहार के सीवान जिले से ताल्लुक रखने वाले दीपक के पास पत्रकारिता का करीब 13 साल का अनुभव है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत अमर उजाला से की। इसके बाद दैनिक भास्कर, आजतक और इंडियन एक्सप्रेस ग्रुप जैसे प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में भी काम किया। इसका अगला पड़ाव हिन्दुस्तान डिजिटल था, जहां वह वर्तमान में असिस्टेंट न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। दीपक ने दिल्ली यूनिवर्सिटी से मास कम्युनिकेशन में ग्रेजुएशन की पढ़ाई की जबकि हिमाचल प्रदेश सेंट्रल यूनिवर्सिटी से पोस्ट ग्रेजुएट हुए हैं। जहां एक तरफ वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं तो वहीं नई तकनीकों से खुद को अपडेट रखते हैं। खाली समय में फिल्में देखना, खाना बनाना और क्रिकेट खेलना पसंद है।
और पढ़ें

